Skin Lump Precautions in Hindi: त्वचा में गांठ होने पर जलन, सूजन और दर्द महसूस होता है। त्वचा में गांठ होने पर डॉक्टर सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड के जरिए चेक करते हैं कि गांठ कितनी बड़ी है और उसका संबंध कैंसर से है या नहीं। इसके बाद डॉक्टर माइनर सर्जरी की मदद से गांठ में जमा पस निकालकर दवा लगा देते हैं। यह प्रक्रिया 5 से 10 मिनट की होती है। दर्द का इलाज करने के लिए डॉक्टर दवा देते हैं। कैंसर वाली गांठ का इलाज लेजर या रेडिएशन थेरेपी की मदद से किया जाता है। लेकिन गांठ होने पर कुछ सावधानियों का ख्याल रखना चाहिए। ऐसा न करने पर गांठ बड़ा रूप ले सकती है और इसे ठीक होने में ज्यादा समय लगेगा। इसलिए आपको बताएंगे कुछ सावधानियां जिनका ख्याल गांठ के दौरान रखना चाहिए। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
1. गांठ वाले हिस्से को साफ रखें- Clean Lump Area
बैक्टीरियल या फंगल इन्फेक्शन के कारण भी गांठ बनती हैं। अगर आपके स्किन में गांठ नजर आ रही है, तो साफ-सफाई पर गौर करें। गांठ वाले हिस्से को माइल्ड साबुन और पानी की मदद से साफ करें। गांठ वाले हिस्से में डियो या परफ्यूम लगाने से बचें।
2. गांठ के ऊपर सिंकाई करें- Try Hot Compress Therapy
गांठ का इलाज करने के लिए गर्म सिंकाई की मदद ले सकते हैं। सिंकाई करने के लिए नमक को तवे पर सेंककर गर्म कर लें। अब एक सूती कपड़े में नमक की पोटली बांध लें। इस पोटली से गांठ की सिंकाई करें। सिंकाई करते वक्त, त्वचा पर जोर न डालें। इसके अलावा किसी भी तरह के घरेलू उपाय का प्रयोग गांठ के ऊपर करने से बचें।
3. गांठ को सुई से न फोड़ें- Avoid Picking or Squeezing Skin Lump
गांठ हो जाने पर कई लोग उसे सुई से फोड़ने का प्रयास करते हैं। लेकिन इस आदत से बचना चाहिए। गांठ को फोड़ने से इन्फेक्शन त्वचा के बड़े हिस्से में फैल सकता है। गांठ में पस जमा होता है। अगर आप गांठ को फोड़ने का प्रयास करेंगे, तो पस बाहर निकलेगा और संक्रमण का कारण बनेगा।
4. गांठ को नजरअंदाज न करें- Avoid Ignoring Skin Lump
अगर आपके शरीर के किसी भी हिस्से में गांठ हो गई है, तो उसे नजरअंदाज न करें। गांठ के आकार, रंग और उससे होने वाले दर्द की जांच करें। हर गांठ कैंसर नहीं होती लेकिन गांठ होना कैंसर का एक लक्षण हो सकता है। इसलिए शरीर में नजर आने वाली गांठ को चेक करने के लिए डॉक्टर से संपर्क करें।
इसे भी पढ़ें- त्वचा पर गांठ और बम्पस क्यों होते हैं? जानें इनके लक्षण और कारण
5. टाइट कपड़े पहनने से बचें- Avoid Tight Clothing
त्वचा में गांठ है, तो टाइट कपड़े पहनने से बचें। इससे सूजन और दर्द बढ़ सकता है। आपको गांठ होने पर कॉटन फैब्रिक के कपड़े पहनने चाहिए और गांठ वाले हिस्से को सूरज की यूवी रेज से भी बचना चाहिए। गांठ के ऊपर एंटीसेप्टिक क्रीम अप्लाई कर सकते हैं लेकिन घरेलू नुस्खों से बचना चाहिए।
इन्फेक्शन के कारण बनी गांठ 1 से 2 दिनों में ठीक हो जाती है लेकिन गांठ लगातर बढ़ रही है और त्वचा में महसूस हो रही है, तो डॉक्टर से इलाज करवाएं। कई बार गांठ का साइज बड़ा होने के कारण उसे ठीक होने में समय लगता है। यह लेख पसंद आया हो, तो शेयर करना न भूलें।