आजकल की तेज-तर्रार लाइफस्टाइल में आंखों से संबंधित समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। चश्मे या कॉन्टैक्ट लेंस के बजाय इन समस्याओं को स्थायी रूप से ठीक करने के लिए लोग डॉक्टर की सलाह अनुसार लेसिक सर्जरी का सहारा लेते हैं। यह एक लेजर प्रक्रिया है, जो कुछ मिनटों में हो जाती है और इससे आंखों की दृष्टि में सुधार होता है। लेसिक सर्जरी के माध्यम से आंख के कॉर्निया को आकार दिया जाता है, जिससे आंखों पर पड़ने वाली रोशनी सही तरीके से केंद्रित हो सके और दृष्टि दोष दूर हो सके। हालांकि, लेसिक सर्जरी के बाद कुछ सामान्य परेशानियां सामने आ सकती हैं, जैसे आंखों में सूखापन, हल्का दर्द या आंखों के सफेद हिस्से पर छोटे-छोटे लाल धब्बे। हाल ही में लेजर आई सर्जन डॉक्टर हर्षवर्धन रेड्डी ने लेसिक सर्जरी के बाद आखों में होने वाले लाल धब्बों के बारे में बताया है।
लेसिक सर्जरी के बाद आंखों में छोटे-छोटे लाल धब्बे क्यों होते हैं?
लेसिक सर्जरी के दौरान, आंखों में माइक्रो ब्लड वैसल्स में दबाव के कारण छोटे-छोटे लाल धब्बे हो सकते हैं। यह स्थिति तब होती है जब सर्जन आपकी आंख को स्थिर रखने के लिए सक्शन रिंग का उपयोग करते हैं। यह दबाव ब्लड वैसल्स को प्रभावित कर सकता है, जिससे आंख की सफेद सतह पर छोटे लाल धब्बे दिखाई दे सकते हैं। जो सामान्य तौर पर सर्जरी के 2 दिन से लेकर 1 सप्ताह के अंदर ठीक हो जाते हैं।
इसे भी पढ़ें: आंखों में ड्राईनेस और जलन से हैं परेशान? एक्सपर्ट से जानें आयुर्वेदिक उपचार
क्या यह स्थिति सामान्य है?
लेसिक सर्जरी के बाद आंखों में लाल धब्बे आना सामान्य है। यह समस्या ज्यादातर लोगों में हल्की होती है और इससे कोई नुकसान नहीं होता। सर्जरी के दौरान आंख पर दबाव डालने के कारण यह लाल धब्बे बनते हैं, जो कि अपने ठीक हो जाते हैं। इसका आपकी दृष्टि पर कोई नेगेटिव इफेक्ट नहीं पड़ता है और यह समय के साथ पूरी तरह से समाप्त हो जाता है।
इसे भी पढ़ें: आंखों से जुड़ी समस्याओं को दूर करने में फायदेमंद हैं ये 10 आयुर्वेदिक उपाय, रोशनी भी होगी तेज
क्या आंखों में लाल धब्बों के लिए उपचार जरूरी है?
आमतौर पर, इन लाल धब्बों के लिए किसी प्रकार के उपचार की जरूरत नहीं होती। यह समस्या समय के साथ अपने आप ठीक हो जाती है। हालांकि, अगर आपको दर्द या असुविधा हो रही हो, तो आपको अपने डॉक्टर से परामर्श करना चाहिए। लेसिक सर्जरी के बाद आंखों को पर्याप्त आराम दें और डॉक्टर की सलाह का पालन करें। लेसिक सर्जरी के बाद कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए ताकि आपकी आंखों में जल्दी से सुधार हो और कोई अन्य समस्या न हो। आंखों में किसी भी प्रकार की खुजली, जलन या दर्द होने पर डॉक्टर से संपर्क करें। धूल और धूप से बचाव के लिए धूप के चश्मे का उपयोग करें और आंखों को छूने से बचें।
निष्कर्ष
लेसिक सर्जरी के बाद आंखों में लाल धब्बे आना सामान्य होता है और इससे घबराने की जरूरत नहीं है। यह समस्या अपने आप ठीक हो जाती है। यदि आपको इसके बारे में कोई चिंता हो, तो अपने डॉक्टर से परामर्श करें। लेसिक के बाद सही देखभाल से आप अपनी दृष्टि को बेहतर बना सकते हैं और आंखों को जल्दी से ठीक कर सकते हैं।
View this post on Instagram
All Images Credit- Freepik