Super Foods For Pregnancy First Trimester: प्रेग्नेंसी की पहली तिमाही में सुपरफूड्स का सेवन शिशु के विकास और मां के स्वास्थ्य के लिए बेहद अहम है। इस चरण में शिशु के अंग, नर्वस सिस्टम और दिमाग का विकास तेजी से होता है, जिसके लिए सही पोषण की जरूरत होती है। पहली तिमाही में शिशु के अंगों का निर्माण हो रहा होता है। उचित पोषण, जैसे कि विटामिन, मिनरल्स और फोलेट, शिशु के स्वस्थ विकास में मदद करते हैं। प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं में खून की कमी (एनीमिया) हो सकती है। आयरन से भरपूर आहार जैसे पालक, बीटरूट और दालें, इस समस्या से बचने में मदद करते हैं। प्रेग्नेंसी की पहली तिमाही में सुपरफूड्स का सेवन करने से इम्यून सिस्टम मजबूत होता है, जो इंफेक्शन से बचाने में मदद करता है। प्रेग्नेंसी के दौरान कई महिलाओं को कब्ज की समस्या हो सकती है। फाइबर से भरपूर आहार जैसे साबुत अनाज, फल और हरी सब्जियां, पाचन को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। इस लेख में हम जानेंगे 9 ऐसे सुपरफूड्स जिसे प्रेग्नेंसी की पहली तिमाही में खाना चाहिए। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने दिल्ली के होली फैमिली हॉस्पिटल की डाइटिशियन सना गिल से बात की।
1. राजमा- Kidney Beans
राजमा प्रोटीन और आयरन से भरपूर होता है, जो शरीर में एनर्जी को बढ़ाता है और शिशु के स्वस्थ विकास में मदद करता है। यह फाइबर का भी अच्छा स्रोत है, जो कब्ज की समस्या को दूर करता है।
प्रेग्नेंसी में सेवन का तरीका: राजमा को सलाद, करी या सूप के रूप में खाएं। इसे चावल के साथ मिलाकर भी खाया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें- प्रेगनेंसी की पहली तिमाही में कौनसे टेस्ट जरूरी होते हैं? जानें डॉक्टर से
2. केला- Banana
केला पोटैशियम और फाइबर का अच्छा स्रोत है, जो पाचन को सुधारता है और कब्ज की समस्या से बचाता है। इसमें मौजूद विटामिन-बी6 शिशु के दिमाग और तंत्रिका तंत्र के विकास में मदद करता है।
प्रेग्नेंसी में सेवन का तरीका: केला सीधे खाएं या इसे स्मूदी और शेक में मिलाकर पीएं। इसे दलिया या दही में भी मिलाया जा सकता है। इसे सुबह खाना फायदेमंद होता है।
3. नारियल पानी- Coconut Water
नारियल पानी प्राकृतिक इलेक्ट्रोलाइट्स से भरपूर होता है, जो शरीर को हाइड्रेटेड रखने में मदद करता है। यह गर्भावस्था में थकान और डिहाइड्रेशन की समस्या से राहत देता है।
प्रेग्नेंसी में सेवन का तरीका: नारियल पानी को ताजा पीएं। दिन में एक से दो गिलास नारियल पानी का सेवन कर सकती हैं।
4. बादाम- Almond
प्रेग्नेंसी में बादाम खाने के कई फायदे होते हैं। बादाम में विटामिन-ई, मैग्नीशियम और प्रोटीन पाया जाता है, जो शिशु के दिमागी विकास में मदद करता है। यह गर्भवती महिलाओं के शरीर में एनर्जी बनाए रखने में भी मदद करता है।
प्रेग्नेंसी में सेवन का तरीका: बादाम को रात में भिगोकर सुबह खाएं या इन्हें स्नैक के रूप में इस्तेमाल करें। इन्हें स्मूदी या दलिया में भी मिलाया जा सकता है।
5. अंजीर- Fig
अंजीर फाइबर, आयरन और कैल्शियम से भरपूर होते हैं, जो शिशु की हड्डियों के विकास और मां के ब्लड सर्कुलेशन को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। ये कब्ज की समस्या को भी दूर करने में मदद करते हैं।
प्रेग्नेंसी में सेवन का तरीका: अंजीर को आप सूखा खा सकती हैं या दूध में उबालकर सेवन कर सकती हैं। इन्हें सलाद या दलिया में भी शामिल कर सकती हैं।
6. अनार- Pomegranate
अनार एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन-सी और फोलेट से भरपूर होता है, जो इम्यून सिस्टम को मजबूत करता है और गर्भवती महिलाओं में ब्लीडिंग की संभावना को कम करता है। साथ ही, यह शरीर में खून की मात्रा बढ़ाने में मदद करता है।
प्रेग्नेंसी में सेवन का तरीका: आप इसे सीधे खा सकती हैं या ताजे जूस के रूप में इसका सेवन कर सकती हैं। इसे फलों के सलाद में भी मिलाया जा सकता है।
7. चुकंदर- Beetroot
बीटरूट आयरन और फोलेट से भरपूर होता है, जो खून में हीमोग्लोबिन का स्तर बढ़ाने में मदद करता है। यह गर्भवती महिलाओं में एनीमिया से बचाता है और शिशु के नर्वस सिस्टम के विकास के लिए फायेदमंद होता है।
प्रेग्नेंसी में सेवन का तरीका: आप बीटरूट को सलाद में कच्चा खा सकती हैं या इसे जूस के रूप में ले सकती हैं। उबालकर भी इसे सब्जी के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है।
8. पनीर- Paneer
पनीर प्रोटीन और कैल्शियम का बेहतरीन स्रोत है, जो मां और शिशु दोनों की हड्डियों के विकास के लिए जरूरी है। यह मांसपेशियों को भी मजबूत बनाता है।
प्रेग्नेंसी में सेवन का तरीका: पनीर को सब्जियों के साथ पका कर खाएं या सलाद में मिलाएं। इसे सैंडविच या पराठे में भी डाल सकती हैं। प्रेग्नेंसी में 75-100 ग्राम पनीर खा सकती हैं।
9. दही- Curd
दही में कैल्शियम और प्रोटीन की भरपूर मात्रा होती है, जो शिशु की हड्डियों के विकास में मदद करता है। साथ ही, इसमें मौजूद प्रोबायोटिक्स पाचन तंत्र को स्वस्थ रखते हैं और कब्ज की समस्या को दूर करते हैं।
प्रेग्नेंसी में सेवन का तरीका: दही को सीधे खाएं या स्मूदी और रायता के रूप में इसका सेवन करें। यह ड्राई फ्रूट्स या फलों के साथ भी खाया जा सकता है। रात के समय दही खाने से बचें।
प्रेग्नेंसी की पहली तिमाही में सुपरफूड्स जैसे चुकंदर, दही, अंजीर, अनार, पनीर, बादाम, नारियल पानी, केला और राजमा खाना फायदेमंद होता है। इसे अपनी डाइट में जरूर शामिल करें।
उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।