इंफ्लुएंजा (Influenza), जिसे सीजनल फ्लू (seasonal Flu) भी कहा जाता है, एक कॉमन रेस्पिरेटरी इंफेक्शन (Respiratory Infection) है, जिसके कारण हर साल करोड़ों लोग बीमार होते हैं। मौसम में बदलाव के समय इस संक्रमण का खतरा ज्यादा होता है। आमतौर पर फ्लू बेहद कम खतरनाक माना जाता है। इससे संक्रमित ज्यादातर लोग कुछ दिनों के इलाज के बाद ठीक हो जाते हैं, लेकिन कुछ मामलों में ये जानलेवा साबित हो सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बीते दिनों इंफ्लुएंजा के आंकड़े जारी किए हैं, जिसके अनुसार हर साल इंफ्लुएंजा के कारण 2.9 लाख से लेकर 6.5 लाख लोगों की मौत होती है। संक्रामक होने के कारण कुछ लोग इसे 'वायरल बुखार' (Viral Fever) भी कहते हैं। ये बीमारी छींक और खांसी के माध्यम से एक व्यक्ति से दूसरे में फैल सकती है। इस लेख में हम आपको इंफ्लुएंजा या सीजनल फ्लू के बारे में कुछ महत्वपूर्ण फैक्ट्स बता रहे हैं, जिसे WHO ने जारी किए हैं। संक्रमण के बारे में ज्यादा जानकारी के लिए हमने सिद्धार्थनगर के जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ राम आशीष यादव से भी बात की है।
क्या होता है इंफ्लुएंजा या सीजनल फ्लू? | What is Influenza or Seasonal Flu in Hindi
इंफ्लुएंजा वायरस के कारण फैलने वाला संक्रमण सीजनल फ्लू या इंफ्लुएंजा कहलाता है। इसके कारण व्यक्ति का रेस्पिरेटरी सिस्टम यानी श्वसनतंत्र प्रभावित होता है। फ्लू के मामले दुनिया के हर हिस्से में पाए जाते हैं। हैरानी की बात ये है कि इंफ्लुएंजा से मरने वाले 5 साल से कम उम्र के 99% बच्चे विकसित देशों से होते हैं, यानी इस संक्रमण का असर विकसित देशों में भी काफी ज्यादा होता है। आमतौर पर संक्रमण के संपर्क में आने के 1 से 4 दिन के अंदर इंफ्लुएंजा के लक्षण नजर आते हैं और 7 से 10 दिन में ये ठीक हो जाते हैं। इंफ्लुएंजा संक्रमण के कुछ मामलों में व्यक्ति को हॉस्पिटल में एडमिट होना पड़ सकता है और ये जानलेवा भी साबित हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: खांसी, जुकाम और फ्लू के मौसम में बीमारियों से कैसे बचें? आयुष मंत्रालय ने बताए हैं ये आसान घरेलू नुस्खे
इंफ्लुएंजा के लक्षण क्या हैं? | Symptoms of Influenza or Seasonal Flu in Hindi
सीजनल फ्लू या इंफ्लुएंजा या वायरल के लक्षण आमतौर पर संक्रमण के 2 दिन बाद दिखना शुरू हो जाते हैं। आप इस संक्रमण को निम्न लक्षणों से पहचान सकते हैं।
- बुखार
- खांसी (सूखी)
- नाक बहना
- शरीर और जोड़ों में दर्द
- सिरदर्द
- बेचैनी और कमजोरी
- गले में खराश आदि।
किन लोगों को ज्यादा रहता है इंफ्लुएंजा या सीजनल फ्लू का खतरा? | High-Risk Groups for Influenza or Seasonal Flu in Hindi
इंफ्लुएंजा बहुत कॉमन इंफेक्शन है और संक्रामक भी है इसलिए ये बच्चों से लेकर बूढ़ों तक किसी को भी अपना शिकार बना सकता है। लेकिन कुछ लोगों को ये संक्रमण बहुत जल्दी हो सकता है, जैसे-
- गर्भवती महिलाएं
- 5 साल से कम उम्र के बच्चे
- 65 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्ग
- ऐसे लोग, जो पहले से गंभीर बीमारियों का शिकार हैं
- डॉक्टर्स और हेल्थ वर्कर्स आदि
इंफ्लुएंजा या सीजनल फ्लू को ठीक होने में कितना समय लगता है? | How Long Does The Influenza or Seasonal Flu Last?
आमतौर पर इंफ्लुएंजा से संक्रमित व्यक्ति को एक सप्ताह में आराम मिल जाता है। बहुत सारे लोगों में ये बिना किसी दवा/इलाज के घरेलू उपायों से भी ठीक हो जाता है, वहीं कुछ लोगों को हॉस्पिटल में ए़़डमिट करने की भी जरूरत पड़ सकती है। अगर किसी व्यक्ति की इम्यूनिटी बहुत कमजोर है या उसे पहले से कोई गंभीर बीमारी है (जैसे- एचआईवी, कैंसर, कार्डियक डिजीज आदि), तो उनके लिए ये संक्रमण जानलेवा भी साबित हो सकता है।
कैसे फैलता है इंफ्लुएंजा? | How Does Influenza or Seasonal Flu Spred?
इंफ्लुएंजा या सीजनल फ्लू का वायरस एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में छींकने, खांसने से निकलने वाली बूंदों के जरिए फैल सकता है। संक्रमित व्यक्ति के छींकने-खांसने के बाद इसका वायरस कुछ समय तक हवा में रहता है, जिससे उसी स्थान पर मौजूद दूसरे लोगों में ये वायरस आसानी से फैल जाता है। इसके अलावा छींक और खांस से निकलने वाली बूंदों को हाथ से साफ करने पर हाथ के संपर्क में आने वाली वस्तुएं पहले संक्रमित होती हैं और फिर इन वस्तुओं को इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति तक ये संक्रमण फैल सकता है।
इसे भी पढ़ें: इंफ्लुएंजा होने पर क्या खाएं और क्या नहीं?
इंफ्लुएंजा या सीजनल फ्लू का इलाज क्या है? | Treatment of Influenza or Seasonal Flu in Hindi
WHO के अनुसार जिन लोगों में संक्रमण के बाद सामान्य लक्षण हैं, वो निम्न बातों का ध्यान रखकर घर पर बिना दवा इलाज के ही ठीक हो सकते हैं।
- ज्यादा से ज्यादा आराम करें
- लिक्विड चीजें (पानी, काढ़ा, नारियल पानी, सूप आदि) ज्यादा पिएं। इससे जल्दी ठीक होंगे।
- घर पर रहें, ताकि संक्रमण दूसरों में न फैले।
- बुखार के लिए दवा ले सकते हैं।
इसके अलावा जो लोग इंफ्लुएंजा के हाई रिस्क कैटेगरी में आते हैं, उन्हें लक्षणों के गंभीर होने पर जल्द से जल्द डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
इंफ्लुएंजा से बचाव का आसान तरीका है वैक्सीन | How to Prevent Influenza or Seasonal Flu in Hindi
इंफ्लुएंजा से बचाव के लिए वैक्सीन आसानी से मौजूद है। हालांकि ये वैक्सीन लंबे समय तक वायरस से सुरक्षा नहीं दे पाती है, इसलिए इसे हर साल लगवाने की सलाह दी जाती है। बूढ़े लोगों में इंफ्लुएंजा की वैक्सीन कम कारगर हो सकती है लेकिन WHO का मानना है कि ये वैक्सीन पूरी सुरक्षा न भी प्रदान करे, तो कम से कम इससे होने वाली गंभीरता को कम कर सकती है और मौत के खतरे को रोक सकती है। गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को इंफ्लुएंजा की वैक्सीन हर साल जरूर लगवानी चाहिए, ताकि उन्हें इस संक्रामक बीमारी से सुरक्षा मिल सके।
इंफ्लुएंजा को कम खतरनाक बीमारी मानकर नजरअंदाज करना ठीक नहीं है। ये संक्रामक होता है इसलिए संक्रमित होने पर आपको दूसरों के संपर्क में नहीं आना चाहिए, ताकि ये संक्रमण उनमें न फैले। अगर आपको ये लेख पसंद आया, तो इसे दूसरों के साथ शेयर करना न भूलें। सेहत से जुड़े ऐसे और आर्टिकल्स पढ़ने के लिए जुड़े रहें ओनलीमायहेल्थ के साथ।
Source: WHO
Inputs: Dr Ram Ashish Yadav, Physician, District Hopital, Siddhatha Nagar, UP