Stomach Pain In Pregnancy: प्रेग्नेंसी की तीसरी तिमाही में कुछ महिलाएं पेट दर्द की शिकायत करती हैं। प्रेग्नेंसी के शुरुआती तीन महीनों की बात करें, तो इस दौरान हल्का पेट दर्द होना सामान्य है। इस दौरान शरीर में आ रहे बदलाव के कारण ऐसा होता है। लिगामेंट्स के स्ट्रेच होने से मॉर्निंग सिकनेस रहती है और पेट में दर्द होता है। फिर जैसे-जैसे यूट्रस का आकार बढ़ता है, तो पेट की मसल्स एक्सपैंड होती हैं जिसके कारण पेट दर्द हो सकता है। इसके अलावा प्रेग्नेंसी में कब्ज और गैस की शिकायत भी होती है। साथ ही प्रेग्नेंसी में प्रोजेस्ट्रॉन हार्मोन की मात्रा भी बढ़ने लगती है जिसके कारण पेट में अपच होती है क्योंकि आंत के रास्ते खाना जाने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है, इस वजह से दर्द महसूस होता है। प्रेग्नेंसी में पेट दर्द की समस्या से बचने के लिए कुछ आसान टिप्स की मदद ले सकते हैं। इन टिप्स को विस्तार से आगे जानेंगे। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के झलकारीबाई हॉस्पिटल की गाइनोकॉलोजिस्ट डॉ दीपा शर्मा से बात की।
1. एक ही पोजिशन में ज्यादा देर न बैठें- Avoid Sitting in Same Position For Long Time
प्रेग्नेंसी में महिलाएं शारीरिक मूवमेंट कम कर देती हैं। लेकिन यह आदत सही नहीं है। एक ही पोजिशन में ज्यादा देर बैठने के कारण पेट के अलग-अलग हिस्सों में दबाव पड़ता है और पेट दर्द हो सकता है। खराब पॉश्चर में ज्यादा देर बैठने के कारण भी पेट में दर्द हो सकता है। एक ही पोजिशन में बैठने से पाचन क्रिया प्रभावित होती है, जिससे गैस बनती है और पेट में दर्द उठता है।
2. प्रेग्नेंसी में डिहाइड्रेशन से बचें- Prevent Dehydration in Pregnancy
कम पानी पीने के कारण पेट में दर्द होने लगता है। पानी की कमी से कब्ज की समस्या होती है और पेट दर्द होता है। गर्भावस्था के दौरान करीब 8 से 10 कप पानी का सेवन सुरक्षित माना जाता है। ध्यान रहे कि खाने के तुरंत बाद पानी का सेवन करने से बचें। इससे पोषक तत्वों के फायदे आपके शरीर को नहीं मिलेंगे। भोजन खाने के 1 घंटे बाद ही पानी का सेवन करना चाहिए।
3. प्रेग्नेंसी में हल्का भोजन खाएं- Eat Light Food in Pregnancy
प्रेग्नेंसी में हल्का भोजन खाना चाहिए। अपनी डाइट में फाइबर रिच फूड्स को शामिल करें। ज्यादा से ज्यादा फल और सलाद को प्लेट का हिस्सा बनाएं। प्रेग्नेंसी में ज्यादा नॉन-वेज, सोडा ड्रिंक्स, मिर्च-मसाले वाला भोजन और ज्यादा मीठा खाने से बचें। इन चीजों का सेवन करने से पेट में जलन और एसिडिटी होती है। जब खाना ठीक से पचता नहीं है, तो पेट में दर्द होने लगता है। इसलिए प्रेग्नेंसी में पोषक तत्वों से भरपूर भोजन खाना चाहिए।
4. प्रेग्नेंसी में हल्के व्यायाम करें- Light Exercises in Pregnancy
प्रेग्नेंसी में कुछ महिलाएं एक्सरसाइज बिल्कुल नहीं करतीं। इस वजह से भी पेट दर्द हो सकता है। प्रेग्नेंसी में तला-भुना और हैवी खाना खाने के बाद गैस बनने लगती है। अगर आप व्यायाम नहीं करेंगी, तो पेट दर्द बना रहेगा। प्रेग्नेंसी में अपच और एसिडिटी कॉमन समस्याएं हैं। पेट दर्द की समस्या से बचने के लिए आपको घर पर ही हल्के व्यायाम और योग करने चाहिए। इसके अलावा खाने के आधे घंटे बाद तीस मिनट की वॉक जरूर करें।
इसे भी पढ़ें- पेट दर्द से छुटकारा पाने के लिए आजमाएं ये 5 घरेलू उपाय, जल्द मिलेगी राहत
5. डॉक्टर की सलाह के बगैर दवाएं न खाएं- Avoid Eating Medicine Without Doctor Advice
प्रेग्नेंसी में कई बार महिलाएं डॉक्टर की सलाह के बगैर दवाओं का सेवन कर लेती हैं। इससे उन्हें पेट दर्द की शिकायत हो सकती है। कुछ दवाओं को भोजन के साथ खाया जाता है और कुछ को भोजन के पहले या बाद में। इस नियम का पालन न करने के कारण पेट में दर्द हो सकता है। कुछ दवाओं की डोज हैवी होती है जिसके साथ डॉक्टर एसिडिटी की दवा भी देते हैं। लेकिन डॉक्टर की सलाह के बगैर दवा खा लेने से आपके डाइजेशन को नुकसान पहुंच सकता है। इन टिप्स को आजमाने से पेट में दर्द की समस्या से बच सकती हैं।
उम्मीद करते हैं आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।