गर्मियों का मौसम शरीर से जुड़ी कई समस्याएं लेकर आता है, जैसे कि लू लगना, डिहाइड्रेशन, पाचन खराब होना, पेशाब में जलन और पित्त दोष का बढ़ना। ऐसे में शरीर को ठंडक देने वाली चीजों का सेवन बेहद जरूरी हो जाता है। आयुर्वेद में बताया गया है कि इस मौसम में तासीर से ठंडी और हाइड्रेटिंग चीजें न केवल शरीर को राहत देती हैं, बल्कि कई समस्याओं से भी बचाती हैं। इन्हीं में से एक है खरबूजे के बीज। जी हां, जिस खरबूजे को हम गर्मियों में स्वाद और ठंडक पाने के लिए खाते हैं, उसके बीज भी उतने ही फायदेमंद होते हैं। अक्सर लोग इन्हें फेंक देते हैं, लेकिन आयुर्वेदाचार्य मानते हैं कि ये बीज शरीर को भीतर से ठंडक पहुंचाते हैं, पाचन को बेहतर करते हैं और एनर्जी को भी बढ़ाते हैं। इस लेख में रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा (Ayurvedic doctor Shrey Sharma from Ramhans Charitable Hospital) से जानिए, खरबूजे के बीज खाने से क्या फायदा होता है?
खरबूजे के बीज खाने से क्या फायदा होता है? - Muskmelon Seeds Benefits
डॉ. श्रेय शर्मा बताते हैं कि खरबूजे के बीज तासीर में ठंडे होते हैं और गर्मी में शरीर को संतुलन में रखने के लिए इनका सेवन बेहद लाभकारी होता है। खास बात यह है कि खरबूजे से इन बीजों को आप आसानी से घर में ही निकाल सकते हैं। इन्हें सुखाकर स्टोर किया जा सकता है और रोजाना थोड़ी मात्रा में सेवन करने से कई फायदे मिल सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: हार्ट हेल्थ के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं खरबूजे के बीज, इस तरह से करें सेवन
1. शरीर को लू से बचाएं
गर्मी के मौसम में लू लगना आम बात है, जिससे सिर दर्द, बुखार, जी मचलाना जैसी समस्याएं हो सकती हैं। डॉ. श्रेय शर्मा बताते हैं कि खरबूजे के बीज शरीर के तापमान को कंट्रोल करते हैं और अंदर से ठंडक प्रदान करते हैं, जिससे लू लगने का खतरा कम हो जाता है।
2. भूख को खोलते हैं
गर्मियों में अक्सर लोगों की भूख कम हो जाती है, जिससे शरीर को जरूरी पोषण नहीं मिल पाता। खरबूजे के बीजों में ऐसे तत्व पाए जाते हैं जो पाचन क्रिया को उत्तेजित करते हैं और भूख को प्राकृतिक रूप से बढ़ाते हैं। यह पेट को हल्का रखते हुए भूख में सुधार करते हैं।
इसे भी पढ़ें: अपनी डाइट में जोड़ें तरबूज, अलसी और खरबूजे के बीज, जानें इनके इस्तेमाल करने का तरीका
3. पित्त दोष को शांत करते हैं
गर्मी के मौसम में शरीर में पित्त का असंतुलन सामान्य समस्या बन जाती है। आयुर्वेद के अनुसार, पित्त दोष बढ़ने पर शरीर में जलन, चिड़चिड़ापन, एसिडिटी और स्किन संबंधी दिक्कतें हो सकती हैं। खरबूजे के बीज में मौजूद ठंडी तासीर और पाचन तंत्र को संतुलित करने वाले गुण पित्त को कम करने में सहायक होते हैं।
4. पाचन तंत्र को करते हैं मजबूत
डॉ. श्रेय शर्मा बताते हैं कि खरबूजे के बीज फाइबर और जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं, जो पाचन को बेहतर बनाते हैं। यह कब्ज, गैस और एसिडिटी जैसी समस्याओं में राहत देने के साथ पाचन क्रिया को संतुलित करते हैं। जिन लोगों को भोजन के बाद भारीपन या अपच की शिकायत रहती है, उन्हें इन बीजों का सेवन जरूर करना चाहिए।
5. पेशाब की जलन में राहत
गर्मी में शरीर डिहाइड्रेट होने लगता है जिससे पेशाब में जलन की समस्या उत्पन्न हो जाती है। आयुर्वेद में खरबूजे के बीजों को मूत्रल (diuretic) माना गया है, जो पेशाब के रास्ते से शरीर की गर्मी को बाहर निकालते हैं। इससे पेशाब में जलन कम होती है।
6. शरीर को भीतर से ठंडक देते हैं
गर्मी के मौसम में बाहरी गर्मी के साथ-साथ शरीर के भीतर भी तापमान बढ़ जाता है, जिससे थकान, चक्कर और चिड़चिड़ापन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। खरबूजे के बीज ऐसे समय में नेचुरल कूलेंट की तरह काम करते हैं। यह शरीर को शीतलता प्रदान करते हैं और आंतरिक संतुलन बनाए रखते हैं।
7. एनर्जी बूस्ट करते हैं
गर्मी में शरीर जल्दी थकने लगता है और एनर्जी लेवल गिर जाता है। डॉ. श्रेय शर्मा के अनुसार, खरबूजे के बीज प्रोटीन, विटामिन्स और मिनरल्स से भरपूर होते हैं, जो शरीर को प्राकृतिक रूप से एनर्जी देते हैं।
निष्कर्ष
आयुर्वेद के अनुसार, खरबूजे के बीज गर्मियों में शरीर के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। ये न केवल शरीर को ठंडक देते हैं, बल्कि कई शारीरिक समस्याओं से भी बचाते हैं। लू से लेकर पेशाब की जलन, पाचन से लेकर पित्त दोष तक, यह छोटे-से बीज बड़े-बड़े फायदे देने की क्षमता रखते हैं।
ALl Images Credit- Freepik
FAQ
खरबूजा गर्म होता है या ठंडा?
इसकी तासीर ठंडी होती हैकब नहीं खाना चाहिए खरबूजा?
कभी भी खाली पेट खरबूजा नहीं खाना चाहिएखरबूजे के बीज का सेवन कैसे करें?
खरबूजे के बीज को ड्राई रोस्ट कर आप उसे खा सकती हैं