एक नई रिसर्च में बताया गया है कि प्याज और लहसुन खाने से ब्रेस्ट कैंसर (स्तन कैंसर) का खतरा कम होता है। प्याज और लहसुन ज्यादातर भारतीयों के खानपान का हिस्सा हैं। प्याज और लहसुन दोनों में ही ढेर सारे एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं और कई रोगों से बचाते हैं। इससे पहले के कई शोधों में इस बात का पता लगाया जा चुका है लहसुन और प्याज के सेवन से डायबिटीज, हार्ट की बीमारियों और कैंसर से बचाव रहता है। हाल में यूनिवर्सिटी ऑफ बफेलो, न्यूयॉर्क में हुई नई रिसर्च के अनुसार लहसुन और प्याज आपको स्तन कैंसर के खतरे से बचाते हैं। ये रिसर्च इसी यूनिवर्सिटी में एपिडेमिओलॉजी विभाग की डॉ. गौरी देसाई और उनकी टीम ने की है। इस रिसर्च को 'न्यूट्रीशन एंड कैंसर' नाम के जर्नल में छापा गया है।
67% कम हो जाता है ब्रेस्ट कैंसर का खतरा
इस रिसर्च के लिए डॉ. देसाई और उनकी टीम ने हॉस्पिटल और क्लीनिक से रिकॉर्ड्स से 314 महिलाओं को चुना जिनकी उम्र 30 साल से 79 साल के बीच थी। ये महिलाएं साल 2008 से 2014 के बीच कैंसर का शिकार हुई थीं। इसके अलावा रिसर्च टीम ने इसी उम्र के 346 अन्य प्रतिभागियों को शामिल किया, जिन्हें कैंसर नहीं था। इन सभी से चिकित्सकों ने उनके डाइट्री पैटर्न के बारे में सवाल पूछे और यह भी जानकारी जुटाई कि वो रोजाना कितना प्याज और लहसुन खाते हैं। शोधकर्ताओं के अनुसार रेगुलर लहसुन प्याज का इस्तेमाल करने वाले लोगों में ब्रेस्ट कैंसर का खतरा 67% तक कम पाया गया।
इसे भी पढ़ें:- शरीर में ये 5 बदलाव होते हैं ब्रेस्ट कैंसर का संकेत, जानें कारण
लहसुन-प्याज में कैंसर से बचाने वाले कई पोषक तत्व
एक अन्य शोध में शोधकर्ताओं ने इस बात का पता लगाया कि लहसुन प्याज में ऐसे कौन से तत्व होते हैं, जो ब्रेस्ट कैंसर और अन्य प्रकार के कैंसर से शरीर को बचाते हैं। चिकित्सकों के अनुसार लहसुन में एस-एलिलसिस्टीन (S-allylcysteine) और डाईएलाइल डाईसल्फाइड (diallyl disulfide) नाम के दो तत्व पाए जाते हैं, जो इंसानों में कैंसर के खतरे को कम करते हैं। इसी तरह प्याज में अल्केनाइल सिस्टीन सल्फॉक्साइड्स पाया जाता है, जो एक कैंसररोधी तत्व माना जाता है।
इसे भी पढ़ें:- ये 5 तरीके हैं ब्रेस्ट कैंसर के 'स्टैंडर्ड ट्रीटमेंट', जानें कैसे किया जाता है इलाज
आयुर्वेद में लहसुन-प्याज का सेवन
आयुर्वेद में भी लहसुन प्याज का सेवन बहुत फायदेमंद माना जाता है। आयुर्वेद के अनुसार लहसुन और प्याज के सेवन से खून साफ होता है, क्योंकि ये प्राकृतिक ब्लड प्यूरिफायर की तरह काम करते हैं। हालांकि आयुर्वेद में इनके ज्यादा सेवन को निषेध माना गया है क्योंकि प्याज को तामसिक और लहसुन को राजसिक माना जाता है। मगर मेडिकल साइंस ऐसा नहीं मानता है। मेडिकल साइंस के अनुसार लहसुन और प्याज एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होते हैं, इसलिए इनका भरपूर सेवन किया जा सकता है। कच्चे प्याज और लहसुन, पके से ज्यादा फायदेमंद होते हैं। इसलिए आपको सलाद, चटनी आदि के रूप में इनका कच्चा भी सेवन करना चाहिए।
Read more articles on Health News in Hindi