
चिलचिलाती गर्मी के मौसम में रसीले फलों का सेवन न सिर्फ शरीर को ठंडक देता है, बल्कि आपको डिहाइड्रेशन से भी बचाता है। इसलिए आपको गर्मी के मौसम में फलों का खूब सेवन करना चाहिए। सभी फल विटामिन्स, मिनरल्स और कई तरह के पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। इसलिए आज हम आपको बता रहे हैं सेलिब्रिटी न्यूट्रीशनिस्ट पूजा मखीजा द्वारा दी गई गर्मियों के लिए स्पेशल फ्रूट चाट रेसिपी, जो स्वादिष्ट भी है और सेहत के लिए फायदेमंद भी है। इसके सेवन से आपको पर्याप्त एंटीऑक्सीडेंट्स मिलेंगे, जिससे त्वचा पर एजिंग के लक्षण कम होंगे और आपकी स्किन में ग्लो आएगा। तो चलिए जानते हैं इस फ्रूट चाट को खाने के अन्य फायदे और आसान रेसिपी।
फ्रूट चाट क्यों है फायदेमंद?
फ्रूट चाट को बनाने में हम फलों और हर्ब्स का इस्तेमाल करते हैं। ये सभी चीजें प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम, आयरन, मैग्नीशियम, फास्फोरस, पोटेशियम और विटामिन सी जैसे बेहद खास पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। इसलिए इनके सेवन से आपके शरीर को सभी जरूरी विटामिन्स, मिनरल्स मिल जाते हैं, जो एक स्वस्थ शरीर के लिए जरूरी है।
1. इम्यूनिटी बढ़ाए
सुबह के समय आप इस चाट का सेवन कर सकते हैं। इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन्स होते हैं, जो आपके शरीर की इम्यूनिटी को बढ़ाने में मदद करते हैं और आपको बीमारियों से दूर रखते हैं। साथ ही ये फ्री रेडिकल्स से आपके शरीर की कोशिकाओं की रक्षा करते हैं, जिससे आपकी स्किन तो यंग बनी ही रहती है, साथ ही कई गंभीर बीमारियों से भी बचाव रहता है।
इसे भी पढ़ें-स्वाद और सेहत के लिए इन 7 तरीकों से फायदेमंद है कॉर्न चाट, जानें बनाने का तरीका
2. दिल के लिए फायदेमंद
अंगूर का सेवन दिल की धमनियों के लिए बहुत ही फायदेमंद होता है। इसमें मौजूद पोटैशियम नसों और धमनियों के फैलाव में मदद करता है और सोडियम को बाहर निकालता है, जिससे आपको हाई ब्लड प्रेशर की समस्या नहीं होती है। वही अनार पॉलीफेनोलिक यौगिक से भरपूर होता है, जो दिल की सेहत के लिए फायदेमंद होता है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के अनुसार, अनार में मौजूद तत्व आपकी धमनियों में सूजन और संकुचन की समस्या को कम करते हैं।
3. वजन कम करने में है मददगार
वजन कम करने के लिए आप फ्रूट चाट का सेवन कर सकते हैं। अंगूर और अनार फाइबर से भरपूर होते हैं, जो आपके पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने का काम करता है। इससे आपकी भूख नियंत्रित होती है और आपको कम भूख लगती है। साथ ही ये आपके मेटाबॉलिज्म के स्तर को भी बढ़ाता है, जिससे आप सेहतमंद रहते हैं।
इसे भी पढ़ें-Weight Loss: स्वादिष्ट चीजें खाकर भी घटा सकते हैं वजन, ट्राई करें ये 3 हेल्दी-टेस्टी चाट
4. स्वस्थ त्वचा के लिए फायदेमंद
फ्रूट चाट का सेवन करने से आपकी त्वचा में निखार आता है क्योंकि ये चाट अंगूर, अनार, शहद और नींबू से मिलकर बना होता है, जो आपकी त्वचा के लिए बहुत ही बेहतरीन विकल्प है। इसमें मौजूद विटामिन्स और एंटीऑक्सीडेंट्स आपकी त्वचा को ग्लोइंग बनाते हैं।
फ्रूट चाट के लिए जरूरी सामग्री
- अंगूर, अनार
- जीरा पाउडर
- चाट मसाला
- लाल मिर्च
- सेंधा नमक
- काली मिर्च
- धनिया
- नींबू का रस
- शहद

फ्रूट चाट बनाने का तरीका (Recipe of Fruit Chat in Hindi)
- फ्रूट चाट बनाने के लिए एक बर्तन लें।
- अब उस बर्तन में आप अंगूरों को धोकर डालें।
- इसके बाद आप अनार के दाने डालें।
- फिर आप जीर पाउडर, चाट मसाला, लाल मिर्च, सेंधा नमक, काली मिर्च और धनिया को डालें।
- अब आप तैयार सामग्री में नींबू का रस और शहद डालें।
- फिर इस सामग्री को अच्छे से मिलाएं और सर्व करें।
नोट-
फ्रूट चाट बनाने के लिए ताजा फलों का चुनाव करें।
फ्रूट चाट का सेवन करने से आपका शरीर फ्रेश रहता है। आप इसे अपने ब्रेकफास्ट में शामिल कर सकते हैं। हर व्यक्ति की शारीरिक प्रकृति अलग होती है। इसलिए फ्रूट चाट का सेवन करने से पहले आप डॉक्टर से एक बार सलाह जरूर लें।