
Reasons behind pooping after eating in hindi - आजकल अधिकतर लोग हेल्थ कॉन्शस हो गए हैं और अपने खान-पान को लेकर सर्तक रहते हैं। इसलिए पोषण से भरपूर भोजन को भी महत्व देते हैं। लेकिन अच्छा खानपान होने के बावजूद भी कुछ लोग एक ऐसी समस्या से ग्रस्त होते हैं, जिसका कारण उनको समझ नहीं आता है। दरअसल, कुछ लोगों को खाना खाते ही शौच जाना पड़ जाता है। इस वजह से वह काफी परेशान भी रहते हैं। लेकिन, इस समस्या को आम समझते हुए, डॉक्टर के पास नहीं जाते हैं। जबकि, भोजन के तुरंत बाद शौच जाने की समस्या को हल्के में नहीं लेना चाहिए, डॉक्टर को जरूर दिखाना चाहिए। इस लेख में झाइनोवा शैल्बी मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के वरिष्ठ गैस्ट्रोएनेट्रोलॉजिस्ट डॉ. विकास पांडे आपको विस्तार से बता रहे हैं कि खाना खाने के तुरंत बाद शौच जाने के असल कारण क्या होते हैं? और इससे बचाव कैसे संभव है।
अधिक फाइबर या मसालेदार भोजन है वजह
जी हां, आपने सही सुना है। फाइबर की अधिक मात्रा लेने के कारण भी ऐसी समस्या होती है। कहने का मतलब है कि आप जरूरत से ज्यादा फाइबर अपने खाने में लें तो खाने के तुरंत बाद शौच जाने की जरूरत महसूस हो जाती है। साथ ही अधिक मसालेदार भोजन भी इस तरह की समस्या को पैदा करता है। इसलिए अगर आपको खाने के तुरंत बाद शौच जाने की समस्या लंबे समय से बनी हुई तो आप अपने फाइबर और मसालेदार भोजन को कम करें। सीमित मात्रा में ही इनको अपनी डाइट में लें।
इसे भी पढ़ें: खाना खाते ही शौच के लिए भागना पड़ता है टॉयलेट तो इन 5 उपायों से दूर हो सकती है आपकी समस्या
फूड एलर्जी भी है कारण
खाने के तुरंत बाद ही शौच जाने की समस्या, किसी एलर्जी का संकेत भी हो सकती है। संभव है कि आपको किसी खास तरह के भोजन से एलर्जी हो, जिसके बारे में आपको जानकारी ना हो। इसलिए पहले, तो आप डॉक्टर के पास जाकर अपने एलर्जी फूड के बारे में जानें और बाद में, उन्हें अपने आहार से अलग कर दें। इस तरह, आपको खाने के बाद शौच जाने की समस्या से काफी राहत मिल सकती है।
इसे भी पढ़ें: दिन में बार-बार शौच जाना हो सकता है इन बीमारियों का लक्षण, जानें इलाज और बचाव
इर्रिटेबल बाउल सिंड्रोम
इर्रिटेबल बाउल सिंड्रोम, एक तरह का आंतों का रोग होता है। इस कारण पेशेंट को कई तरह की पेट संबंधी परेशानियां होती हैं। इन्हीं समस्याओं में से एक खाने के तुरंत बाद शौच जाना भी है। इसलिए जरूरी है कि आप इर्रिटेबल बाउल सिंड्रोम की जांच कराएं और इसके बाद सही उपचार लें।
शुगर मालएब्जॉर्प्शन
हर भोजन में शुगर की अपनी मात्रा होती है। ऐसे में जब हम कोई भोजन करते हैं, तो हमारा शरीर शुगर को ठीक से अवशोषित नहीं कर पाता है। इस समस्या को शुगर मालएब्जॉर्प्शन की समस्या कहते हैं। ऐसा होने पर भी भोजन के तुरंत बाद शौच जाने की दिक्कत बढ़ जाती है। इसलिए जरूरी है कि जिन भोजन में बहुत अधिक शुगर की मात्रा हो, उन्हें डॉक्टर की सलाह के बाद कम से कम खाया जाए।
इतना ही नहीं, ऊपर बताई गई कोई भी समस्या आपको है, तो आप डॉक्टर के पास जरूर जाएं। इन दिक्कतों को बिल्कुल भी नजरअंदाज ना करें। वरना आगे चलकर भोजन के बाद शौच जाने की दिक्कत, बड़ी हेल्थ प्रॉब्लम का कारण बन सकती है।
image credit: freepik