Loose Motion Home Remedies In Hindi: गर्मी के मौसम में अक्सर लोगों का पेट खराब हो जाता है। गर्मियों में धूप या लू लगने के कारण लूज मोशन या दस्त की समस्या हो सकती है। दस्त लगने के कई अन्य कारण भी हो सकते हैं जैसे जयदा मसालेदार खा लेना, बासी भोजन खाना, धूप के कारण शरीर में पानी की कमी होना, कमजोर पाचन और पेट में संक्रमण आदि। दस्त लगने पर व्यक्ति को बार-बार शौच जाना पड़ता है, जिससे उसके शरीर में पानी और ऊर्जा की कमी होने लगती। इसकी वजह से अत्यधिक कमजोरी महसूस होने लगती है। साथ ही, उल्टी-मितली, चक्कर, सिरदर्द और मुंह सूखने जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। वैसे तो दस्त कोई गंभीर बीमारी नहीं है, लेकिन अगर इसका सही समय पर इलाज न किया जाए तो हॉस्पिटल जाने की नौबत भी आ सकती है। ऐसे में आप कुछ घरेलू उपायों को आजमाकर इस समस्या से जल्द राहत पा सकते हैं। आज इस लेख में हम आपको ऐसे ही 5 घरेलू उपाय बता रहे हैं, जो दस्त रोकने में मदद करेंगे -
गर्मी में दस्त से निजात पाने के घरेलू उपाय - Home Remedies For Loose Motion In Summer In Hindi
दही
लूज मोशन से राहत पाने के लिए आप दही का सेवन कर सकते हैं। इसमें मौजूद गुड बैक्टीरिया आंतों को स्वस्थ रखने के साथ-साथ टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मदद करते हैं। दही में प्रोबायोटिक्स पाए जाते हैं, जो दस्त की वजह बनने वाले हानिकारक बैक्टीरिया से लड़ने का काम करते हैं। अगर आपको बार-बार दस्त हो रहे हैं, तो एक कटोरी सादे दही का सेवन करें। दही का सेवन करने से पाचन तंत्र दुरुस्त रहेगा और पेट से जुड़ी समस्याएं दूर होंगी।
जीरा वाटर
पाचन से जुड़ी समस्याओं के लिए जीरा रामबाण का काम करता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट, एंटीसेप्टिक और एंटीइन्फ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो आंत में हानिकारक बैक्टीरिया को खत्म करते हैं। इसके लिए आप एक चम्मच जीरा को भून लें और फिर पीस लें। अब इसमें काला नमक मिलाकर गर्म पानी के साथ लें। आप चाहें तो पानी में जीरा उबालकर भी इसका सेवन कर सकते हैं।
नींबू पानी
दस्त रोकने के लिए नींबू पानी का सेवन भी एक कारगर घरेलू उपाय हो सकता है। दरअसल, नींबू अम्लीय और एंटी-माइक्रोबियल गुणों से भरपूर होता है, जो दस्त का कारण बनने वाले बैक्टीरिया को खत्म करने में मदद कर सकते हैं। इसके लिए आप एक गिलास पानी में एक नींबू का रस निचोड़ लें। इसमें एक चुटकी काला नमक मिलाकर पिएं। इससे आपको उल्टी की समस्या से भी राहत मिलेगी।
इसे भी पढ़ें: गर्मियों में पेट में बन जाती है गैस? अपनाएं ये 5 घरेलू उपाय, मिलेगा छुटकारा
कैमोमाइल टी
कैमोमाइल टी पाचन को स्वस्थ रखने के लिए काफी फायदेमंद मानी जाती है। यह एक एंटी-डायरियल एजेंट की तरह काम करती है, जो दस्त, उल्टी और मितली जैसी समस्याओं से राहत दिला सकती है। अगर आप लूज मोशन से परेशान हैं, तो एक कप पानी में एक चम्मच कैमोमाइल टी को उबाल लें। फिर इसे एक कप में छान लें। अब इसमें शहद मिलाकर पिएं। इसका दिन में 2 से 3 सेवन करने से आपको काफी राहत मिलेगी।
केला
दस्त की समस्या में केले का सेवन बहुत लाभकारी माना जाता है। इसमें फाइबर और पोटैशियम प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जो पाचन को दुरुस्त करने में मदद करते हैं। साथ ही, यह शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को दूर करने में भो मदद करता है। इसमें मौजूद पेक्टिन पेट को बांधने का काम करता है और दस्त को रोकता है। अगर आपको बार-बार लूज मोशन हो रहे हैं, तो आप एक पके हुए केले का सेवन कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: Food Poisoning: गर्मी में बार-बार हो रही है फूड पॉइजनिंग? ठीक करने के लिए अपनाएं ये घरेलू उपाय
गर्मी में दस्त होने पर आप इन घरेलू उपायों को आजमा सकते हैं। हालांकि, अगर आपको इनमें से किसी चीज से एलर्जी है, तो इनका इस्तेमाल न करें। अगर आपकी परेशानी बढ़ रही है, तो आपको डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए।