वो समय और था जब मोटापे को व्यक्ति की संपन्नता से जोड़कर देखा जाता था। आज दुनिया की आधी से ज्यादा आबादी मोटापे की चपेट में है और यही कारण है कि लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारियां जैसे- डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, कैंसर, हार्ट अटैक आदि के मामले बढ़े हैं और लगातार बढ़ ही रहे हैं। मोटापे को बढ़ाने में हमारे खानपान की तो बड़ी भूमिका होती ही है, साथ ही खानपान के नियमों का सही से पालन न करने से भी मोटापा हो सकता है।
पुराने समय में बहुत सारे लोग सूरज ढलने से पहले ही दिन का आखिरी भोजन कर लेते थे। बहुत सारे साधु-सन्यासी आज भी इस नियम का पालन करते हैं। इसके पीछे कारण यही है कि खाने और सोने के समय में थोड़ा अंतराल जरूरी है। हम सबके घरों में कई बार बड़े-बुजुर्ग सलाह देते हैं कि खाना खाने के बाद तुरंत लेटना या सोना नहीं चाहिए, बल्कि कम से कम 10-15 मिनट पैदल चलना चाहिए। कुछ लोग इसे मानते हैं और कुछ लोग नहीं मानते हैं। मगर हाल में ही वैज्ञानिकों ने रिसर्च में भी इस तथ्य को सही पाया है कि खाने के बाद तुरंत सोने से मोटापा बढ़ता है। इस स्टडी को Journal of Clinical Endocrinology & Metabolism में छापा गया है।
खाना खाने के बाद बढ़ता है ब्लड शुगर
खाना खाने के तुरंत बाद शरीर का ब्लड शुगर लेवल बढ़ जाता है। वैज्ञानिकों के अनुसार रात का खाना खाने के बाद तुरंत सो जाने से शरीर में बढ़ने वाला ब्लड शुगर लेवल खतरनाक हो सकता है और मोटापे का कारण बन सकता है। इसके अलावा दिन के समय भी अधिक मात्रा में कैलोरीज का सेवन करने से मोटापा तो होता ही है, साथ ही मेटाबॉलिक सिंड्रोम का खतरा भी बढ़ता है।
इसे भी पढ़ें: वजन घटाने की शुरुआत कर रहे हैं तो पहले जान लें 6 जरूरी नियम, ताकि बेकार न जाए आपकी मेहनत
क्यों बढ़ता है डिनर के बाद सोने से मोटापा?
स्टडी के लेखक और Johns Hopkins University को रिसर्चर Jonathan C. Jun कहते हैं, "इस अध्ययन में हमने पाया कि रात में देर से डिनर करने से शरीर में ग्लूकोज का स्तर असामान्य होता है, जिससे मेटाबॉलिज्म पर असर पड़ता है। इसके कारण फैट बर्न होने की गति धीमी हो जाती है। हालांकि देर रात में खाना खाने की आदत अलग-अलग लोगों को उनके सोने के समय के आधार पर अलग-अलग तरह से प्रभावित करती है। जो लोग अक्सर देर रात में खाना खाते हैं और जल्दी ही सो जाते हैं, उन्हें डायबिटीज और मोटापे जैसी समस्याएं हो सकती हैं।"
पाचन पर भी पड़ता है असर
जब हम सो रहे होते हैं, तो हमारे शरीर की क्रियाएं (Body Functions) भी धीमी हो जाती हैं। इनमें पाचन भी शामिल है। यही कारण है कि अगर आप रात में खाना खाने के तुरंत बाद सो जाते हैं, तो इससे आपका खाना अच्छी तरह नहीं पचता है और आपको अपच, बदहजमी, पेट में भारीपन, ब्लोटिंग आदि की समस्या हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: वजन घटाने के लिए मूंगफली से बेहतर स्नैक कोई नहीं, जानें कैसी मूंगफली खानी चाहिए और कैसे वजन घटाती है मूंगफली?
कैसे की गई रिसर्च?
इस रिसर्च के लिए वैज्ञानिकों ने 20 स्वस्थ लोगों को चुना जिनमें से 10 पुरुष और 10 महिलाएं थीं। इन्हें अलग-अलग समूहों में बांटा गया। एक समूह को रात में 10 बजे खाना दिया गया और दूसरे समूह को शाम को 6 बजे खाना दिया गया। लेकिन दोनों समूहों के लोगों के सोने का टाइम फिक्स रखा गया, जो कि रात 11 बजे था। वैज्ञानिकों ने पाया कि जो समूह रात 10 बजे डिनर करके 11 बजे सो जाता था, उनके शरीर में ब्लड शुगर बहुत अधिक बढ़ा है और फैट बहुत कम बर्न हो रहा है, जबकि दूसरे समूह के लोगों में ये समस्याएं नहीं देखी गईं।
देर रात डिनर करने वाले लोगों में औसतन 18% ज्यादा शुगर पाया गया, जबकि 6 बजे शाम को डिनर करने वालों की अपेक्षा 10 बजे डिनर करने वाले समूह के लोगों का फैट 10% धीमी गति से बर्न हो रहा था। हालांकि ये अध्ययन अभी बहुत छोटे समूह में किया गया है, इसलिए और अधिक स्पष्ट जानकारी के लिए बड़े स्तर पर अध्ययन किए जाने की जरूरत है।
Read More Articles on Weight Management in Hindi
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version