When To Stop Consuming Grapes In Hindi: अंगूर बहुत ही स्वादिष्ट और स्वस्थवर्धक फल है। इसे हर कोई बहुत ही चाव से खाता है। अंगूर में ब्लड प्रेशर को कम करने, कोलेस्ट्रॉल के स्तर को घटाने जैसे कई उपयोगी गुण होते हैं। हेल्थलाइन वेबसाइट के अनुसार, "अंगूर एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है। यह फ्री रेडिकल से होने वाले नुकसान को कंट्रोल करने में मदद करता है और यह कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों के रिस्क को कम करने में भी अहम भूमिका निभाता है।" अंगूर के तमाम फायदों के बावजूद कुछ ऐसी स्थितियां होती हैं, जब अंगूर का सेवन नहीं किया जाना चाहिए। आइए, शारदा अस्पताल के Oral medicine and Radiology में Head of Department डॉ. हेमंत साहनी से जानते हैं इसके बारे में।
पेट में दर्द होने पर न खाएं अंगूर- Stomach Ache
आपने अक्सर सुना होगा कि बहुत ज्यादा अंगूर खाने की वजह से पेट में दर्द हो सकता है। इसी तरह, अगर किसी को पहले से ही पेट में दर्द है, तो अंगूर के सेवन से बचना चाहिए। पेट में दर्द होने की कई वजहें हो सकती हैं, जैसे फूड एलर्जी, फूड पाइजनिंग आदि। ऐसी स्थिति में अंगूर से दूर रहना सही होता है।
इसे भी पढ़ें: अंगूर कब खाना चाहिए और कब नहीं? जानें एक दिन में कितने अंगूर खा सकते हैं
डायरिया होने पर अंगूर से बचें- Diarrhea
डायरिया यानी उल्टी और दस्त साथ होना। अगर किसी को फूड पाइजनिंग की वजह से उल्टी और दस्त एक साथ हो रहे हैं, तो अंगूर का सेवन नहीं करना चाहिए। अंगूर की वजह से आपकी स्थिति बिगड़ सकती है। डायरिया होने पर लाइट फूड, जैसे खिचड़ी और दलिया खाया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें: सेहत के लिए इन 6 तरीकों से नुकसानदायक हो सकता है अंगूर का सेवन
अंगूर से एलर्जी हो तो न खाएं- Allergy
कुछ लोगों को अंगूर से एलर्जी होती है। हालांकि, कई बार लोगों को इसका पता नहीं चलता। आपको अंगूर से एलर्जी है या नहीं, यह जानने के लिए अपने लक्षणों पर गौर करें। अगर आपको अंगूर खाते ही पेट में दर्द या उल्टी होने लगे और ऐसा बार-बार हो, तो समझ जाएं कि आपको अंगूर से एलर्जी है। इस स्थिति में भी आपको अंगूर के से सेवन से बचना चाहिए।
प्रेग्नेंसी के दौरान न खाएं अंगूर- Pregnancy
यूं तो प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं को सभी हेल्दी फल और सब्जियों का सेवन किया जाना चाहिए। लेकिन, तमाम स्वास्थ्य विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि प्रेग्नेंसी के दौरान अंगूर का सेवन खतरनाक हो सकता है। खासकर, प्रेग्नेंसी की पहली तिमाही में इसका सेवन करना सही नहीं है। अंगूर के छिलकों में रेस्वेराट्रॉल नामक कंपाउंड होता है। विशेषज्ञों के अनुसार, रेस्वेराट्रॉल एक पोषक तत्व होता है, लेकिन गर्भवती महिलाओं में हॉर्मोनल असंतुलन का कारण बन सकता है। इससे उनके गर्भ में पल रहे शिशु पर बुरा असर पड़ता है। इसके अलावा, अंगूर पर एक खास किस्म का पेस्टिसाइड का छिड़काव किया जाता है, जो कि धोने से भी नहीं निकलता है। अगर छिलका सहित अंगूर खाया जाए, तो गर्भ में पल रहे भ्रूण को यह प्रभावित कर सकता है।
किडनी स्टोन होने पर- Kidney Stone
हालांकि, अब तक यह स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता है कि किडनी स्टोन पर किस तरह से अंगूर का प्रभाव पड़ता है। इसके बावजूद, विशेषज्ञों की यह राय है कि अगर किसी को किडनी से जुड़ी बीमारी है, किडनी में बार-बार स्टोन हो जाता है, तो उन्हें अंगूर के सेवन को सीमित कर देना चाहिए। इसकी वजह अंगूर में मौजूद ऑक्सेलेट कंटेंट को माना जाता है। ऑक्सेलेट एक ऐसा केमिकल होता है, जो कि हमारा शरीर खुद बनाता है। अगर इसकी मात्रा शरीर में बढ़ जाए, तो कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।
image credit: freepik