Fatty Liver Grades in Hindi: खराब खानपान और निष्क्रिय जीवनशैली के कारण शरीर कई गंभीर बीमारियों का शिकार हो सकता है। इसकी वजह से डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, हाई कोलेस्ट्रॉल समेत कई गंभीर समस्याओं का खतरा रहता है। लेकिन आज के समय में अनियंत्रित जीवनशैली और खराब खानपान के कारण फैटी लिवर की बीमारी का खतरा बढ़ा है। फैटी लिवर की समस्या में लिवर की कोशिकाओं में फैट जमा हो जाता है, जिसकी वजह से लिवर की कार्यक्षमता प्रभावित होती है। फैटी लिवर की समस्या को तीन ग्रेड में बांटा गया है। लिवर शरीर का सबसे अहम अंग है। लिवर से जुड़ी स्थितियों के बारे में जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़ी बीमारियों का आसान इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हर साल 19 अप्रैल को वर्ल्ड लिवर डे मनाया जाता है। आइए इस लेख में विस्तार से समझते हैं फैटी लिवर के ग्रेड के बारे में और इससे बचाव के उपाय।
फैटी लिवर की समस्या ग्रेड- What Are The Fatty Liver Stages in Hindi
फैटी लिवर के ग्रेड या स्टेज इस बीमारी की गंभीरता को दिखाते हैं। फैटी लिवर की समस्या के ग्रेड के बारे में समझने से पहले हमें इस स्थिति के बारे में समझना चाहिए। फैटी लिवर की समस्या दो तरह की होती है- एक अल्कोहॉलिक फैटी लिवर डिजीज और दूसरा नॉन-अल्कोहॉलिक फैटी लिवर। ऐसे लोग जो शराब का बहुत ज्यादा सेवन करते हैं, उनमें अल्कोहॉलिक फैटी लिवर होता है और खानपान की वजह से नॉन-अल्कोहॉलिक फैटी लिवर होता है। इस समस्या में लिवर की फैटी सेल्स बढ़ने लगते हैं और लिवर का कामकाज प्रभावित होता है।
बाबू ईश्वर शरण हॉस्पिटल के सीनियर फिजीशियन डॉ समीर कहते हैं, "फैटी लिवर की समस्या को तीन ग्रेड में विभाजित किया गया है। इन ग्रेड से लिवर की कोशिकाओं में वसा या फैट की स्थिति को समझने में मदद मिलती है। ग्रेड 1 फैटी लिवर में समस्या की शुरुआत होती है और ग्रेड 3 फैटी लिवर में सिरोसिस की स्थिति बन जाती है।"
इसे भी पढ़ें: फैटी लिवर की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए अपनाएं ये उपाय, मिलेगा फायदा
फैटी लिवर के ग्रेड:
1. सामान्य फैटी लिवर (Grade 1): इस ग्रेड में, लिवर के कोशिकाओं में थोड़ी सी वसा होती है। यह स्थिति आमतौर पर समस्याओं का कारण नहीं बनती है।
2. मध्यम फैटी लिवर (Grade 2): इस ग्रेड में, लिवर कोशिकाओं में फैट की मात्रा अधिक होती है, और लिवर के कुछ हिस्से पर परिवर्तन दिखाई देता है। इससे लिवर की कार्यक्षमता प्रभावित होने लगती है।
3. गंभीर फैटी लिवर (Grade 3): इस ग्रेड में, लिवर के कोशिकाओं में बहुत ज्यादा फैट जमा होने लगते हैं और लिवर की स्थिति पूरी तरह से बदल जाती है। ग्रेड 3 फैटी लिवर के समस्या में लिवर सिरोसिस, लिवर कैंसर और लिवर फेलियर जैसी स्थितियों का खतरा बढ़ जाता है। ग्रेड 3 फैटी लिवर को सबसे ज्यादा खतरनाक माना जाता है।
इसे भी पढ़ें: फैटी लिवर की समस्या होने पर करें ये 6 काम, जल्द रिकवरी में मिलेगी मदद
फैटी लिवर के कारण होने वाली समस्याएं- Fatty Liver Disease Complications in Hindi
फैटी लिवर के कारण शरीर में इन स्थितियों का खतरा बढ़ जाता है-
1. हेपेटाइटिस: हेपेटाइटिस लिवर से जुड़ी एक गंभीर बीमारी है। फैटी लिवर के कारण हेपेटाइटिस का खतरा बढ़ जाता है।
2. सिरोसिस: गंभीर फैटी लिवर की स्थिति में, लिवर को स्थायी नुकसान होता है, जिससे सिरोसिस का खतरा बढ़ जाता है।
3. लिवर कैंसर: फैटी लिवर वाले व्यक्तियों में लिवर कैंसर का खतरा भी बढ़ जाता है।
4. मेटाबोलिक सिंड्रोम: फैटी लिवर और मेटाबोलिक सिंड्रोम के बीच सीधा संबंध होता है। मेटाबोलिक सिंड्रोम के कारण डायबिटीज, हाई बीपी, समेत कई बीमारियां हो सकती हैं।
फैटी लिवर से बचने के लिए क्या करें?- Fatty Liver Prevention in Hindi
फैटी लिवर के लक्षण दिखने पर सबसे पहले डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए। डॉक्टर की सलाह लेकर उचित कदम उठाने से आप इस गंभीर बीमारी की चपेट में आने से बच सकते हैं। फैटी लिवर से बचने के लिए खानपान और जीवनशैली में ये बदलाव जरूर करने चाहिए-
1. हेल्दी डाइट: हेल्दी डाइट का सेवन करने से फैटी लिवर की समस्या से बचाव में मदद मिलती है। इससे बचने के लिए डाइट में ताजे फल, हरी सब्जियों के साथ प्रोटीन और फाइबर वाले फूड्स जरूर शामिल करने चाहिए। इस समस्या में बाहर के खाने का सेवन करने से बचना चाहिए।
2. नियमित व्यायाम: नियमित व्यायाम करने से फैटी लिवर की समस्या को कंट्रोल करने में मदद मिलती है।
3. वजन कंट्रोल करें: बढ़ते वजन के कारण फैटी लिवर का खतरा बढ़ जाता है। वजन कंट्रोल करने से भी फैटी लिवर की समस्या को कंट्रोल करने में मदद मिलती है।
4. शराब और स्मोकिंग से दूरी: बहुत ज्यादा शराब का सेवन और स्मोकिंग करने वाले लोगों में फैटी लिवर की समस्या सबसे ज्यादा होती है। इस समस्या से बचने के लिए शराब और तंबाकू से दूरी बना लेनी चाहिए।
5. नियमित चेकअप: नियमित चेकअप और लिवर की स्क्रीनिंग फैटी लिवर को समय पर पहचानने में मदद कर सकते हैं।
फैटी लिवर एक गंभीर और जानलेवा स्थिति हो सकती है। सही समय पर इलाज और बचाव के कदम उठाने से आप इस समस्या का शिकार होने से बच सकते हैं। इस समस्या से बचने के लिए ऊपर बताए गई बातों का ध्यान जरूर रखें। फैटी लिवर के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर की सलाह लेकर इलाज कराएं।
(Image Courtesy: Freepik.com)