Is It Safe To Drink Water From Earthen Pots: गर्मियां शुरू होते ही कई लोग मटके का पानी पीना शुरू कर देते हैं। शहरों में मटके का इस्तेमाल कम देखने को मिल सकता है। लेकिन, गांव-कस्बों में कई लोग आज भी मटके का पानी पीना ही ज्यादा पसंद करते हैं। मटका मिट्टी से बना होता है इसलिए इसमें पानी दिनभर ठंड़ा रहता है। सेहत के नजरिए से भी इसे ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। प्राकृतिक धातु से बना होने के कारण इससे सेहत को कई फायदे भी मिलते हैं। कई लोग हर सीजन में एक ही मटका इस्तेमाल करते रहते हैं। लेकिन क्या पुराने मटके से पानी पीना सेफ होता है? क्या इससे सेहत को कोई नुकसान होता है? इसका जवाब जानने के लिए हमने सिरसा जिले के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा से बात की है। आइये लेख में एक्सपर्ट से समझें इस बारे में।
पहले जानें मटके का पानी क्यों फायदेमंद माना जाता है?
मटके में पानी प्राकृतिक रूप से ठंड़ा होता है इसलिए इससे शरीर को नुकसान नहीं होता है। यह पानी पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने में भी मदद करता है। यह शरीर के तापमान को संतुलित रखने में मदद करता है। साथ ही, मटके का पानी पीने से शरीर को कई मिनरल्स मिलते हैं।
क्या पुराने मटके से पानी पीना नुकसानदायक होता है? Is It Harmful To Drink Water From an Old Earthen Pot
आयुर्वेदिक एक्सपर्ट के मुताबिक, पुराने मटके को बार-बार इस्तेमाल में नहीं लाना चाहिए। अगर आप एक ही मटके को बार-बार इस्तेमाल करते हैं, तो इससे सेहत को नुकसान हो सकता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि पुराने मटके के छिद्र बंद हो जाते हैं। इस वजह से वाष्पिकरण नहीं हो पाता है और पानी ठंड़ा नहीं होता है। ऐसे में अगर आप इसमें पानी भरकर रखते भी हैं, तो पानी गर्म ही रहेगा।
इसे भी पढ़ें- गर्मियों में फ्रिज के बजाय रोज पिएं मटके का पानी, सेहत को मिलेंगे जबरदस्त फायदे
पुराने मटके का पानी क्यों नहीं पीना चाहिए? Why We Should Not Drink In Old Earthen
- पुराने मटके को अगर रखने से पहले सुखाया न जाए, तो इसमें बैक्टीरिया की ग्रोथ होने लगती है। अगर ऐसे में मटके को इस्तेमाल में लाया जाए, तो पानी के माध्यम से बैक्टीरिया शरीर में जा सकते हैं।
- पुराने मटके के छेद बंद होने से पानी में इसके मिनरल्स भी नहीं मिल पाते हैं। ऐसे में मटका पानी ठंड़ा भी नहीं करता है और शरीर को इसके तत्व भी नहीं मिल पाते हैं।
- पुराने मटके को अगर बिना धूप में सुखाए या गीला ही रख लिया जाए, तो इसमें काई जमने लगती है। कई बार मटके को साफ करने के बावजूद भी काई मटके के छिद्रों में जम जाती है। ऐसे में अगर इसमें पानी भरकर रखा जाए, तो इससे बीमारियां फैल सकती हैं।
इसे भी पढ़ें- गर्मियों में ठंडा पानी या मटके का पानी? एक्सपर्ट से जानें कौन सा है फायदेमंद
निष्कर्ष
पुराने मटके को बार-बार इस्तेमाल करना सेफ नहीं होता है। क्योंकि, मटका साफ न होने से इसमें बैक्टीरिया जमा होने लगते हैं, जो कई बीमारियों की वजह बन सकते हैं। पुराने मटके के पोर्स बंद होने के कारण इसमें पानी भी ठंड़ा नहीं होता है। इसलिए जब मटका पानी ठंड़ा करना बंद कर दे, तो इसे तुरंत बदल देना चाहिए। लेख में आपको सामान्य जानकारी दी गई है। इस बारे में ज्यादा जानने के लिए एक्सपर्ट से संपर्क करें।