Is it Possible to Delay Menopause : आजकल लोगों के बीच पीरियड्स और इसके कारण होने वाली अन्य स्थितियों और समस्याओं को लेकर जागरूकता बढ़ती जा रही है। इसी कड़ी में आप सभी ने पीरियड्स के पुरे महीने चलने वाले चरणों से लेकर पीरियड्स के बंद होने वाली स्थिति "मेनोपॉज" के बारे में जरूर सुना होगा। अगर आपने इस बारे में नहीं सुना है, तो मेनोपॉज महिलाओं के मासिक धर्म चक्र (Menstrual Cycle) का अंत होता है। यह एक नेचुरल प्रोसेस है, जो उम्र बढ़ने के साथ शुरू होती है। मेनोपॉज के दौरान, महिलाओं के शरीर में हार्मोनल बदलाव होते हैं। इस स्थिति में पीरियड्स बंद हो जाते हैं। बता दें कि मेनोपॉज के बाद महिलाएं गर्भधारण नहीं कर पाती हैं। आज के इस आर्टिकल में हम मेनोपॉज से जुड़े बहुत अहम सवाल का जवाब जानेंगे। दरअसल, आपने महिलाओं को पीरियड्स लेट करने के लिए दवाइयों का सेवन और घरेलू नुस्खे अपनाते हुए देखा आया सुना होगा। आजकल यह बहुत ही आम बात है, लेकिन क्या आपने कभी मेनोपॉज को लेट करने के बारे में सुना है? अगर नहीं, तो आज हम डॉ. मन्नन गुप्ता, अध्यक्ष और एचओडी, प्रसूति एवं स्त्री रोग, एलांटिस हेल्थकेयर, लाजपत नगर, नई दिल्ली (By Dr. Mannan Gupta, Chairperson & HOD, Obstetrics and Gynaecology, Elantis Healthcare, Lajpat Nagar, New Delhi) से जानेंगे कि क्या सच में मेनोपॉज को रोका जा सकता है?
क्या मेनोपॉज को लेट किया जा सकता है?- Can Menopause be Delayed
मेनोपॉज एक नेचुरल बायोलॉजिकल प्रोसेस है, जो एक महिला के रिप्रोडक्टिव सालों के अंत का प्रतीक है। आमतौर पर यह स्थिति 45 और 55 वर्ष की उम्र के बीच होती है। इस स्थिति में ओवेरियन फंक्शन और एस्ट्रोजन प्रोडक्शन में कमी आ जाती है। मेनोपॉज को पूरी तरह रोका नहीं जा सकता है, लेकिन कई महिलाओं के मन में यह सवाल उठता है कि क्या मेनोपॉज की स्थिति में देरी की जा सकती है? जी हां, कई शोध से पता चलता है कि लाइफस्टाइल विकल्पों, चिकित्सा हस्तक्षेप और कुछ उपचार मेनोपॉज के समय को प्रभावित कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- मेनोपॉज का पाचन-तंत्र पर कैसा होता है असर? जानें डॉक्टर से
कारक जो मेनोपॉज में देरी कर सकते हैं - Factors that can Delay Menopause
1. स्वस्थ आहार और पोषण
बता दें कि एंटी-ऑक्सीडेंट्स, विटामिन और स्वस्थ वसा से भरपूर संतुलित आहार खाने से ओवेरियन फंक्शन को बनाए रखने में मदद मिल सकती है। ऐसे में महिलाएं एंटी-ऑक्सीडेंट से भरपूर पत्तेदार साग, जामुन और मेवे, हार्मोन को बैलेंस करने के लिए साबुत अनाज और लीं प्रोटीन और ओमेगा-3 के लिए मछली और अलसी के बीजों का सेवन कर सकती हैं। महिलाएं डाइट पर ध्यान देकर मेनोपॉज को लेट कर सकती हैं।
2. नियमित एक्सरसाइज और वेट मैनेजमेंट
अगर महिलाएं मेनोपॉज को लेट करना चाहती हैं, तो उन्हें शारीरिक रूप से सक्रिय रहें की जरूरत है। हेल्दी लाइफस्टाइल की मदद से हार्मोनल संतुलन और ओवरऑल फर्टिलिटी हेल्थ को सुधारने में मदद मिल सकती है। ऐसे में महिलाएं योग, पिलेट्स और स्ट्रेंथ ट्रेनिंग जैसी एक्सरसाइज कर सकती हैं। इससे ओवरीज में ब्लड सर्कुलेशन सुधरती है। साथ ही, स्वस्थ वजन बनाए रखना भी जरूरी है, क्योंकि ज्यादा वजन बढ़ना या कम होना हार्मोनल बैलेंस को बिगाड़ सकता है।
3. स्ट्रेस मैनेजमेंट
क्रोनिक स्ट्रेस महिलाओं के शरीर में कोर्टिसोल हार्मोन के स्तर में वृद्धि होती है, जो ओवरीज की उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को तेज कर सकता है। ऐसे में स्ट्रेस को मैनेज करना बहुत जरूरी हो जाता है। इसके लिए आप ध्यान, गहरी सांस लेना और माइंडफुलनेस जैसी एक्टिविटी को फॉलो कर सकते हैं। इससे तनाव हार्मोन को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है।
4. हॉरमोन रिप्लेसमेंट थेरेपी (HRT)
बता दें कि हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी (HRT) का इस्तेमाल आम तौर पर मेनोपॉज के लक्षणों को कंट्रोल करने के लिए किया जाता है। कुछ अध्ययनों से पता चलता है कि यह मेनोपॉज में देरी करने के लिए भी मददगार साबित हो सकती है। हालांकि, इस थेरेपी को बिना किसी अच्छे डॉक्टर की सलाह और देखरेख के नहीं करवाना चाहिए। इससे रक्त के थक्के जमने और कुछ कैंसर का जोखिम बढ़ता है।
क्या मेनोपॉज में देरी करना सुरक्षित है?- Is it Safe to Delay Menopause
मेनोपॉज में देरी करने से लंबे समय तक प्रजनन क्षमता और ऑस्टियोपोरोसिस के जोखिम में कमी जैसे लाभ मिल सकते हैं। हालांकि, आपको इसके फायदे और नुकसान दोनों के बारे में अच्छी तरह से पता होना चाहिए। कई मामलों में मेनोपॉज को लेट करने से हृदय स्वास्थ्य और कैंसर के जोखिम बढ़ सकता है। आपको कोई भी फैसला लेने से पहले स्त्री रोग विशेषज्ञ से परामर्श करना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- मेनोपॉज के दौरान बहुत ज्यादा भूख लगने के पीछे क्या कारण है? जानें डॉक्टर से
मेनोपॉज जीवन का एक स्वाभाविक चरण है, लेकिन इसकी शुरुआत को लाइफस्टाइल और उभरती हुई चिकित्सा प्रगति से प्रभावित किया जा सकता है। कुछ तरीकों की मदद से मेनोपॉज में देरी कर सकते हैं। हालांकि, इससे ओवरऑल हेल्थ पर भी असर हो सकता है। यही वजह है कि महिलाओं को कोई भी फैसला लेने से पहले किसी अच्छे डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।