आज के समय में बड़ों के साथ-साथ कम उम्र में ही बच्चों को भी कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। हाई बीपी, लो बीपी, डायबिटीज आदि जैसी बीमारियां बच्चों में काफी आम हो गई हैं। ऐसे में कुछ बच्चों में ब्लड शुगर लेवल कम होने की समस्या भी सामने आ रही है। ब्लड शुगर कम होने की समस्या को हाइपोग्लाइसीमिया के नाम से जाना जाता है, जो एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है। यह समस्या बच्चों को तब होती है, जब उनके शरीर में ग्लूकोज का स्तर बहुत कम हो जाता है, जिसके कारण उनके शरीर में एनर्जी की कमी होने लगती है। यह एक ऐसी स्वास्थ्य स्थिति है, जो बच्चों क्या बड़ों के लिए भी खतरनाक हो सकती है। ऐसे में आइए दिल्ली के शाहदरा में स्थित एस.डी.एन. अस्पताल के पीडीअट्रिशन डॉ. ललित हरि प्रसाद सिंह से जानते हैं बच्चों में ब्लड शुगर कम होने के क्या कारण हैं?
बच्चों में ब्लड शुगर कम होने के कारण - Causes of low blood sugar in children In Hindi
ब्लड शुगर कम होना बच्चों में होने वाली एक गंभीर समस्या है, जिसके होने के पीछे कई कारण (blood sugar kam hone ke karan) शामिल हैं, जिनमें-
1. खाने में पर्याप्त मात्रा में कार्ब न लेना
बच्चों को एनर्जी की जरूरत ज्यादा होती है, क्योंकि उनका शरीर विकास कर रहा होता है। ऐसे में अगर वे खाने और नाश्ते में पर्याप्त मात्रा में कार्बोहाइड्रेट नहीं लेते हैं तो उनके शरीर को ग्लूकोज पर्याप्त मात्रा में नहीं मिलता है। कार्बोहाइड्रेट हमारे शरीर के लिए वह जरूरी पोषक तत्व है, जिससे शरीर ग्लूकोज बनाता है। इसलिए, अगर बच्चे को पर्याप्त मात्रा में पोषक तत्व न मिले, बच्चा खाना छोड़ दें या सही तरह से खाना न खाएं तो ब्लड शुगर लेवल कम हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: क्या ज्यादा पानी पीने से ब्लड शुगर कम होता है? जानें डॉक्टर की राय
2. बहुत अधिक इंसुलिन लेना या गलत डोज लेना
डायबिटीज से पीड़ित बच्चों को इंसुलिन दिया जाता है, ताकि उनका ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल में रहे। लेकिन अगर बच्चे को इंसुलिन की मात्रा जरूरत से ज्यादा दे दी जाए या समय पर खाना न मिले तो यह ब्लड शुगर लेवल को बहुत कम कर सकता है। इंसुलिन बच्चे के शरीर के सेल्स को ग्लूकोज को अवशोषित करने में मदद करता है और जब यह बहुत ज्यादा होता है तो खून में ग्लूकोज की मात्रा बहुत कम हो जाती है।
3. शारीरिक गतिविधियां ज्यादा करना
अगर आपका बच्चा ज्यादा शारीरिक गतिविधियां करता है तो उसके शरीर की एनर्जी ज्यादा खर्च होती है। शरीर को यह एनर्जी ग्लूकोज से मिलती है और शरीर के द्वारा इसके ज्यादा इस्तेमाल से ब्लड शुगर लेवल कम हो सकता है। इसलिए, एक्टिव बच्चों को खाने में पोषक तत्वों से भरपूर फूड्स शामिल करना बहुत जरूरी है, जो उनके शरीर के एनर्जी को बढ़ाने में मदद कर सके।
4. बीमार होना और उल्टी आना
अगर बच्चा बहुत ज्यादा बीमार है और खाना खाते ही उल्टी हो जाती है, तो उसके शरीर में कमजोरी हो सकती है, जो ग्लूकोज की कमी का कारण बन सकता है और बच्चे के शरीर में ब्लड शुगर लेवल कम हो सकता है।
5. लंबे समय तक भूखा रहना
अगर बच्चा किसी भी कारण घंटों तक कुछ नहीं खाता है या उपवास रखता है तो उसके शरीर में ग्लूकोज की कमी हो सकती है। लंबे समय तक खाना न खाने से लिवर में ग्लाइकोजन का जमाव भी खत्म होने लगता है, जिससे शरीर में ग्लूकोज कम बनता है और ये ब्लड शुगर कम होने का कारण बन सकता है।
इसे भी पढ़ें: डायबिटीज मरीजों के लिए रामबाण है बथुआ, जानें सेवन का सही तरीका
6. लिवर या किडनी से जुड़ी बीमारियां
हेपेटाइटिस यानी लिवर या किडनी से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण भी बच्चों के शरीर में ग्लूकोज की कमी हो सकती है, क्योंकि शरीर के ये दोनों ही अंग ग्लूकोज को स्टोर करने और इस्तेमाल करने की क्षमता को प्रभावित करती है। इसलिए, लिवर और किडनी से जुड़ी समस्याओं के कारण शरीर में ब्लड शुगर लेवल कम हो सकता है।
7. हार्मोन की कमी
बच्चों के शरीर में पिट्यूटरी और एड्रिनल ग्लैंड शरीर में जरूरी हार्मोन बनाती हैं, जो ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में मदद करते हैं। इसलिए, इनमें से कोई भी ग्लैंड सही तरह से काम नहीं करता है तो बच्चों के शरीर में हार्मोन की कमी हो सकती है, जो ब्लड शुगर लेवल के कम होने का कारण बन सकता है।
निष्कर्ष
बच्चों में ब्लड शुगर कम होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं, जिसमें खाना न खाना, पोषक तत्वों की कमी आदि चीजें शामिल हैं। इसलिए, अगर आपके बच्चे को सुस्ती, चक्कर आना, पसीना आना, भ्रम या बेहोशी जैसे लक्षण नजर आए तो तुरंत डॉक्टर से जांच करवाएं।
Image Credit: Freepik
FAQ
लो शुगर को तुरंत कैसे कंट्रोल करें?
शुगर लेवल कम होने पर तुरंत इसे कंट्रोल करने के लिए आप कार्बोहाइड्रेट से भरपूर चीजें खाएं या पिएं। लेकिन, फिर भी ब्लड शुगर लेवल नहीं बढ़ता है तो आप तुरंत डॉक्टर से जांच करवाएं।लो ब्लड शुगर के क्या लक्षण हैं?
ब्लड शुगर लेवल कम होने पर शुरुआत में आपको थकान, शरीर का कांपना, पसीना आना, ज्यादा भूख लगना और चिड़चिड़ापन होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।शुगर होने पर शरीर में क्या-क्या दिक्कत होती है?
शुगर यानी डायबिटीज होने पर पीड़ित को बार-बार प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, थकान महसूस होना और आंखों से धुंधला दिखाई देने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।