आजकल लोगों की खाने की पसंद बहुत बदल चुकी है, ऐसे में अगर आज के समय में किसी से उसका पसंदीदा खाना पूछ लिया जाए तो ज्यादातर जवाबों में आपको जंक फूड ही पता चलेंगे। जंक और ऑयली फूड लोगों को काफी पसंद आते हैं लेकिन ये सेहत के लिए बेहद नुकसानदायक साबित होते हैं। इन्हें खाने से पेट तो भरता है लेकिन शरीर को किसी भी प्रकार का पोषण नहीं मिलता है। फिट और हेल्दी रहने के लिए जरूरी है कि रोजाना पोषक तत्वों से भरपूर डाइट ली जाए, जिससे कि शरीर को पोषण के साथ ताकत मिले। इसके लिए आप अपनी डाइट में छुहारा शामिल कर सकते हैं। छुहारा में विटामिन्स, मिनरल्स के साथ कई तरह के एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जिनसे शरीर की ताकत बढ़ेगी। इस लेख में रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा (Ayurvedic doctor Shrey Sharma from Ramhans Charitable Hospital) शरीर की ताकत बढ़ाने के लिए 3 तरीकों से छुहारा का सेवन बता रहे हैं।
ताकत बढ़ाने के लिए छुहारा कैसे खाएं? - How To Eat Dry Dates For Strength In Hindi
1. दूध में भिगोकर खाएं छुहारा - Dry Dates Soaked In Milk
आयरन, कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे जरूरी पोषक तत्वों से भरे छुहारे का सेवन अगर आप रोजाना दूध में भिगोकर करेंगे तो इससे शरीर की ताकत बढ़ सकती है। इसके लिए आप 4 छुहारों को काटकर इनसे बीज अलग कर लें, अब 1 कप दूध में छुहारे के टुकड़ों को डालकर एक उबाल आने तक पकाएं और फिर इसे रातभर के लिए ढक कर रख दें। अगली सुबह इस दूध को पिएं और फिर साथ में छुहारा चबाकर खाएं। दूध में भिगोए हुए छुहारे खाने में बेहद स्वादिष्ट लगते हैं और सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद साबित होते हैं। इनका नियमित सेवन करने से शरीर में आयरन की कमी दूर होती है।
इसे भी पढ़ें: कब्ज दूर करने में मदद कर सकता है छुहारा, इन 4 तरीकों से करें सेवन
2. छुहारे की खीर - Dry Dates Kheer
अगर आपके पास समय कम है तो आप छुहारे की खीर बनाकर भी खा सकते हैं। इससे शरीर को भरपूर मात्रा में कैल्शियम के साथ अन्य जरूरी पोषक तत्व प्राप्त होंगे। इस खीर को बनाने के लिए आप सबसे पहले 5 छुहारे लें और इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर बीजों को अलग कर दें। इसके बाद 2 कप दूध में करीब 25 ग्राम मखाने का पाउडर और छुहारे के टुकड़े मिलाकर खीर तैयार करें। छुहारे से इस खीर में नेचुरल मिठास आ जाती है लेकिन अगर फिर भी आपको मीठा कम लगे तो इसमें शहद मिला सकते हैं। छुहारे से बनी ये खीर न केवल स्वादिष्ट होती है बल्कि शरीर की ताकत भी बढ़ाने में मदद करती है।
इसे भी पढ़ें: खाली पेट छुहारा खाने से शरीर को मिलेंगे ये 5 जबरदस्त फायदे
3. छुहारे की चटनी - Dry Date Chutney
छुहारे की चटनी बनाने के लिए, आपको छुहारों को गरम पानी में कम से कम 2 घंटे के लिए भिगोना होगा। इसके बाद, भीगे हुए छुहारों की गुठली को अलग करें और फिर मिक्सर ग्राइंडर में सेंधा नमक, हरी मिर्च और हरी धनिया के साथ पीसकर चटनी तैयार करें। छुहारों की खट्टी-मीठी चटनी खाने के स्वाद को दोगुना करेगी और सेहत को भी बेहतर करने में सहायक होगी।
शरीर की ताकत बढ़ाने के लिए छुहारों का इन तरीकों से इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर आपको खजूर या छुहारा से एलर्जी है तो इसका सेवन करने से पहले डॉक्टर से सलाह लें।
All Images Credit- Freepik