चेहरे पर एक्ने, पिंपल्स और दाग-धब्बे होने की समस्या से लोग अक्सर परेशान रहते हैं। लेकिन प्यूबर्टी के दौरान लड़की और लड़के दोनों के चेहरे पर पिंपल्स निकलने की समस्या काफी आम हो जाती है। दरअसल, इस समय शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलावों के कारण सीबम का उत्पादन ज्यादा होता है, जिस कारण गाल और माथे पर बहुत सारे दाने निकल आते हैं। पिंपल्स के कारण चेहरा काफी खराब नजर आने लगता है। इतना ही नहीं यह स्किन पर जलन, दर्द और खुजली का कारण भी बनता है। ऐसे ही दिल्ली की रहने वाली रोशनी भारद्वाज, जो एक कॉलेज स्टूडेंट हैं, अपनी प्यूबर्टी के दौरान माथे पर पिंपल्स निकलने की समस्या से काफी परेशान थी। जिसके बाद उन्होने इस समस्या से राहत पाने के लिए घरेलू उपायों को आजमाया। आपको बता दें कि ओन्लीमायहेल्थ 'Skin care Diaries' नाम की स्पेशल सीरीज चला रहा है। इस सीरीज में पाठकों को इन्फ्लुएंसर्स के स्किन केयर रूटीन के साथ लेखकों और पाठकों द्वारा ट्राई एंड टेस्टेड होम रेमेडीज, दादी-नानी के नुस्खों के बारे में भी बताते रहेंगे। आज इस सीरीज में हम आपके साथ रोशनी भारद्वाज की रियल स्टोरी शेयर करने जा रहे हैं, जिसमें उन्होने माथे के दाने हटाने के लिए किन घरेलू नुस्खों को आजमाया इस बारे में बताएंगे।
माथे पर पिंपल्स होने की समस्या से परेशान थीं रोशनी
रोशनी बताती हैं कि, "टीनेजर की उम्र आने के बाद शरीर में हार्मोनल बदलाव होने के कारण मेरे चेहरे पर बहुत ज्यादा दाने निकलने लगे। खासकर मेरे माथा दानों से भरा होता है। जिसके बाद मैंने इससे छुटकारा पाने के लिए मार्केट में मिलने वाले कई स्किन केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल किया, लेकिन मुझे उनसे कोई खास फायदा नहीं मिला। मेरी स्किन काफी सेंसिटिव है, इस वजह से चेहरे पर स्किन केयर प्रोडक्ट्स ने शायद उल्टा असर दिखाया। जिसके बाद मैंने अपने स्किन टाइप के अनुसार कुछ होम रेमेडीज सर्च की और अपने चेहरे पर लगाना शुरु किया।" आगे बताते हुए रोशनी ने बताया कि, "मैंने अपने माथे के दाने से छुटकारा पाने के लिए बेसन का होममेड फेस वॉश और चंदन का फेस मास्क लगाना शुरु किया। जिसके बाद धीरे-धीरे मेरे माथे के दाने कम होने लगे। इतना ही नही, माथे पर दानों के कारण होने वाली जलन और खुजली से भी राहत मिली।"
इसे भी पढ़ें: क्या स्किनकेयर प्रोडक्ट्स हार्मोन्स को प्रभावित कर सकते हैं? एक्सपर्ट से जानें
पिंपल्स फ्री स्किन के लिए लगाया चंदन का फेस मास्क
रोशनी बताती है कि वे माथे के दानों को हटाने के लिए घरेलू उपायों में चंदन फेस मास्क का इस्तेमाल करती है। कई समय से रोशनी अपने चेहरे पर चंदन, शहद और दूध या दही को मिलाकर अपने चेहरे पर लगाती है, जिससे न सिर्फ माथे के दाने हल्के हुए हैं, बल्कि स्किन की खुजली और अन्य समस्याओं से भी राहत मिली है। आइए जानते हैं इस फेस मास्क को बनाने का तरीका और फायदे
चंदन से फेस मास्क कैसे बनाएं?
सामग्री-
- चंदन पाउडर- 1 बड़ा चम्मच
- शहद- 1 छोटा चम्मच
- दही या दूध- 1-2 बड़े चम्मच
बनाने की विधि-
- एक बाउल में चंदन पाउडर को शहद और दही या दूध के साथ मिलाएं।
- एक चिकना पेस्ट बनने तक इस मिश्रण को अच्छी तरह हिलाएं।
- अपना चेहरा साफ करके इसे अपने चेहरे और माथे पर समान रूप से लगाएं।
- मास्क को अपने चेहरे पर 15 मिनट तक लगा रहने दें।
- फिर चेहरे को नॉर्मल पानी से साफ कर लें।

माथे के पिंपल्स दूर करने के लिए चंदन फेस मास्क के फायदे
खूबसूरत मेकओवर की ब्यूटी एक्सपर्ट, पूजा गोयल के अनुसार चंदन में रोगाणुरोधी गुण होते हैं, जो पिंपल्स को पैदा करने वाले बैक्टीरिया से लड़ने में मदद करते हैं, जबकि इसका ठंडा प्रभाव मुहांसों के कारण होने वाले सूजन और रेडनेस को कम करता है। जबकि इसमें मौजूद शहद एक प्राकृतिक जीवाणुरोधी एजेंट के रूप में काम करता है, जो पिंपल्स को ठीक करता है और उसके आकार को कम करता है। साथ ही स्किन को ड्राई होने से भी रोकता है।
माथे के पिंपल्स हटाने के लिए घर पर बेसन का फेस वॉश कैसे बनाएं?
सामग्री-
- बेसन- 1 बड़ा चम्मच
- हल्दी- एक चुटकी (वैकल्पिक)
- गुलाब जल या सादा पानी- जरुरत के अनुसार
बनाने की विधि-
- बेसन में एक चुटकी हल्दी (अगर आप मिलाना चाहते हैं) और गुलाब डल के साथ एक चिकना पेस्ट बना लें।
- फिर इस मिश्रण को अपने चेहरे, खासकर पिंपल वाली स्किन पर लगाएं।
- फेस पर इस पेस्ट को लगाने के बाद सर्कुलेशन मोशन में मसाज करें।
- इस पेस्ट को अपने चेहरे पर 1 से 2 मिनट तक लगा रहने दें, फिर गुनगुने पानी से चेहरा अच्छी तरह धो लें।
माथे के मुहांसों के लिए बेसन के फायदे
ब्यूटी एक्सपर्ट पूजा गोयल ने बताया कि बेसन आपके चेहरे से एक्सट्रा ऑयल सोख लेता है, जो बंद पोर्स को कम कर सकता है, जिससे पिंपल्स होने की समस्या को कम किया जा सकता है। इस फेस वॉश का इस्तेमाल करने से स्किन से डेड स्किन सेल्स को हटाने में मदद मिल सकती है, जिससे स्किन साफ होती है। जबकि हल्दी में एंटीसेप्टिक और सूजनरोधी गुण होते हैं, जो पिंपल्स के कारण होने वाली सूजन को कम करने और दानों को ठीक करने में मदद करता है। गुलाब जल का उपयोग आपकी चिड़चिड़ी त्वचा को शांत करता है और इसका पीएच संतुलन बनाए रखने में मदद करता है, जो पिंपल्स के होने का कारण बन सकते हैं।
चंदन के फेस मास्क और बेसन के फेस वॉश से रोशनी को अपने स्किन पर काफी फर्क नजर आया। साथ ही उनके माथे के दाने भी कम हुए है। लेकिन ये घरेलू नुस्खे भले ही रोशनी द्वारा ट्राई और टेस्टेड हो, मगर सभी लोगों की स्किन अलग होती है। इसलिए किसी भी तरह के प्रोडक्ट या घरेलू नुस्खों को अपने चेहरे पर इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर कर लें। ताकि उस सामग्री के कारण होने वाले स्किन रैशेज और एलर्जी से आप बच सकें।
Image Credit: Freepik