Why Do You Cough After Eating : कई लोगों को खाना खाते समय या खाना खाने के तुरंत बाद खांसी आने लगती है। अक्सर लोग इस खांसी के पीछे की वजह मसालों या खाने को जल्दबाजी में खाने की आदत को मानते हैं। अक्सर इस स्थिति को आम समझ कर नजरअंदाज कर दिया जाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि खाना खाने के बाद या दौरान खांसी आने के पीछे कई स्वास्थ्य संबंधी कारण होते हैं। ऐसे में आइए डॉ. हर्ष कपूर, अध्यक्ष - मेट्रो इंस्टीट्यूट ऑफ गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, हेपेटोलॉजी, मेट्रो हॉस्पिटल, नोएडा (Dr. Harsh Kapoor, Chairman - Metro Institute of Gastroenterology, Hepatology, Metro Hospital, Noida) से जानते हैं कि व्यक्ति को खाना खाने के दौरान या बाद में खांसी क्यों आती है और हम यह भी जानेंगे कि इस स्थिति से बचने के लिए क्या किया जा सकता है?
खाना खाने के बाद खांसी क्यों आती है?- Why Does Cough Come After Eating Food
डॉ. हर्ष कपूर के मुताबिक, एस्पिरेशन या माइक्रो एस्पिरेशन की प्रक्रिया के कारण व्यक्ति को खाना खाने के दौरान या बाद में खांसी की समस्या हो सकती है। बता दें कि एस्पिरेशन की स्थिति में व्यक्ति की सांस के साथ कोई खाने या पीने की चीज वायु मार्ग में चली जाती है। इस स्थिति में लंग्स इरिटेट हो सकते हैं, जिससे खाने के दौरान या बाद में खांसी आ सकती है। इसके अलावा, खाने के तुरंत बाद लेटने से भी भोजन के कुछ कण लंग्स में जा सकते हैं, जिससे लंग्स चोक (Lungs Choke) हो सकते हैं और खांसी आने लगती है। खाने के दौरान या बाद में खांसी आने के अन्य कारणों में ये समस्याएं भी शामिल हैं:
- फूड एलर्जी
- अस्थमा
- डिस्फेजिया (निगलने में कठिनाई)
- एसिड रिफ्लक्स (जीईआरडी या एलपीआर)
- एस्पिरेशन निमोनिया
- इंफेक्शन
इन स्वास्थ्य समस्याओं की वजह से भी व्यक्ति को खांसी आने की समस्या हो सकती है।
इसे भी पढ़ें- क्या अंगूर खाने से खांसी हो सकती है? जानें एक्सपर्ट से
खाना खाने के बाद खांसी से बचने के लिए सुझाव- Tips to Avoid Coughing After Eating Food
- अगर आप खाने के बाद आने वाली खांसी से बचना चाहते हैं, तो खाना को धीरे-धीरे खा सकते हैं। आपको खाने में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए।
- खाने को कम से कम 32 बार चबाने के लिए कहा जाता है। हालांकि, यह रोजमर्रा की जिंदगी में कर पाना मुश्किल है। ऐसे में व्यक्ति को खाने को अच्छी तरह चबाना चाहिए।
- व्यक्ति को बहुत ज्यादा गर्म या ठंडा खाना खाने से बचना चाहिए। इससे भी खांसी की समस्या हो सकती है। आपको सामान्य तापमान का खाना खाना चाहिए।
- मसालेदार या तीखा खाना नहीं खाना चाहिए। इससे भी खांसी की समस्या हो सकती है।
- खाने के तुरंत बाद आपको लेटने की भूल नहीं करनी चाहिए। इसे खांसी की समस्या हो सकती है।
- इसके अलावा, खाने के बाद धूम्रपान करने से भी खांसी की समस्या हो सकती है। ऐसे में आपको धूम्रपान की बुरी आदत से बचना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- गर्भावस्था में जोर से खांसना हो सकता है खतरनाक? डॉक्टर से जानें इसके नुकसान
कुल मिलाकर, खाने के दौरान और बाद में खांसी आने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। इनसे बचाव के लिए आप ऊपर बताई टिप्स को फॉलो कर सकते हैं। इससे खांसी की समस्या से बचा जा सकता है। साथ ही, शरीर को कई अन्य फायदे भी हो सकते हैं।