Doctor Verified

भूख कम या न लगने की समस्या गंभीर कब हो सकती है? जानें डॉक्टर से

When can loss of appetite become serious: क्या भूख में कमी की समस्या भी खतरनाक रूप ले सकती है? जानें डॉक्टर की इस मामले क्या राय है।
  • SHARE
  • FOLLOW
भूख कम या न लगने की समस्या गंभीर कब हो सकती है? जानें डॉक्टर से


When Can Loss of Appetite Become Serious: कई बार लोगों को भूख नहीं लगती है, जिसकी वजह से वह दिनभर में किसी भी एक समय का खाना मिस कर देते हैं। भूख में कमी की समस्या बहुत आम होती है। बच्चों से बड़ों तक, किसी भी उम्र के लोग ऐसा महसूस कर सकते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि भूख न लगने की यह आम समस्या गंभीर रूप भी ले सकती है? अगर आपका जवाब नहीं है, तो यह आर्टिकल आपके लिए है। यहां हम जानेंगे कि किन स्थितियों में भूख कम या न लगना सेहत के लिए हानिकारक साबित हो सकता है। साथ ही, हम यह भी जानेंगे कि आपको कब डॉक्टर के पास जाना चाहिए? आइए इन सवालों के जवाब डॉ. राकेश गुप्ता, वरिष्ठ सलाहकार, आंतरिक चिकित्सा, इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल (Dr. Rakesh Gupta, Senior Consultant, Internal Medicine, Indraprastha Apollo Hospitals) से विस्तार में जान लेते हैं।

भूख क्या है और क्यों लगती है?- What is hunger and why does it happen

hunger

बता दें कि भूख एक प्राकृतिक और आवश्यक अनुभूति है, जो शरीर को भोजन की आवश्यकता को दर्शाती है। यह एक संकेत है कि शरीर को एनर्जी और पोषक तत्वों की आवश्यकता है। इससे शरीर के अंग अपने कार्यों को सुचारु रूप से कर पाते हैं। साथ ही, व्यक्ति अपने डेली रूटीन के कामों को  भी सही तरह से पूरा कर पता है। आइए जानते हैं कि भूख किन कारणों से लगती है:

  1. एनर्जी की जरूरत: शरीर को सही से चलाने के लिए एनर्जी की जरूरत होती है, ताकि वह अपने कार्यों को ठीक से पूरा कर सके। जैसे कि सांस लेना, दिल की धड़कन और दिमाग की एक्टिविटीज। इन सभी चीजों को करने के लिए एनर्जी चाहिए, जो खाने से ही प्राप्त होती है।
  2. पोषक-तत्वों की जरूरत: शरीर को पोषक तत्वों की जरूरत होती है, जैसे कि प्रोटीन, वसा, कार्बोहाइड्रेट, विटामिन और मिनरल, जो शरीर के विकास और रखरखाव के लिए आवश्यक हैं। ये सभी पोषक-तत्व खाने से प्राप्त होते हैं।
  3. हार्मोनल चेंजेस: भूख को कंट्रोल करने वाले हार्मोन, जैसे कि घ्रेलिन और लेप्टिन, शरीर में भोजन की आवश्यकता को दर्शाते हैं। इनसे भी व्यक्ति को भूख लगती है।

इसे भी पढ़ें- बच्चों में नींद और भूख की कमी हो सकता है पांडा सिंड्रोम का संकेत, जानें इसके लक्षण और कारण

भूख न लगने की समस्या कब होती है?-  When does the problem of loss of appetite occur

भूख में कमी कई कारकों की वजह से हो सकती है, जिनमें अस्थायी बीमारियों से लेकर क्रोनिक स्वास्थ्य स्थितियां, इमोशनल स्ट्रेस और दवाएं शामिल हैं।आइए जानते हैं, किन कारणों की वजह से भूख में कमी आ सकती है?

  • कॉमन कोल्ड या फ्लू: बता दें कि बुखार, गले में खराश या नाक बंद होने जैसे संक्रमण स्वाद और गंध की भावना को कम कर सकते हैं, जिससे खाना अच्छा नहीं लगता और भूख भी कम लगती है।  
  • संक्रमण: बैक्टीरियल या वायरल संक्रमण, जैसे निमोनिया, हेपेटाइटिस या तपेदिक, थकान, मतली आदि भी भूख में कमी का कारण बन सकते हैं।
  • कैंसर: कुछ कैंसर (पेट का कैंसर, लिवर कैंसर, पैंक्रिएटिक कैंसर) और इनके उपचार के कारण मेटाबॉलिज्म, पाचन और भूख में कमी हो सकती है।
  • डिमेंशिया और अल्जाइमर डिजीज: संज्ञानात्मक गिरावट (cognitive decline) वाले लोग अक्सर खाना भूल जाते हैं या भोजन में रुचि खो देते हैं। इससे भूख में कमी हो सकती हैं।
  • डायबिटीज: ब्लड शुगर के स्तर में उतार-चढ़ाव के कारण भूख कम हो सकती है।
  • फूड पॉइजनिंग: दूषित भोजन उल्टी, मतली और पेट दर्द का कारण बन सकता है, जिससे भूख कम हो जाती है।
  • हृदय, फेफड़े, गुर्दे या लिवर डिजीज: क्रोनिक बीमारियां पाचन को प्रभावित करती हैं, जिससे सूजन, थकान और भूख में कमी हो सकती है।

डॉक्टर को कब दिखाना चाहिए?- When to see a doctor

भूख की कमी अक्सर अस्थायी होती है और अपने आप ठीक हो जाती है, खासकर अगर यह छोटी-मोटी बीमारियों या स्ट्रेस के कारण हो रही हो। हालांकि, अगर यह लंबे समय तक बनी रहती है या अन्य लक्षणों के साथ होती है, तो यह एक अंदरूनी स्वास्थ्य समस्या का संकेत हो सकता है। ऐसे में डॉक्टर से सलाह लेने की जरूरत पड़ सकती है:

  1. दो सप्ताह से ज्यादा समय तक भूख की कमी बनी रहना और सुधार न होना।
  2. कुछ ही समय में बहुत ज्यादा वजन कम होना (शरीर के वजन का 5% या उससे अधिक)।
  3. गंभीर मतली, उल्टी या निगलने में कठिनाई।
  4. अपर्याप्त पोषण के कारण लगातार थकान, चक्कर आना या कमजोरी।
  5. पेट फूलना, पेट में दर्द या पाचन से जुड़ी समस्याएं, जो खाने में बाधा डालती हैं।

इसे भी पढ़ें- आपका बच्‍चा भी सर्द‍ियों में नहीं करता भरपेट भोजन, तो एक्‍सपर्ट से जानें भूख की कमी दूर करने के 7 उपाय

इन सभी स्थितियों में भूख की कमी होने पर व्यक्ति को डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए। बता दें कि भूख की कमी भी किसी गंभीर समस्या की तरफ इशारा कर सकती है। ऐसे में आपको इस आम परेशानी को भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

FAQ

  • क्या वृद्ध लोगों में भूख न लगना सामान्य है?

    हां, वृद्ध वयस्कों में भूख न लगना कई कारणों से आम है, जिनमें स्लो मेटाबॉलिज्म, दवाएं या स्वास्थ्य समस्याएं शामिल हैं। ऐसे में आपको वृद्ध व्यक्तियों के लिए संतुलित आहार बनाना चाहिए और उनको हाइड्रेटेड रखना चाहिए।
  • क्या तनाव या चिंता से भूख में स्थायी कमी हो सकती है?

    तनाव और चिंता अस्थायी रूप से भूख को कम कर सकते हैं, लेकिन अगर वे लगातार बने रहते हैं, तो वे क्रोनिक भूख की समस्याएं पैदा कर सकते हैं। ऐसे में आप तनाव को कम करने की कोशिश कर सकते हैं। 
  • क्या भूख न लगना इम्यून सिस्टम को प्रभावित कर सकता है?

    हां, लंबे समय तक भूख न लगना कुपोषण का कारण बन सकता है, जो बदले में इम्यूनिटी को कमजोर कर सकता है। इससे शरीर संक्रमण और बीमारियों के प्रति ज्यादा सेंसिटिव हो जाता है।

 

 

 

Read Next

क्या गर्मियों में खरबूजा खाना हार्ट के लिए फायदेमंद है? डायटिशियन से जानें

Disclaimer