What to Eat if your Stomach is Not Clear : आजकल खराब लाइफस्टाइल और गलत खानपान की वजह से कब्ज, अपच, गैस और ब्लोटिंग जैसी पेट से जुड़ी समस्याएं होना आम बात हो गई है। कई लोग पेट के सही तरह से साफ नहीं होने की समस्या का लंबे समय से सामना कर रहे होते हैं। लोग अक्सर अपच और कब्ज की समस्या से बचने के लिए दवाइयों और चूर्ण आदि का सेवन करते हैं। हालांकि, एक समय के बाद दवाइयों के साइड इफेक्ट दिखने लगते हैं और चूर्ण खाने के बाद भी लोगों का पेट सही तरह से साफ नहीं होता है। अगर आप इस परेशानी से नेचुरली बचना चाहते हैं, तो अपनी डाइट में कुछ हेल्दी बदलाव कर सकते हैं। इससे पेट के साथ ओवरऑल हेल्थ को भी फायदा होता है। आइए द डाइट एक्सपर्ट्स की सीईओ और हेड डायटीशियन सिमरत कथूरिया (Simrat Kathuria, CEO and Head Dietitian at The Diet Xperts) से जानते हैं कि आप किन चीजों को खाकर पेट को अच्छी तरह साफ कर सकते हैं?
पेट साफ नहीं होने पर किन चीजों का सेवन करें? - What to Eat if your Stomach is Not Clear
अगर आपको पेट साफ नहीं होने की समस्या हो रही है, तो आपको अपनी डाइट में फाइबर युक्त चीजों को शामिल कर सकते हैं। इससे पेट की कई समस्याओं से बचा जा सकता है। बता दें कि डाइट में फाइबर की मात्रा बढ़ने से लोगों को वजन घटाने और पाचन-तंत्र को बेहतर बनाने में मदद मिलती है। आइए अब जानते हैं कि आप फाइबर युक्त कौन-सी चीजों का डेली डाइट में शामिल कर सकते हैं। साथ ही, हम कुछ अन्य हेल्दी फूड्स के बारे में भी जानेंगे, जिनके सेवन से पेट आसानी से साफ हो सकता है।
इन फाइबर युक्त फूड्स को डाइट में शामिल करें - Include Fiber-Rich Foods in Diet
- फलों और सब्जियों का सेवन
अगर आप पेट की समस्याओं से बचना चाहते हैं, तो केला, सेब, संतरा, अनार, गाजर, ब्रोकली, गोभी और शलजम जैसे फलों और सब्जियों का सेवन कर सकते हैं। इनमें फाइबर की अच्छी मात्रा पाई जाती है।
- दालों का सेवन करें
बता दें कि दालों को फाइबर का बहुत अच्छा सोर्स माना जाता है। ऐसे में आप मसूर दाल, चना, राजमा, मूंग दाल और तूर दाल जैसी दालों का सेवन कर सकते हैं।
- अनाज का सेवन करें
पेट साफ नहीं हो रहा है, तो आप ब्राउन राइस, ओट्स, बाजरा, जौ और क्विनोआ जैसे अनाजों का भी सेवन कर सकते हैं। इनमें फाइबर की अच्छी मात्रा होती है, जो पेट की समस्याओं से बचाव का काम करती है।
- नट्स और बीजों का सेवन करें
अगर आप अच्छी तरह पेट साफ करना चाहते हैं, तो अखरोट, बादाम, चिया सीड्स और लिनसीड जैसे नट्स और बीजों को शामिल कर सकते हैं। इनमें फाइबर की अच्छी मात्रा होती है।
इसे भी पढ़ें- पाचन को मजबूत बनाने के लिए करें नाड़ी शोधन प्राणायाम, जानें फायदे
पेट साफ करने के लिए इन चीजों का कर सकते हैं सेवन - Foods to Clean your Stomach
पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं
अगर आप रोजाना सुबह पेट को साफ करना चाहते हैं, तो पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बहुत जरूरी है। पानी पीकर आप पेट में मौजूद विषाक्त पदार्थों को बाहर निकाल सकते हैं। आप हर मौसम में अच्छी मात्रा के अंदर पानी पीना चाहिए। अगर आप सुबह उठकर गुनगुना पानी पीते हैं, तो कोलन को साफ करने में मदद मिल सकती है।
हींग पाउडर के सेवन से होगा लाभ
अगर आप नेचुरल तरीके से कब्ज और अपच की समस्या से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो हींग का पाउडर फायदेमंद साबित हो सकता है। ऐसे में आपको पेट साफ करने के लिए एक गिलास गर्म पानी के साथ एक चुटकी हींग पाउडर मिलाकर सेवन करना चाहिए।
अदरक का सेवन होगा फायदेमंद
अदरक व्यक्ति के लिए सुपर फूड की तरह काम करता है। अगर आपका पेट साफ नहीं हो रहा है, तो आप अदरक का सेवन कर सकते हैं। अदरक में एंटी-ऑक्सीडेंट और लैक्सेटिव गुण होते हैं, जो पाचन तंत्र में सुधार करते हैं। अदरक खाने से गैस, एसिडिटी और अपच जैसी समस्याओं से बचा जा सकता है।
इसे भी पढ़ें- पाचन को बेहतर रखने के लिए खाएं ये मसाला अजवाइन पाचक पाउडर, जानें फायदे और रेसिपी
आप ऊपर बताई इन चीजों को डाइट में शामिल कर पाचन-तंत्र में सुधार कर सकते हैं। इस तरह पेट आसानी से साफ हो जाता है। इन चीजों को खाने से आप लंबे समय से चली आ रही कब्ज और अपच की समस्या से नेचुरली छुटकारा पा सकते हैं।