Do Weight Or Mass Gainer Actually Work: जब दुबले-पतले लोग जिम जाना शुरू करते हैं, तो उन्हें शुरुआत में लोग वेट गेनर लेने की सलाह देते हैं। इसके अलावा, जो लोग सामान्य हैं और मसल बिल्डिंग करना चाहते हैं, उन्हें मास गेनर सप्लीमेंट्स की दी जाती है। लेकिन क्या आपने कभी यह जानने की कोशिश की है कि आखिर ये सप्लीमेंट क्या होते हैं और अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए वाकई इन सप्लीमेंट्स की जरूरत होती है? ये सप्लीमेंट्स काम भी करते हैं या सिर्फ पैसे की बर्बादी है? बहुत से लोग इस बात को लेकर भी काफी कंफ्यूज रहते हैं कि उन्हें वेट गेनर लेना चाहिए या मास गेनर? वेट गेनर और मास गेनर सप्लीमेंट्स के बारे में अधिक जानकारी के लिए हमने फिटनेस कोच, न्यूट्रिशनिस्ट और सप्लीमेंट स्पेशलिस्ट विनीत कुमार से बात की। लोगों को उनके लक्ष्य तक पहुंचाने और उनके फिटनेस जर्नी को आसान बनाने के लिए ओनलीमायहेल्थ ने एक स्पेशल फिटनेस कैंपेन शुरू किया है, जिसका नाम है "OMH Fitness Guide"। यह एक फिटनेस ट्रेनिंग प्रोग्राम है, जिसमें हम एक्सपर्ट से बातचीत के आधार पर लोगों के साथ फिटनेस और एक्सरसाइज, न्यूट्रिशन और डाइट के साथ-साथ सप्लीमेंट्स से जुड़ी जरूरी जानकारियां शेयर करते हैं। आज इस कैंपेन की सीरीज " सप्लीमेंट ज्ञान" में हम जानेंगे क्या वेट और मास गेनर सप्लीमेंट्स वाकई काम करते हैं या नहीं।
वेट गेनर सप्लीमेंट क्या होते हैं- What Is Weight Gainer In Hindi
जैसा कि नाम से ही पता चलते है, इन सप्लीमेंट्स को वजन बढ़ाने के लिए डिजाइन किया गया है। इन सप्लीमेंट्स में कार्बोहाइड्रेट्स की मात्रा बहुत अधिक होती है। लेकिन प्रोटीन की मात्रा काफी कम होती है। इसके अलावा, इनमें कुछ मात्रा फैट, विटामिन और मिनरल्स भी डाले जाते हैं। ये कैलोरी से भरपूर होते हैं। जिससे ये शरीर का वजन और चर्बी बढ़ाने में मदद करते हैं। एक सामान्य वेट गेनर सप्लीमेंट के एक स्कूप में 600 से 1000 कैलोरी तक देखने को मिल सकती है। यह अलग-अलग ब्रैंड्स पर निर्भर करता है।
न्यूट्रिशनिस्ट विनीत के अनुसार, "वजन बढ़ाने के लिए आपको अपनी दैनिक कैलोरी की कुल खपत से अधिक कैलोरी खाने की आवश्यकता होती है। उदाहरण के लिए अगर किसी व्यक्ति की कैलोरी दैनिक इनटेक 1500 कैलोरी है, तो स्वस्थ रूप से वजन बढ़ाने के लिए उन्हें नियमित इससे 300-400 कैलोरी अधिक खाने की जरूरत होती है। लेकिन लोगों के साथ यह दिक्कत देखने को मिलती है कि वे अपनी दैनिक कैलोरी इनटेक को पूरा नहीं कर पाते हैं, ऐसे में कुछ मात्रा में वेट गेनर सप्लीमेंट लेने से आपको अपने दैनिक कैलोरी इनटेक पूरा करने और वजन बढ़ाने में मदद मिल सकती है।"
इसे भी पढ़ें: क्या सिर्फ मसल बिल्डिंग के लिए जरूरी होता है प्रोटीन? जानें स्वस्थ शरीर के लिए इसका महत्व और सही मात्रा
मास गेनर सप्लीमेंट क्या होते हैं- What Is Mass Gainer In Hindi
इन सप्लीमेंट्स को मांसपेशियों के निर्माण में मदद करने के लिए डिजाइन किया गया है। वजन बढ़ाने के लिए अधिक कार्बोहाइड्रेट की आवश्यकता होती है, लेकिन मसल बिल्डिंग के लिए सीमित कार्बोहाइड्रेट और अधिक प्रोटीन आवश्यकता होती है। मास गेनर सप्लीमेंट्स में अधिक प्रोटीन, फैट और कार्ब्स कम होते हैं। प्रोटीन मसल बिल्डिंग के लिए बहुत जरूरी मैक्रोन्यूट्रिएंट है। मास गेनर में कैलोरी की मात्रा भी कम होती है।
इसे भी पढ़ें: प्री-वर्कआउट सप्लीमेंट क्या होते हैं? क्या ये वाकई एक्सरसाइज के दौरान परफॉर्मेंस बढ़ाते हैं?
न्यूट्रिशनिस्ट विनीत के अनुसार, "वजन बढ़ाने की तरह मसल बिल्डिंग के लिए भी हमें दैनिक कैलोरी इनटेक से थोड़ा अधिक कैलोरी का सेवन करने की आवश्यकता होती है। लेकिन इसमें कार्बोहाइड्रेट्स की बजाए प्रोटीन से अधिक कैलोरी लेने की कोशिश की जाती है। लेकिन उन्हें इसके साथ सप्ताह में 5 दिन वेट ट्रेनिंग और हाई इंटेंसिटी वर्कआउट करने की सलाह भी दी जाती है। जिन लोगों का लक्ष्य मांसपेशियां बिल्ड करना है और वे अपना दैनिक कैलोरी इनटेक पूरा नहीं कर पा रहे हैं, तो मास गेनर सप्लीमेंट की मदद से वे अपनी जरूरत को पूरा कर सकते हैं।"
इसे भी पढ़ें: पोस्ट वर्कआउट सप्लीमेंट्स क्या होते हैं? क्या ये वाकई बॉडीबिल्डिंग के लिए होते हैं जरूरी
क्या वेट गेनर और मास गेनर सप्लीमेंट्स वाकई काम करते हैं?
न्यूट्रिशनिस्ट विनीत के अनुसार, "यह सही है कि सप्लीमेंटस की मदद से आपको अपने लक्ष्यों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। लेकिन लोगों के साथ यह समस्या देखने को मिलती है कि वे खाना-पीना छोड़कर सिर्फ सप्लीमेंट्स की मदद से अपनी कैलोरी इनटेक को पूरा करने की कोशिश करते हैं। ऐसा करना बिल्कुल भी सही नहीं है। जब शरीर की पोषण की जरूरत को पूरा करने की बात आती है, तो हमेशा यह सलाह दी जाती है कि आप पोषण का एक बड़ा हिस्सा आप अपने आहार से लें। सप्लीमेंट्स लेने की जरूरत हमें तब पड़ती है, जब हम अपने आहार से पोषण की जरूर को पूरा नहीं कर पाते हैं। डाइट से पूरा न होने पर थोड़ी पूर्ति आप सप्लीमेंट्स से पूरी कर सकते हैं, लेकिन सप्लीमेंट्स आहार का कोई विकल्प नहीं है। यहां तक कि सप्लीमेंट्स भी सिर्फ तभी काम करते हैं, जब आपका खानपान अच्छा होता है।"
इसे भी पढ़ें: BCAA सप्लीमेंट्स क्या होते हैं? एक्सपर्ट से जानें क्या वाकई बॉडी बिल्डिंग के लिए होते हैं जरूरी
क्या आपको वेट गेनर या मास गेनर सप्लीमेंट्स लेने चाहिए?
न्यूट्रिशनिस्ट विनीत के अनुसार, "अगर आप अपनी डाइट से पोषण की जरूर और कैलोरी इनटेक को पूरा कर लेते हैं, तो आपको किसी सप्लीमेंट की कोई आवश्यकता नहीं होती है। वजन बढ़ाने के लिए आप हाई कैलोरी और फैट वाले फूड्स को शामिल करके आसानी से आप वजन बढ़ा सकते हैं। वहीं अगर आपका गोल मसल बिल्डिंग है, तो आपको अपनी डाइट में कम फैट और कार्ब्स के साथ हाई प्रोटीन वाले फूड्स शामिल करने चाहिए। अगर फिर भी आपका प्रोटीन इनटेक पूरा नहीं हो पा रहा है, तो ऐसी स्थिति में मास गेनर की बजाए एक प्रोटीन सप्लीमेंट लेना ज्यादा बेहतर विकल्प है।"
(Written by Vineet Kumar- Certified Fitness Coach, Nutritionist And Supplement Specialist)
All Image Source: Freepik