
Navratri 2022 Special: सुबह से लेकर रात के खाने तक में ऐसी चीजों का सेवन करना जरूरी होता है, जो पोषक तत्वों से भरपूर हों। वैसे तो लोग अच्छी डाइट लेते ही हैं, लेकिन जब वे व्रत रखते हैं तो वो अपने खाने पर विशेष ध्यान नहीं देते हैं और पूरे दिन भूखे पेट ही व्रत रखते हैं। नवरात्रि आ रही हैं और इसमें लोग पूरे 9 दिन के व्रत रखते हैं। लेकिन इस दौरान वे अन्न से दूरी बना लेते हैं, जो उनकी सेहत के लिए सही नहीं होता है। अगर आप भी इस नवरात्रि व्रत रखने के बारे में सोच रहे हैं, तो आप व्रत के दौरान स्वादिष्ट और सेहत से भरपूर फलाहारी कच्चे केले की टिक्की खा सकते हैं, जिससे आपको कई जरूरी पोषक तत्व मिलेंगे और शरीर में एनर्जी बनी रहेगी।
तो चलिए ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा हॉस्पिटल की डॉक्टर आयशा सलमानी से जानते हैं, फलाहारी कच्चे केले की टिक्की का सेवन करने से शरीर को क्या फायदे मिलते हैं। इसके साथ ही जानें इसकी रेसिपी भी।
कच्चे केले में होते हैं ढेर सारे पोषक तत्व
डॉ. आयशा सलमानी बताती हैं, नवरात्रि में व्रत के दौरान आपको अपनी डाइट का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। ऐसे में आप कच्चे केले की टिक्की का सेवन कर सकते हैं। इससे सेहत को कई लाभ मिलते हैं। कच्चे केले की टिक्की खाने से आपको फाइबर और हेल्दी स्टार्च मिलेगा। इससे आपके पेट को फायदा मिलता है व कब्ज आदि से भी राहत पहुंचती है। कच्चे केले की टिक्की का सेवन करने से आपको पेट भरा हुआ महसूस होता है और जल्दी भूख नहीं लगती। इसमें विटामिन बी6 और विटामिन सी प्रचुर मात्रा में पाया जाता है इसलिए कच्चे केले की टिक्की खाने से आपके शरीर को एनर्जी मिलती है। इसके साथ ही यह आपके शरीर को रोगों से लड़ने के लिए मजबूत बनाता है। इसमें मौजूद पोटेशियम किडनी के लिए फायदेमंद होता है और ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखने का भी काम करता है।
कच्चे केले के फायदे
- भूख नियंत्रित करे
- वजन घटाने में मददगार
- पाचन क्षमता बढ़ाए
- शुगर नियंत्रित करने में सहायक
- गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल रोग में लाभकारी
- दिल को रखे सेहतमंद
- त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद

कच्चे केले की टिक्की बनाने के लिए जरूरी सामग्री
कच्चे केले - 4
कॉर्न फ्लोर - 2 चम्मच
बारीक कटी हुई हरी मिर्च - 4
लाल मिर्च पाउडर - 1 चम्मच
काली मिर्च - 1/2 चम्मच
नींबू का रस - 1 बड़ा चम्मच
हल्दी पाउडर - 1/2 चम्मच
तिल - 1/2 चम्मच
धनिया पाउडर - 1/2 चम्मच
गरम मसाला - 1/2 चम्मच
नमक स्वाद के अनुसार
तेल या घी
इसे भी पढ़ें- नवरात्रि व्रत में कैसा होना चाहिए आपका आहार? डायटीशियन स्वाती बाथवाल से जानें क्या खाएं, क्या नहीं
कच्चे केले की टिक्की की रेसिपी
- एक भगोने में पानी गर्म होने के लिए रखें।
- पानी गर्म होने के बाद इसमें कच्चे केले डालें।
- कच्चे केलों को मुलायम होने तक उबालें।
- ठंडा होने के बाद इनका छिलका निकाल दें।
- अब एक बाउल में केले मैश कर लें।
- इसमें लाल मिर्च पाउडर, कॉर्न फ्लोर, नींबू का रस, धनिया पाउडर और गरम मसाला आदि डालकर ठीक से मिक्स करें।
- तैयार किए गए मिश्रण की छोटी-छोटी टिक्की बना लें।
- इसके बाद एक कढ़ाई में तेल या घी गर्म करें।
- इसमें टिक्की डालकर दोनों तरफ ब्राउन होने तक पकाएं।
- स्वादिष्ट टिक्की तैयार हैं अब इन्हें बारीक कटी हुई धनिया पत्ती से सजाएं।
कच्चे केले की टिक्की स्वादिष्ट होने के साथ ही सेहत के लिए भी बहुत लाभकारी होती है। इसका सेवन व्रत के दौरान करने से आपके शरीर में ऊर्जा बनी रहेगी। इसे बनाने के लिए सेंधा नमक उपयोग करें। अगर आप कुट्टू का आटा खाते हैं, तो आप इसे कॉर्न फ्लोर की जगह इस्तेमाल कर सकते हैं। आप कच्चे केले की टिक्की को व्रत के अलावा भी स्नैक्स टाइम पर चाय-कॉफी के साथ खा सकते हैं।