What Causes Cholesterol Levels to Rise : कोलेस्ट्रॉल बढ़ने की समस्या शरीर के लिए बहुत हानिकारक और कई मामलों में जानलेवा भी साबित हो सकती है। बता दें कि कोलेस्ट्रॉल एक मोम जैसा पदार्थ है, जो हमारे शरीर में पाया जाता है। यह फैट का एक रूप है, जो हमारे शरीर की फंक्शनिंग में मदद कर सकता है।अगर कोलेस्ट्रॉल को अच्छी तरह से समझने की कोशिश की जाए, तो यह कोलेस्ट्रॉल दो तरह का होता है। पहला लो डेंसिटी लिपोप्रोटीन (LDL) और दूसरा हाई डेंसिटी लिपोप्रोटीन (HDL) होता है। यहां ध्यान रखने वाली बात यह है कि एलडीएल कोलेस्ट्रॉल को 'बुरा' माना जाता है। वहीं HDL कोलेस्ट्रॉल 'अच्छा' होता है। शरीर में दोनों ही कोलेस्ट्रॉल होते हैं। हालांकि, एलडीएल का स्तर बढ़ने पर व्यक्ति को कई समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। आपको जानकर हैरानी हो सकती है कि डेली रूटीन की कुछ गलत आदतों के चलते शरीर में कोलेस्ट्रॉल का लेवल बढ़ सकता है। ऐसे में आइए डॉ. अक्षय चुघ, सलाहकार - आंतरिक चिकित्सा, मेट्रो अस्पताल, नोएडा (Dr. Akshay Chugh, Consultant - Internal Medicine, Metro Hospital, Noida) से जानते हैं कि रोजमर्रा की कौन-सी आदतें कोलेस्ट्रॉल लेवल को बढ़ा सकती हैं?
किन आदतों के कारण बढ़ सकता है कोलेस्ट्रॉल लेवल?- Which Habits Can Increase Cholesterol Levels
डॉ. अक्षय चुघ के मुताबिक, कोलेस्ट्रॉल का लेवल कई कारकों से प्रभावित हो सकता है। इसमें लाइफस्टाइल, डाइट, जेनेटिक्स जैसे कारक शामिल हैं। यहां कुछ मुख्य कारक दिए गए हैं, जो कोलेस्ट्रॉल को प्रभावित करते हैं:
1. डाइट के कारण बढ़ता है कोलेस्ट्रॉल
- सैचुरेटेड और ट्रांस फैट: सैचुरेटेड और ट्रांस फैट युक्त फूड्स का सेवन करने से कोलेस्ट्रॉल का लेवल बढ़ सकता है। ऐसे में आपको रेड मीट, मक्खन, तले हुए खाद्य पदार्थ, प्रोसेस्ड स्नैक्स आदि का सेवन कम मात्रा में करना चाहिए। इस स्थिति में शरीर के अंदर LDL (खराब) कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ सकता है।
- हेल्दी फैट: एवोकाडो, जैतून का तेल और फाइबर युक्त मछली जैसी स्वस्थ फैट से भरपूर चीजें खाने से शरीर में अच्छा कोलेस्ट्रॉल बढ़ सकता है। इस स्थिति में एलडीएल कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद मिलती है।
- फाइबर: आप कोलेस्ट्रॉल के लेवल को कंट्रोल करने के लिए घुलनशील फाइबर (जैसे, जई, बीन्स, फल, सब्जियों) का सेवन कर सकते हैं। बता दें कि हाई फाइबर डाइट पाचन-तंत्र में कोलेस्ट्रॉल को बांधकर, इसे शरीर से बाहर निकलने का काम करती है।
- कोलेस्ट्रॉल युक्त खाद्य पदार्थ: आपको अंडे और शेलफिश जैसे कोलेस्ट्रॉल युक्त खाद्य पदार्थ खाने से बचना चाहिए। इससे ब्लड में कोलेस्ट्रॉल के लेवल को कम करने में मदद मिल सकती है।
2. फिजिकल एक्टिविटी न करना
रोजाना एक्सरसाइज करने से कोलेस्ट्रॉल का लेवल कंट्रोल होता है। इस स्थिति में एरोबिक व्यायाम मददगार साबित होता है। ऐसे में आप चलना, दौड़ना, साइकिल चलाना और तैरने जैसी एक्सरसाइज कर सकते हैं। इससे एलडीएल कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड के स्तर को कम करने में मदद मिलती है।
3. वजन को कंट्रोल न करना
बता दें कि ज्यादा वजन या मोटापे की वजह से भी एलडीएल कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ सकता है और एचडीएल कोलेस्ट्रॉल कम हो सकता है। ऐसे में वजन कम करना (खासकर पेट के आसपास) कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद कर सकता है।
4. धूम्रपान करना
अगर आप धूम्रपान करते हैं, तो ब्लड वेसल्स को नुकसान पहुंचाता है। इससे एचडीएल कोलेस्ट्रॉल को कम किया जा सकता है, जिससे एथेरोस्क्लेरोसिस (आर्टरीज का संकुचित होना) का खतरा बढ़ जाता है। धूम्रपान छोड़ने से कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।
इसे भी पढ़ें- क्या कटहल खाने से कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल किया जा सकता है? एक्सपर्ट से जानें
5. अल्कोहल का सेवन करना
बता दें कि अल्कोहल के सेवन से ट्राइग्लिसराइड्स का स्तर बढ़ सकता है और दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। आपको अल्कोहल पीने की गलत आदत को छोड़ देना चाहिए।
6. जेनेटिक कारण
कुछ लोगों में हाई कोलेस्ट्रॉल के लिए जीन भी जिम्मेदार हो सकते हैं। इस स्थिति में स्वस्थ आहार और लाइफस्टाइल होने के बावजूद उनका कोलेस्ट्रॉल का लेवल ऊंचा हो सकता है। अगर आपके परिवार में किसी करीबी को यह समस्या है, तो आपको हाई कोलेस्ट्रॉल की स्थिति विरासत में भी मिल सकती है।
7. दवाइयों के कारण
बता दें कि कुछ दवाएं (जैसे स्टेरॉयड और कुछ ब्लड प्रेशर की दवाइयां) कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बढ़ा सकती हैं। इनके सेवन से कोलेस्ट्रॉल के बढ़ता है और मेटाबॉलिज्म में बाधा डल सकती है।
8. ज्यादा तनाव लेना
अगर आप बहुत ज्यादा तनाव में रहते हैं, तो कोलेस्ट्रॉल का स्टार बढ़ सकता है। ऐसे में आपको कम से कम स्ट्रेस लेने की कोशिश करनी चाहिए। इस स्थिति से बचने के लिए आप मेडिटेशन और योग कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- ये 6 संकेत बताते हैं कंट्रोल में है आपका कोलेस्ट्रॉल, रूटीन बदलने की न करें गलती
इसके अलावा, कोलेस्ट्रॉल बढ़ने की समस्या आयु और लिंग पर भी निर्भर करती है। जैसे-जैसे लोगों की उम्र बढ़ती है, कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ने लगता है। महिलाओं में कोलेस्ट्रॉल का स्तर आमतौर पर मेनोपॉज के बाद हार्मोनल परिवर्तनों के कारण बढ़ जाता है। साथ ही, कुछ बीमारियों के कारण भी कोलेस्ट्रॉल बढ़ सकता है। जैसे कि डायबिटीज, हाइपोथायरायडिज्म, किडनी रोग और लिवर से जुड़ी बीमारियां। अगर आप कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करना चाहते हैं, तो इन सभी बातों पर ध्यान देने की जरूरत है।