Supta Baddha Konasana Benefits For Female: प्राचीन काल से ऋषियों और मुनियों द्वारा लोगों को योग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। योग हमारे शरीर, मन और बुद्धि को स्वस्थ्य रखने में अहम भूमिका निभाते हैं इससे व्यक्ति को मानसिक शांति मिलती है और वह रोगों से खुद का बचाव कर पाता है। महिलाओं को पीरियड्स व अन्य स्थिति में कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। वहीं, हार्मोनल बदलाव ज्यादातर महिलाओं में एक आम समस्या मानी जाती हैं। हार्मोन में बदलाव की वजह से महिलाओं को स्किन से जुड़ी समस्याएं और स्ट्रेस हो सकता है। महिलाओं से जुड़ी परेशानियों को दूर करने के लिए सुप्त बद्ध कोणासन (Supta Baddha Konasana) फायदेमंद माना जाता है। सुप्त बद्ध कोणासन (Supta Baddha Konasana) को रेक्लाइनिंग बाउंड एंगल पोज भी कहा जाता है। यह आसन शारीरिक और मानसिक आराम प्रदान करने के साथ-साथ महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी कई समस्याओं में मदद करता है। आगे सेंटर के वीवा फिटनेस सेंटर के कोच साईं श्रीवास्तव से जानते हैं कि महिलाओं के लिए सुप्त बद्ध कोणासन के क्या फायदे (Supta Baddha Konasana Benefits For Female) होते हैं और इसे कैसे किया जाता है।
महिलाओं के लिए सुप्त बद्ध कोणासन के लाभ - Benefits of Supta Baddha Konasana for Women in Hindi
प्रजनन स्वास्थ्य में सुधार करें - Improve Reproductive Health
यह आसन प्रजनन अंगों में ब्लड सर्कुलेशन को बढ़ाकर उनके कार्य को सुधारने में मदद करता है। यह महिलाओं में हार्मोनल संतुलन बनाए रखने और मेंस्ट्रुअल साइकिल को नियमित करने में सहायक होता है।
पेल्विक क्षेत्र को मजबूत करे - Strong Pelvic Muscles
यह आसन पेल्विक क्षेत्र की मांसपेशियों को खींचता और मजबूत करता है, जिससे महिलाओं को गर्भावस्था और प्रसव के दौरान सहायता मिलती है।
गर्भावस्था में मददगार - Help During Pregnancy
गर्भावस्था के दौरान सुप्त बद्ध कोणासन गर्भाशय को खोलने और पेल्विक क्षेत्र को तैयार करने में मदद करता है। यह महिलाओं को गर्भावस्था की समस्याओं से राहत देने के साथ-साथ डिलीवरी के लिए भी तैयार करता है।
पीठ दर्द और थकान से राहत - Reduce Back Pain And Tiredness
महिलाओं को अक्सर पीठ दर्द और थकावट की समस्या होती है। यह आसन रीढ़ की हड्डी को आराम देकर दर्द में राहत प्रदान करता है।
यह आसन पाचन तंत्र को सक्रिय करता है और पेट की मांसपेशियों को आराम देकर अपच, कब्ज और अन्य पेट की समस्याओं को कम करता है।
सुप्त बद्ध कोणासन करने का तरीका - Steps to Perform Supta Baddha Konasana in Hindi
- इस आसन को करने के लिए आप योगा मैट पर पीठ के बल लेट जाएं।
- इसके बाद दोनों पैरों को मोड़कर तलवों को आपस में मिलाएं। घुटनों को धीरे-धीरे बाहर की ओर फैलाएं।
- अपने हाथों को शरीर के दोनों तरफ रखें, हथेलियां ऊपर की ओर खुली रहें।
- अब गहरी सांस लें। सांस को महसूस करें और शरीर को पूरी तरह से आराम दें।
- इस आसन में 5-10 मिनट तक रहें। यदि यह पहली बार है, तो कम समय के लिए करें और धीरे-धीरे अवधि बढ़ाएं।
- इसके बाद घुटनों को धीरे-धीरे पास लाएं और पैरों को सीधा कर लें।
इसे भी पढ़ें : जल्द प्रेग्नेंसी के लिए कपल्स ट्राई करें ये एक्सरसाइज, मिलेगा फायदा
Supta Baddha Konasana Benefits For Female: सुप्त बद्ध कोणासन महिलाओं के लिए एक अद्भुत योगासन है, जो उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाता है। नियमित अभ्यास से न केवल प्रजनन स्वास्थ्य में सुधार होता है, बल्कि तनाव और चिंता से भी मुक्ति मिलती है। इसे अपने योग अभ्यास में शामिल करें।