
यह बात हर उस व्यक्ति से जुड़ी है जो फिट रहने के लिए रोजाना वॉक करता है। सुबह की ताजी हवा, हल्की धूप और वॉक, ये सब दिन की शानदार शुरुआत बनाते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जहां आप वॉक करते हैं, वह जगह आपके घुटनों की हेल्थ को कितना प्रभावित कर सकती है? खासकर तब, जब आप रोजाना पक्की सड़क, सीमेंटेड या हार्ड सरफेस पर वॉक कर रहे हों। अक्सर लोग सोचते हैं कि वॉक करना तो हमेशा फायदेमंद ही है, फिर सरफेस कैसा भी हो, घास, मिट्टी, सीमेंट या टाइल्स लेकिन एक्सपर्ट्स की मानें तो बात इतनी सरल नहीं है। हार्ड सरफेस पर वॉक करना आपके घुटनों पर अनजाने में अतिरिक्त दबाव डालता है, जो समय के साथ दर्द, सूजन या जॉइंट स्टिफनेस जैसी समस्याओं को जन्म दे सकता है। इस लेख में मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटपड़गंज, दिल्ली, प्रिंसिपल कंसल्टेंट, ऑर्थोपेडिक्स और जॉइंट रिप्लेसमेंट डॉ. दीपक अरोड़ा (Dr. Deepak Arora, Principal Consultant, Orthopaedics & Joint Replacement, Max Super Speciality Hospital, Patparganj, Delhi) से जानिए, पक्की सड़क यानी हार्ड सरफेस पर चलने का घुटनों पर क्या असर होता है?
पक्की सड़क यानी हार्ड सरफेस पर चलने का घुटनों पर क्या असर होता है? - Is Walking on Hard Surfaces Bad for Your Knees
डॉ. दीपक अरोड़ा कहते हैं कि वॉक करना एक बेहतरीन एक्सरसाइज है और इसे रोज करना शरीर के लिए आवश्यक है, लेकिन वॉक की क्वालिटी और सुरक्षा काफी हद तक उस सतह पर निर्भर करती है जिस पर आप चलते हैं। डॉ. अरोड़ा बताते हैं कि हार्ड सरफेस, जैसे कंक्रीट की सड़कें, पक्के फुटपाथ और टाइल वाले रास्ते ज्यादा सख्त होते हैं और इन पर चलने से घुटनों पर अधिक झटका (impact) पड़ता है। जब आप हर कदम रखते हैं, तो शरीर का वजन घुटनों और ऐड़ियों पर सीधा दबाव डालता है। नतीजा समय के साथ घुटने दर्द करने लगते हैं या पहले से मौजूद जॉइंट पेन बढ़ सकता है।
इसे भी पढ़ें: माइंडफुल वॉकिंग तनाव कम करने में कैसे मदद कर सकती है? एक्सपर्ट से जानें
- बहुत से लोग वॉकिंग के लिए सामान्य स्पोर्ट्स शूज या कभी-कभी पुराने जूते पहन लेते हैं जो घुटनों को सपोर्ट नहीं दे पाते।
- डॉ. अरोड़ा स्पष्ट कहते हैं कि अगर आप पक्की सड़क पर वॉक करते हैं, तो आपके शूज में अच्छा कुशन होना बेहद जरूरी है।
- अच्छे कुशन वाले जूते आपकी एड़ी और घुटनों पर पड़ने वाले झटके को काफी हद तक कम कर देते हैं।
- जबकि कम कुशन वाले या पुराने जूते घुटनों पर अधिक दबाव डालते हैं, जिससे दर्द बढ़ सकता है या आगे चलकर अर्थराइटिस जैसी समस्याएं होने का खतरा रहता है।
इसे भी पढ़ें: क्या एक्सरसाइज और वॉकिंग से लिवर सिरोसिस की कंडीशन में सुधार हो सकता है? जानें एक्सपर्ट से

डॉक्टर की सलाह
डॉ. अरोड़ा कहते हैं, "घास या मिट्टी जैसे नेचुरल सॉफ्ट सरफेस घुटनों को झटका कम देते हैं और रनिंग के लिए बेहतर होते हैं। इसके मुकाबले हार्ड सरफेस घुटने जल्दी खराब कर सकते हैं।" अगर आप रनिंग करते हैं, तो खतरा और बढ़ जाता है। रनिंग में कदमों की स्पीड और इम्पैक्ट ज्यादा होता है, इसलिए हार्ड सरफेस पर दौड़ने से घुटनों पर पड़ने वाला दबाव घास या ट्रेडमिल की तुलना में कई गुना बढ़ जाता है।
निष्कर्ष
वॉकिंग शरीर के लिए बेहद फायदेमंद है, लेकिन इसे सही तरह से करना ही जरूरी है। हार्ड सरफेस पर रोजाना वॉक करने से घुटनों पर दबाव बढ़ता है, लेकिन सही कुशन वाले जूते इस खतरे को काफी हद तक कम कर सकते हैं। रनिंग के लिए घास या ट्रेडमिल जैसे सॉफ्ट सरफेस बेहतर हैं। डॉ. दीपक अरोड़ा का सुझाव साफ है, वॉक करें, जरूर करें, लेकिन सही सतह और सही जूतों का चुनाव आपके घुटनों को लंबे समय तक सुरक्षित रख सकता है।
All Images Credit- Freepik
यह विडियो भी देखें
FAQ
क्या रोजाना वॉक करने से घुटने कमजोर हो जाते हैं?
सही तरीके से और सही सरफेस पर वॉक करना घुटनों की मांसपेशियों को मजबूत करता है लेकिन गलत फुटवियर या हार्ड सरफेस पर लगातार वॉक करने से घुटनों पर दबाव बढ़ सकता है, जिससे दर्द या कमजोरी हो सकती है।क्या वजन बढ़ने से घुटने की समस्या हो सकती है?
हर 1 किलो ज्यादा वजन घुटनों पर लगभग 3-4 किलो ज्यादा लोड डालता है। इससे घुटने जल्दी खराब हो सकते हैं या ओस्टियोअर्थराइटिस का खतरा बढ़ सकता है।क्या ठंड के मौसम में घुटनों का दर्द बढ़ जाता है?
सर्दियों में मांसपेशियां और लिगामेंट्स सख्त (stiff) हो जाते हैं, जिससे दर्द बढ़ सकता है। हल्की एक्सरसाइज, गर्म तेल से मसाज और गर्म कपड़े इससे राहत दे सकते हैं।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version
Nov 25, 2025 16:56 IST
Published By : Akanksha Tiwari