What illness can cause hand tremors: शरीर में कोई भी गड़बड़ी होने या बीमारी पनपने पर लक्षण नजर आने लगते हैं। लेकिन कई समस्याएं ऐसी होती हैं जिनके लक्षणों को हमें पता नहीं चल पाता है। ये लक्षण हमारी डेली लाइफस्टाइल का हिस्सा बन जाते हैं जिन पर अक्सर हमारा ध्यान नहीं जा पाता है। ऐसी ही एक समस्या है हाथ कांपना। कभी-कभार हाथ कांपना नॉर्मल होता है, लेकिन अगर किसी को यह समस्या अक्सर रहती है तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। अधिकतर मामलों में बढ़ती उम्र, बुखार या कमजोरी होने के कारण यह समस्या होती है। लेकिन रोजाना इसे महसूस करना नॉर्मल नहीं होता है। ऐसे में यह शरीर में पनप रही बीमारियों का संकेत भी हो सकती है। इस समस्या के लिए कौन-से कारण जिम्मेदार होते हैं। इस बारे में जानने के लिए हमने मणिपाल हॉस्पिटल (ढाकुरिया) के कंसल्टेंट इंटरवेंशनल न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. बिस्वजीत पॉल से बात की। आइए लेख में एक्सपर्ट से जानें इसके कारण।
क्यों गंभीर है यह समस्या?
हाथ कांपना एक ऐसी कंडीशन है, जिसमें हाथों का कांपना बंद नहीं होता है। ऐसे में आराम करते समय, किसी चीज को पकड़ते समय या लिखते और कुछ पीते समय भी हाथ कांपने लगते हैं। ज्यादातर मामलों में यह समस्या खतरनाक नहीं होती है। लेकिन लंबे समय तक समस्या बने रहे पर मेडिकल जांच कराना बेहद जरूरी है। अगर यह समस्या आपकी रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करती है। साथ ही, इसके कारण आपको कमजोरी, सुस्ती और बोलने में परेशानी होती है तो इसे बिलकुल नॉर्मल न समझें। ऐसे में डॉक्टर से तुंरत संपर्क करना चाहिए जिससे समस्या का समय पर पता लगाया जा सके। अगर परिवार में किसी को न्यूरोलॉजिकल हेल्थ से जुड़ी कोई समस्या रही है, तो भी जांच कराना जरूरी है।
इसे भी पढ़ें- ज्यादा स्ट्रेस आपको बना सकता है पार्किंसंस रोग का शिकार, लगातार हाथ-पैर कांपना है इस बीमारी का संकेत
हाथ कांपने की समस्या किन बीमारियों से जुड़ी होती है? Which Diseases Are Associated With Hand Tremors
स्ट्रेस या एंग्जायटी
स्ट्रेस या एंग्जायटी की समस्या में कई लोगों के हाथ-पैर कांपने लगते हैं। इमोशनल टेंशन के कारण कुछ समय के लिए यह स्थिति हो सकती है।
कैफीन ज्यादा लेना
अधिक मात्रा में कैफीन लेने से भी हाथ कांपने की समस्या हो सकती है। अगर आप ज्यादा चाय, कॉफी या एनर्जी ड्रिंक लेते हैं, तो इस कारण यह समस्या ट्रिगर हो सकती है।
थकावट ज्यादा होना
अधूरी नींद के कारण शरीर में एनर्जी की कमी हो सकती है। इस कारण यह समस्या हो सकती है। थकावट ज्यादा होने के कारण मांसपेशियां सुस्त पड़ जाती है। ऐसे में नसे कमजोर पड़ने लगती है और हाथ कांपने लगते हैं।
इसे भी पढ़ें- हाथ-पैर या शरीर का कांपना है खतरनाक संकेत, इन 7 कारणों से हो सकती है कंपकंपी की समस्या
बढ़ती उम्र
बढ़ती उम्र के साथ यह समस्या होना बेहद आम बात है। उम्र बढ़ने के कारण शरीर में प्राकृतिक रूप से यह समस्या हो सकती है। इस कारण कुछ लोगों के हाथ-पैर कांपते हैं।
मेडिकल कंडीशन
कुछ मेडिकल कंडीशन के कारण भी हाथ कांपने की समस्या हो सकती है। अगर व्यक्ति को ओवरएक्टिव थायराइड, लो ब्लड शुगर, पार्किंसन और कई तरह की ब्रेन कंडीशन रहती है, तो उसे यह समस्या हो सकती है। ऐसे में डॉक्टर से इलाज कराना जरूरी होता है।
ऐल्कोहॉल के कारण
जिन लोगों को ऐल्कोहॉल ज्यादा पीने की आदत होती है, उनमें यह समस्या देखी जाती है। ज्यादा शराब पीने, स्मोक करने से यह समस्या हो सकती है। लेकिन जैसे-जैसे आदत कंट्रोल होती है, समस्या भी ठीक होने लगती है।
हाथ कांपने की समस्या से बचने के लिए टिप्स
- कैफीन की आदत कम करें और एनर्जी ड्रिंक्स का सेवन भी कम से कम करें
- नसों को आराम देने के लिए रोजाना 7-8 घंटे की नींद जरूर ले। इससे एनर्जी लेवल मेंटेन रहेगा और आपको थकावट नहीं होगी।
- मांसपेशियों को मजबूत बनाने के लिए नियमित व्यायाम करें। इससे नर्व और न्यूरोलॉजिकल हेल्थ को फायदा मिलेगा।
- गहरी सांस लेने, ध्यान या योग से तनाव को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। हाइड्रेटेड रहें और बैलेंस्ड डाइट फॉलो करें।
- अत्यधिक शराब और धूम्रपान का सेवन न करें, क्योंकि इनके कारण समस्या ट्रिगर हो सकती है।
- अगर आपको यह समस्या लगातार बनी हुई है ,समस्या बिगड़ रही है या कमजोरी और अन्य लक्षण भी नजर आते हैं, तो बिना देरी किये डॉक्टर से संपर्क करें।