Sat Nov 14, 2026 | 12:20 PM IST

Medically Reviewed by Dt Rakshita Mehra , Consultant Dietetics

ठंड के मौसम में डायबिटीज मरीज क्या खाएं और क्या नहीं? जानिए ब्लड शुगर कंट्रोल रखने के टिप्स

सर्दियों में डायबिटीज मरीजों को अपने खान-पान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा ने ब्लड शुगर नियंत्रित रखने के लिए खाने योग्य और परहेज करने वाले फूड्स के साथ-साथ कुछ जरूरी टिप्स भी बताए हैं। 
ठंड के मौसम में डायबिटीज मरीज क्या खाएं और क्या नहीं? जानिए ब्लड शुगर कंट्रोल रखने के टिप्सठंड के मौसम में डायबिटीज मरीज क्या खाएं और क्या नहीं? जानिए ब्लड शुगर कंट्रोल रखने के टिप्स

सर्दियों के मौसम में हर व्यक्ति को ताजा और गर्मागर्म भोजन करना पसंद होता है। इस मौसम में गाजर का हलवा, गुड़, तिल के लड्डू, मूंगफली, गजक और तरह-तरह के पकवान लोगों की डाइट का हिस्सा बन जाते हैं। हालांकि, डायबिटीज के मरीजों को सर्दियों में अपने खान-पान का खास ध्यान रखने की सलाह दी जाती है। खासकर, सर्दियों में ब्लड शुगर लेवल नॉर्मल रखने के लिए डायबिटीज मरीजों को अपनी डाइट में शामिल करने वाले फूड्स पर खास फोकस करना बहुत जरूरी है। इसलिए, आइए दिल्ली की क्लिनिकल डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा से जानते हैं कि ठंड में डायबिटीज के मरीज को क्या खाना चाहिए और क्या नहीं?

सर्दियों में डायबिटीज मरीज क्या खाएं?

न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा का कहना है कि डायबिटीज के मरीजों को सर्दियों में ऐसी चीजें खानी चाहिए, जिनमें फाइबर, प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स भरपूर मात्रा में हों। फाइबर से भरपूर भोजन पाचन को बेहतर बनाने और भोजन के बाद ब्लड शुगर तेजी से बढ़ने से रोकने में मदद मिल सकती है।

  • हरी पत्तेदार सब्जियां- पालक, मेथी, सरसों का साग, बथुआ और चौलाई जैसी सब्जियां पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं। इनमें फाइबर भी पाया जाता है। साल 2022 में Journal of Nutritional Science में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, नॉन-स्टार्च वाली हरी पत्तेदार सब्जियां और फाइबर से भरपूर फूड्स खाने से टाइप 2 डायबिटीज वाले मरीजों में ग्लाइसेमिक कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है।
  • दालें- मूंग दाल, मसूर दाल, चना और राजमा प्रोटीन और फाइबर के अच्छे सोर्स होते हैं।
  • साबुत अनाज- गेहूं की रोटी, जौ, बाजरा और ज्वार को संतुलित मात्रा में डाइट में शामिल करना चाहिए। इनका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है और गर्म तासीर होने के कारण फायदेमंद होता है।
  • प्रोटीन से भरपूर फूड्स- अंडा, पनीर, दही, मछली और बिना स्किन वाला चिकन खाना अच्छे विकल्प हो सकते हैं। प्रोटीन में थर्मोजेनिक प्रभाव ज्यादा होता है, जिसका मतलब है कि शरीर को प्रोटीन पचाने में ज्यादा एनर्जी लगानी पड़ती है।
  • हेल्दी फैट- बादाम, अखरोट, अलसी और सीमित मात्रा में मूंगफली का सेवन किया जा सकता है।

इसे भी पढ़ें: पुरुषों में बार-बार पेशाब आने की क्या वजह हो सकती है? डॉक्टर से जानें

सर्दियों के कौन से फल डायबिटीज मरीजों के लिए अच्छे हैं?

न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा ने बताया कि सर्दियों में कई मौसमी फल होते हैं, जो विटामिन, मिनरल्स और फाइबर से भरपूर होते हैं। डायबिटीज के मरीज भी इनका सेवन कर सकते हैं, लेकिन मात्रा का ध्यान रखना बहुत जरूरी है।

  • अमरूद- इसमें फाइबर और विटामिन सी अच्छी मात्रा में होते हैं।
  • सेब- इसमें मौजूद फाइबर पाचन और ब्लड शुगर मैनेज करने में फायदेमंद हो सकता है।
  • संतरा- यह विटामिन सी का अच्छा सोर्स है, जो इम्यूनिटी को बूस्ट करता है। इसे जूस के बजाय साबुत खाना बेहतर होता है।
  • पपीता- इसमें फाइबर और कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो पाचन क्रिया को बेहतर रखने में मदद करते हैं।
  • आंवला- इसमें विटामिन सी भरपूर होता है और इसे सीमित मात्रा में डाइट में शामिल किया जा सकता है।

डायबिटीज मरीज सर्दियों में किन चीजों से बचें?

न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा के अनुसार, सर्दियों में कई ऐसे फूड्स होते हैं, जिनमें चीनी, मैदा और कैलोरी की मात्रा ज्यादा होती है। इसका ज्यादा मात्रा में सेवन ब्लड शुगर लेवल को प्रभावित कर सकता है। इसलिए, डायबिटीज के मरीजों को इन फूड्स का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए-

  • गाजर का हलवा- इसमें चीनी, मावा और घी की मात्रा ज्यादा हो सकती है।
  • गुड़ और मिठाइयां- गुड़ भी ब्लड शुगर लेवल बढ़ा सकता है। इसलिए, सर्दियों में इसे सुरक्षित विकल्प समझकर ज्यादा नहीं खाना चाहिए।
  • गाजर और तिल के लड्डू- इनमें चीनी या गुड़ की मात्रा ज्यादा हो सकती है।
  • चाय और कॉफी- बार-बार मीठी चाय या कॉफी पीने से शरीर में ब्लड शुगर लेवल स्पाइक हो सकता है। इसलिए, इन्हें भी बहुत ज्यादा पीने से बचना चाहिए।
  • मैदा से बनी चीजें- बिस्कुट, नमकीन, समोसे और कचौड़ी का ज्यादा सेवन अक्सर सर्दियों में बढ़ जाता है। लेकिन ये सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

इसे भी पढ़ें: डायबिटीज में बार-बार प्यास और भूख क्यों लगती है? जानें डॉक्टर से

सर्दियों में ब्लड शुगर कंट्रोल रखने के लिए अपनाएं ये टिप्स

न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा के मुताबिक, सर्दियों में सिर्फ खान-पान ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की आदतें भी ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल रखने में अहम भूमिका निभाती हैं। इसलिए, आप इन टिप्स को भी फॉलो करें-

  • रोजाना एक्सरसाइज करें- ठंड के कारण घर से बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में घर के अंदर योग, हल्की एक्सरसाइज और टहलने की आदत डालें। अपनी क्षमता के अनुसार नियमित शारीरिक गतिविधियां करें।
  • खाने का समय तय रखें- लंबे समय तक भूखे रहने या भोजन छोड़ने से बचना चाहिए। खासकर अगर आप इंसुलिन या ऐसी दवाएं लेते हैं, जिनमें शुगर का लेवल कम हो सकता है तो भोजन का समय नियमित रखें।
  • पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं- सर्दियों में प्यास कम लगती है, लेकिन शरीर को पानी की जरूरत बनी रहती है। दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
  • ब्लड शुगर लेवल की जांच करें- नियमित रूप से ब्लड शुगर लेवल की जांच करनी चाहिए। इससे आपको पता चलेगा कि किस तरह का भोजन और गतिविधि आपके शुगर लेवल को प्रभावित कर रही है।
  • पर्याप्त नींद लें- रोजाना 7-8 घंटे की अच्छी नींद लेने की कोशिश करें। नींद की कमी ब्लड शुगर कंट्रोल करने को प्रभावित कर सकती है।

निष्कर्ष
सर्दियों में डायबिटीज के मरीजों को अपने खान-पान और रूटीन का खास ध्यान रखना बहुत जरूरी है। हरी सब्जियां, साबुत अनाज, दालें, प्रोटीन और सीमित मात्रा में मौसमी फलों का सेवन करना ब्लड शुगर लेवल को मैनेज करने में मदद कर सकता है। जबकि ज्यादा चीनी, मीठे फूड्स, मैदा, कॉफी या चाय पीना ब्लड शुगर लेवल को स्पाइक कर सकता है।
Image Credit: Freepik

FAQ

  • डायबिटीज के मरीजों के लिए सर्दियों में कौन से अनाज बेहतर हैं?

    ओट्स, जौ, क्विनोआ, ज्वार, बाजरा और रागी फाइबर से भरपूर होता है और ये रिफाइंड आटे के मुकाबले बेहतर विकल्प होता है। फिर भी, इनकी मात्रा का ध्यान रखना जरूरी है।
  • क्या सर्दियों में डायबिटीज के मरीज शकरकंद खा सकते हैं?

    हां, इन्हें सही मात्रा में अपनी डाइट में शामिल किया जा सकता है। इन्हें उबालकर या भूनकर खाना बेहतर है और साथ में सब्जियां व प्रोटीन भी लें।

Read Next

→ सर्दियों में कौन सी सब्जियां हैं सबसे ज्यादा हेल्दी? न्यूट्रिशनिस्ट से जानें 7 विकल्प

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

कात्यायनी तिवारी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज चैनल से की और बाद में डिजिटल मीडिया में हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर काम करना शुरू किया। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं।वह महिला स्वास्थ्य, पोषण, आयुर्वेद, योग, स्किन हेल्थ और प्रेग्नेंसी जैसे विषयों पर लिखती हैं। उनका प्रयास रहता है कि ताजा रिसर्च, विशेषज्ञ डॉक्टरों की राय और प्रमाणित स्रोतों के आधार पर सही स्वास्थ्य जानकारी सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचे। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है।OnlyMyHealth से पहले वह Jantantra TV और Boldsky के साथ काम कर चुकी हैं।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 14, 2026 11:07 IST

    Published By : Katyayani Tiwari
    Reviewed By : Dt Rakshita Mehra