प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं को कई स्वास्थ्य समस्याओं से गुजरना पड़ता है। कई बार प्रेग्नेंसी में महिला को हाई ब्लड प्रेशर की समस्या हो जाती है। ब्लड प्रेशर बढ़ने के कारण मां और शिशु दोनों को खतरा होता है। हालांकि दवाओं और सही देखभाल के द्वारा गर्भावस्था के दौरान ब्लड प्रेशर को कंट्रोल किया जा सकता है। मगर हाल में हुई एक रिसर्च बताती है कि ऐसी महिलाओं को बाद के जीवन में दिल की बीमारी होने का खतरा ज्यादा होता है, जिन्हें प्रेग्नेंसी के दौरान हाई ब्लड प्रेशर की समस्या होती है।
ये रिसर्च 'सर्कुलेशन' जर्नल में छापी गई है। ये रिसर्च किंग्स कॉलेज लंदन की टीम द्वारा की गई है। ये रिसर्च 1997 से लेकर 2016, यानी लगभग 20 साल तक की गई। खास बात ये है कि रिसर्च में 13 लाख से ज्यादा गर्भवती महिलाओं का डाटा शामिल किया गया।
हाई ब्लड प्रेशर से बढ़ता है कार्डियोवस्कुलर रोगों का खतरा
प्रेग्नेंसी के दौरान ब्लड प्रेशर बढ़ने की समस्या काफी देखी जाती है। 10% से ज्यादा गर्भवती महिलाएं हाई ब्लड प्रेशर का शिकार हो जाती हैं, जिसके कारण डिलीवरी के समय खतरा बढ़ जाता है। हाई ब्लड प्रेशर के कारण कई बार शिशु की डिलीवरी समय से पहले करानी पड़ती है, जिसका असर शिशु के स्वास्थ्य पर पड़ता है। प्रेग्नेंसी के दौरान हाई ब्लड प्रेशर होने पर महिलाओं को 40 की उम्र के बाद कई तरह के कार्डियोवस्कुलर रोगों जैसे- हार्ट अटैक, स्ट्रोक, हार्ट फेल्योर, कार्डियक अरेस्ट आदि का खतरा बढ़ जाता है।
इसे भी पढ़ें:- प्रेग्नेंसी के दौरान हाई ब्लड प्रेशर कितना खतरनाक होता है, जानें कैसे बचें इन खतरों से
टॉप स्टोरीज़
पहले से सावधान रहें महिलाएं
प्रमुख शोधकर्ता डॉक्टर Fergus McCarthy कहते हैं, "इस रिसर्च से इस बात का पता चलता है कि प्रेग्नेंसी में हाई ब्लड प्रेशर (हाइपरटेंशन) होने पर महिला को भविष्य में कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करने का खतरा रहता है। इसलिए ऐसी महिलाओं को पहले से ही सावधान रहना चाहिए।" ऐसी महिलाएं डिलीवरी के बाद नियमित जांच कराकर और जीवनशैली में थोड़े बदलाव करके हार्ट अटैक के खतरे को कम कर सकती हैं। आजकल ऐसी जांच उपलब्ध हैं, जिससे हार्ट अटैक से पहले ही इसके खतरे और संभावनाओं का पता लगाया जा सकता है। 40 की उम्र के बाद महिलाओं को सावधान रहना चाहिए।
इसे भी पढ़ें:- पीने का 'साफ' पानी भी बना सकता है आपको कैंसर का शिकार, वैज्ञानिकों ने खोजे कई जहरीले तत्व
कैसे करें हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल
आमतौर पर प्रेग्नेंसी के दौरान ब्लड प्रेशर बढ़ने पर डॉक्टर इसे कंट्रोल करने की दवाएं देते हैं। मगर डिलीवरी के बाद लाइफस्टाइल में थोड़े बहुत बदलाव करके भी आप हाइपरटेंशन से होने वाले खतरों को कम कर सकते हैं, जैसे- अपनी डाइट में बदलाव करें, नमक का सेवन कम करें, रोजाना थोड़ी देर एक्सरसाइज करें। इसके अलावा डॉक्टर द्वारा बताई गई दवाओं को रोजाना सही समय पर लें। इन चीजों का ध्यान रखकर आप हार्ट अटैक और दूसरी दिल की बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम कर सकती हैं।
Read more articles on Health News in Hindi