Doctor Verified

गोंद कतीरा कैसे करता है शरीर को डिटॉक्स? आयुर्वेदाचार्य से जानें

गर्मियों में गोंद कतीरा का सेवन बेहद लाभकारी माना जाता है। यहां जानिए, गोंद कतीरा शरीर को डिटॉक्स कैसे करता है?
  • SHARE
  • FOLLOW
गोंद कतीरा कैसे करता है शरीर को डिटॉक्स? आयुर्वेदाचार्य से जानें

आज की तेज रफ्तार जिंदगी और अनियमित लाइफस्टाइल ने लोगों के खानपान की आदतों को काफी प्रभावित किया है। फास्ट फूड, जंक फूड, ज्यादा मसालेदार भोजन और मिलावटी चीजों का सेवन अब आम हो गया है, इसके साथ ही तनाव, नींद की कमी और फिजिकल एक्टिविटी की कमी भी शरीर के भीतर विषैले तत्वों (टॉक्सिन्स) के जमाव का कारण बनती है। जब शरीर में यह टॉक्सिन्स ज्यादा मात्रा में जमा हो जाते हैं, तो थकान, पाचन संबंधी समस्याएं, स्किन डिजीज और इम्यूनिटी की कमजोरी जैसी समस्याएं उभरने लगती हैं। ऐसे में शरीर को समय-समय पर डिटॉक्स करना जरूरी हो जाता है। गर्मी के मौसम में ठंडी तासीर वाले गोंद कतीरा का सेवन लाभकारी होता है। कई लोगों का सवाल होता है कि गोंद कतीरा शरीर को डिटॉक्स कैसे करता है? इस बारे में ज्यादा जानकारी के लिए हमने रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा से बात की-

गोंद कतीरा शरीर को डिटॉक्स कैसे करता है? - How Does Gond Katira Help In Detoxifying Body

आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा बताते हैं कि गोंद कतीरा का उपयोग आयुर्वेद में शीतलन, बलवर्धक, पाचन सुधारक और डिटॉक्सिफाइंग एजेंट के रूप में सदियों से किया जाता रहा है। गोंद कतीरा विशेष रूप से पित्त दोष और कफ दोष को संतुलित करने में मदद करता है। इसका ठंडा स्वभाव शरीर की गर्मी को कम करता है और आंतरिक अंगों को ठंडक पहुंचाकर विषैले तत्वों यानी टॉक्सिन को बाहर निकालने में मदद करता है। गोंद कतीरा आंतों में जमी गंदगी को धीरे-धीरे साफ करता है और मल त्याग को नियमित बनाता है, जिससे शरीर का डिटॉक्स अपने आप होता रहता है। यह लिवर की कार्यक्षमता को भी बेहतर करता है, जिससे शरीर से हानिकारक रसायन और अपशिष्ट बाहर निकल पाते हैं।

इसे भी पढ़ें: गोंद कतीरा खाली पेट खाना चाहिए? आयुर्वेदाचार्य से जानें सही तरीका

आयुर्वेदिक ग्रंथों में गोंद कतीरा को शीतवीर्य (शीतल प्रभाव देने वाला) माना गया है। यह न केवल डिटॉक्स करता है, बल्कि शरीर को नई ऊर्जा भी प्रदान करता है। विशेषकर गर्मियों के मौसम में इसका सेवन शरीर को ठंडक देने के लिए बेहद उपयोगी है। यह शरीर की पाचन अग्नि को बिना तीव्र किए शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालता है। यही कारण है कि इसे आयुर्वेद में सौम्य लेकिन प्रभावशाली डिटॉक्सिफायर माना गया है।

इसे भी पढ़ें: गर्मियों में सेहत का खजाना होता है गोंद कतीरा, जानें इसे खाने के फायदे, नुकसान और सही तरीका

Gond katira for detoxify

गोंद कतीरा पीने के क्या फायदे हैं? - What Are The Benefits Of Gond Katira

1. गोंद कतीरा एक शरीर के लिए प्राकृतिक फाइबर की तरह काम करता है। यह आंतों में जाकर पानी सोखता है और मल को मुलायम बनाता है, जिससे कब्ज की समस्या दूर हो सकती है और आंतें साफ रहती हैं।

2. गोंद कतीरा का सेवन लिवर के लिए भी लाभकारी होता है और टॉक्सिन को दूर करने में सहायक होता है।

3. गोंद कतीरा के नियमित सेवन से ब्लड में मौजूद विषैले तत्व धीरे-धीरे कम होते हैं, जिससे त्वचा साफ होती है और एलर्जी की संभावना कम हो सकती है।

4. यह मूत्र को साफ करता है और शरीर से अतिरिक्त गर्मी व यूरीनरी टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मदद करता है।

5. जब शरीर अंदर से साफ होता है, तो इसका असर चेहरे और त्वचा पर साफ दिखाई देता है। गोंद कतीरा शरीर की गर्मी को कम करके मुंहासों और अन्य त्वचा रोगों से राहत देता है।

गोंद कतीरा का सेवन कैसे करें?

  • रात को आधा चम्मच गोंद कतीरा को एक गिलास पानी में भिगो दें।
  • सुबह वह फूलकर जैली जैसा बन जाएगा।
  • इसे एक गिलास में निकालकर मिश्री या शहद के साथ मिलाकर सेवन करें।
  • चाहें तो इसमें शुद्ध गुलाब जल भी डाल सकते हैं।

निष्कर्ष

गोंद कतीरा न केवल शरीर को डिटॉक्स करता है, बल्कि पाचन, त्वचा और इम्यूनिटी को भी मजबूत बनाता है। यदि आप एक सुरक्षित, प्राकृतिक और आयुर्वेदिक तरीका ढूंढ़ रहे हैं शरीर को शुद्ध करने का, तो गोंद कतीरा आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। हां, किसी भी औषधीय तत्व की तरह, इसका संतुलित उपयोग और सही जानकारी के साथ सेवन करना ही सबसे ज्यादा लाभकारी होता है।

All Images Credit- Freepik

FAQ

  • पूरे शरीर को डिटॉक्स करने के लिए क्या करें? 

    शरीर को डिटॉक्स करने के लिए रोज सुबह गुनगुना पानी पिएं और ताजे फल-सब्जियों का सेवन करें। साथ ही, योग और ध्यान से शरीर व मन दोनों को शुद्ध करें।
  • गोंद कतीरा खाने के क्या फायदे हैं? 

    गोंद कतीरा शरीर को ठंडक प्रदान करता है और गर्मियों में लू से बचाने में सहायक है। यह कमजोरी दूर करने, एनर्जी बढ़ाने और त्वचा को हेल्दी रखने में भी लाभकारी है।
  • गोंद कतीरा की तासीर

    गोंद कतीरा की तासीर ठंडी होती है, जो शरीर को अंदर से ठंडक प्रदान करती है। यह गर्मी के मौसम में शरीर को हाइड्रेट और तरोताजा रखने में मदद करता है।

 

 

 

Read Next

पाचन से लेकर वजन घटाने तक, आयुर्वेदाचार्य से जानें धनिया-जीरा चाय के फायदे

Disclaimer