बढ़ती उम्र के साथ बुजुर्गों को कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है, जिनमें से एक आम समस्या सांस फूलने (Breathlessness) की होती है। कई बार हल्की गतिविधियों, जैसे सीढ़ियां चढ़ना, थोड़ी दूर चलना या रोजमर्रा के काम करने पर भी उन्हें सांस लेने में कठिनाई महसूस होती है। यह समस्या कई कारणों से हो सकती है, जैसे कि फेफड़ों की कमजोरी, हृदय संबंधी बीमारियां, एनीमिया या मोटापा। कभी-कभी बदलते मौसम, प्रदूषण या किसी इंफेक्शन के कारण भी सांस फूलने की शिकायत हो सकती है। हालांकि, सही देखभाल और कुछ आसान उपायों को अपनाकर इस समस्या को काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है। इस लेख में हम आपको बताएंगे कि बुजुर्गों में सांस फूलने की समस्या को कैसे मैनेज करें और किन उपायों से उन्हें राहत मिल सकती है। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
1. सांस फूलने के कारण समझें- Understand Cause of Breathlessness in Elderly People
बुजुर्गों में सांस फूलने की समस्या कई कारणों से हो सकती है, जिनमें प्रमुख हैं-
- फेफड़ों की बीमारियां- क्रॉनिक ब्रोंकाइटिस, अस्थमा, या सीओपीडी।
- हृदय संबंधी समस्याएं- हार्ट की कमजोरी, ब्लॉकेज या हाई ब्लड प्रेशर।
- खून की कमी (एनीमिया)- शरीर में आयरन की कमी से ऑक्सीजन की आपूर्ति प्रभावित होती है।
- मोटापा- ज्यादा वजन से फेफड़ों पर दबाव बढ़ता है।
- स्ट्रेस एंड एंग्जाइटी- मानसिक तनाव भी सांस फूलने का कारण बन सकता है।
इसे भी पढ़ें- थोड़ा चलने पर ही सांस फूल जाती है? तो तुरंत बदल लेनी चाहिए सेहत से जुड़ी ये 5 खराब आदतें
2. सांस फूलने पर तुरंत क्या करें?- Immediate Relief Measures for Breathlessness
- शांत और सीधा बैठें, ताकि फेफड़ों को ज्यादा जगह मिले।
- गहरी सांस लेने और छोड़ने की एक्सरसाइज करें।
- ठंडी और ताजी हवा में बैठें या पंखे के नीचे आराम करें।
- ज्यादा तंग कपड़े पहनने से बचें, जो सांस लेने में बाधा डाल सकते हैं।
- अगर स्थिति ज्यादा खराब हो, तो डॉक्टर से तुरंत संपर्क करें।
3. सही आहार अपनाएं- Follow a Healthy Diet
- आयरन युक्त भोजन खाएं (Iron-rich Foods)- हरी पत्तेदार सब्जियां, बीन्स और अनार खाएं।
- ओमेगा-3 फूड्स (Omega-3 Foods)- अखरोट और अलसी के बीज को डाइट में शामिल करने से सूजन कम होती है।
- प्रोटीन युक्त आहार (Protein-Rich Diet)- दूध, दही, दालें और अंडे से मांसपेशियां मजबूत होती हैं।
- कैफीन और जंक फूड से बचें। ये शरीर में जलन और सूजन बढ़ा सकते हैं।
4. एक्सरसाइज और योग अपनाएं- Exercise & Yoga for Better Breathing
- प्राणायाम और डीप ब्रीदिंग एक्सरसाइज फेफड़ों की क्षमता बढ़ाने में मदद करती हैं।
- हल्की फिजिकल एक्टिविटी के लिए रोजाना 15-20 मिनट वॉक करें।
- पॉजिशनल ब्रीदिंग (Positional Breathing) यानी आगे झुककर सांस लेने की तकनीक अपनाएं।
5. डॉक्टरी की सलाह कब लें?- When to Consult a Doctor
अगर बुजुर्गों को लगातार सांस फूलने की समस्या हो, सीने में दर्द हो, या बेहोशी जैसा महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। समय पर सही इलाज से उनकी सेहत को सुरक्षित रखा जा सकता है।
बुजुर्गों में सांस फूलने की समस्या आम है, लेकिन सही देखभाल और जीवनशैली में बदलाव से इसे कंट्रोल किया जा सकता है। सही आहार, नियमित एक्सरसाइज और समय पर डॉक्टर की सलाह से इस परेशानी से बचा जा सकता है।
उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version