How to Workout when you have Exercise Induced Asthma : इंसान को हेल्दी और फिट रहने के लिए एक्सरसाइज करने की सलाह दी जाती है। आजकल लोग अपने शरीर को सही तरह से मेंटेन करने के लिए जिम में खूब पसीना बहाते हैं। ऐसे में वह हाई इंटेंसिटी एक्सरसाइज करना पसंद करते हैं, लेकिन कई लोग ऐसे भी हैं, जो समय की कमी या किसी मेडिकल कंडीशन की चलते हल्की एक्सरसाइज, वॉकिंग या रनिंग जैसी एक्टिविटी करते हैं। इस तरह वह खुद को फिट रखने की कोशिश करते हैं। आमतौर पर एक्सरसाइज करने से शरीर को कई फायदे हो सकते हैं, लेकिन कई बार रोजाना व्यायाम करना सेहत के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है। जी हां, कुछ लोगों को एक्सरसाइज करने से अस्थमा ट्रिगर होने की समस्या होती है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि इस स्थिति में वह खुद को फिट रखने के लिए वर्कआउट कैसे कर सकते हैं? आइए इस सवाल का जवाब डॉ. कृतार्थ, कंसल्टेंट - पल्मोनरी मेडिसिन, लिवासा हॉस्पिटल, मोहाली (Dr. Kritarth, Consultant-Pulmonary Medicine, Livasa Hospital Mohali) से जान लेते हैं।
एक्सरसाइज से क्यों ट्रिगर होता है अस्थमा?- Why is Asthma Triggered by Exercise
एक्सरसाइज से होने वाला अस्थमा तब होता है, जब शारीरिक गतिविधि के कारण वायुमार्ग संकुचित (Narrowed Airways) हो जाते हैं, जिससे सांस लेना मुश्किल हो जाता है। इस स्थिति के लक्षणों में आमतौर पर खांसी, घरघराहट, सांस फूलना और सीने में जकड़न शामिल होती है। ये लक्षण आमतौर पर एक्सरसाइज के दौरान या इसके तुरंत बाद दिखाई दे सकते हैं। अगर किस व्यक्ति में एक्सरसाइज के बाद ये लक्षण दिख रहे हैं, तो यह परेशानियां लगभग एक घंटे तक रह सकती हैं। इसके अलावा, ठंडी हवा, प्रदूषण या एलर्जी जैसे प्राकृतिक कारक इस स्थिति को खराब कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- क्या अस्थमा एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल सकता है? जानें डॉक्टर से
एक्सरसाइज के कारण दिखने वाले अस्थमा के लक्षणों से कैसे बचें?- How to Avoid Exercise-Induced Asthma Symptoms
अगर आप एक्सरसाइज के कारण ट्रिगर होने वाले अस्थमा के लक्षणों से बचना चाहते हैं, तो डॉक्टर से सलाह लेना बहुत जरूरी हो जाता है। इस स्थिति में डॉक्टर फेफड़ों की कार्यक्षमता की जांच, जैसे कि स्पाइरोमेट्री टेस्ट (जो व्यायाम से पहले और बाद में किया जाता है) करवा सकते हैं। इसके बाद ही इन लक्षणों से बचाव के लिए कुछ उपाय किए जा सकते हैं। जैसे कि एक्सरसाइज से पहले वार्म-अप करना, डॉक्टर द्वारा बताए गए इनहेलर का उपयोग करना और हल्की एक्टिविटीज जैसे कि वॉकिंग करना, बीच-बीच में छोटे ब्रेक लेना भी इस स्थिति में फायदेमंद हो सकता है।
अगर एक्सरसाइज के दौरान अस्थमा के लक्षण शुरू हो जाएं, तो आपको गति धीमी कर देनी चाहिए और जबरदस्ती एक्सरसाइज को जारी रखने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। यह सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है। इस स्थिति में व्यक्ति को इनहेलर हमेशा अपने पास रखना चाहिए और जरूरत पड़ने पर इसका इस्तेमाल करना चाहिए। इस स्थिति में नाक से सांस लेने की कोशिश करनी चाहिए। इससे हवा गर्म और नम हो जाती है, जिससे वायु मार्ग में जलन कम होती है। इसके अलावा, ठंडी हवा, पराग या प्रदूषण जैसे ट्रिगर से बचना चाहिए। सही प्रबंधन के साथ, एक्सरसाइज से होने वाले अस्थमा के लक्षणों को कंट्रोल किया जा सकता है।
अस्थमा के मरीज कौन-सी हल्की एक्सरसाइज कर सकते हैं?- What Light Exercises can Asthma Patients Do
- योग : अस्थमा का सामना कर रहे लोग योग कर सकते हैं। योग एक बहुत ही अच्छी एक्सरसाइज है। इससे उनकी सांस लेने की क्षमता को बढ़ाने में मदद मिल सकती है और स्ट्रेस को कम करने में भी मदद मिलती है।
- तैराकी: तैराकी एक बहुत ही अच्छी एक्सरसाइज है, जो अस्थमा के मरीज डॉक्टर की सलाह लेने के बाद कर सकते हैं। इससे व्यक्ति की सांस लेने की क्षमता को बढ़ाने में मदद मिल सकती है और शरीर को मजबूती मिलती है।
- पैदल चलना: पैदल चलना एक बहुत ही अच्छी एक्सरसाइज है, जो अस्थमा के मरीजों के लिए बेस्ट ऑप्शन है। यह उनकी सांस लेने की क्षमता को बढ़ाने में मदद करती है और बॉडी की डेली मूवमेंट को बनाए रखने में भी मदद कर सकती है।
इसे भी पढ़ें- अस्थमा अटैक से कैसे बच सकते हैं? डॉक्टर से जानें सांस लेने में आसानी के लिए आसान टिप्स
बता दें कि अगर आप अस्थमा की समस्या का सामना कर रहे हैं, तो शरीर के लिए कुछ हल्की एक्सरसाइज करना जरूरी होता है। हालांकि, अगर आपको एक्सरसाइज करने में किसी तरह की समस्या हो रही है, तो तुरंत डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए। इससे शरीर में होने वाली छोटी-बड़ी समस्याओं से आप खुद को बचा सकते हैं।