Fri Nov 13, 2026 | 05:11 PM IST

Medically Reviewed by Prof Dr S M Fayaz

पुरुषों में बार-बार पेशाब आने की क्या वजह हो सकती है? डॉक्टर से जानें

पुरुषों में बार-बार पेशाब आने की समस्या के कई कारण हो सकते हैं, जिनमें प्रोस्टेट का बढ़ना, यूटीआई, हाई ब्लड शुगर और जीवनशैली की आदतें शामिल हैं, लेकिन दर्द, बुखार या पेशाब में खून जैसे लक्षणों के साथ यह समस्या होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
पुरुषों में बार-बार पेशाब आने की क्या वजह हो सकती है? डॉक्टर से जानेंपुरुषों में बार-बार पेशाब आने की क्या वजह हो सकती है? डॉक्टर से जानें

कई बार पुरुषों को बार-बार पेशाब आने की समस्या होती है, जिसके कारण कई बार उनकी रात की नींद प्रभावित होती है, तो कई बार काम, लेकिन ऐसा होता क्यों है? यह सवाल कई बार लोगों के मन में आता है और लोग सोचते हैं कि कहीं ये गंभीर समस्या तो नहीं है? ऐसे में इस बारे में KIMS हॉस्पिटल्स, महादेवपुरा बेंगलुरु के लीड और सीनियर कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन, प्रोफेसर डॉ. एस.एम. फयाज और Dr. Vivekanand Hiremath, Consultant - Urology, Andrology, Renal Transplant & Robotic Surgery, KIMS Hospitals, Mahadevapura से जानें।

पुरुषों को बार-बार पेशाब आने के क्या कारण हो सकते हैं?

डॉ. एस.एम. फयाज का कहना है, पुरुषों में बार-बार पेशाब आने के कई कारण हो सकते हैं। इनमें लिक्विड चीजों का अधिक सेवन, लाइफस्टाइल से जुड़ी आदतें या ऐसी बीमारियां शामिल हैं जो यूरिनरी सिस्टम (मूत्र प्रणाली) को प्रभावित कर सकती हैं। हालांकि, कभी-कभार पेशाब आने की फ्रीक्वेंसी (frequency) में बदलाव होना किसी बीमारी का संकेत नहीं है, लेकिन अगर बार-बार पेशाब आने के साथ दर्द या अन्य लक्षण भी हों, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

Dr. Vivekanand के अनुसार, “पुरुषों में बार-बार पेशाब आने के कई कारण हो सकते हैं, जो उनकी दिनचर्या से लेकर किसी मेडिकल स्थिति तक हो सकते हैं। उदाहरण के लिए, 50 वर्ष से अधिक उम्र के पुरुषों में प्रोस्टेट ग्रंथि का बढ़ जाना एक आम कारण है, जिससे मूत्रमार्ग (यूरिथ्रा) पर दबाव पड़ता है। इसके अलावा, यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI), डायबिटीज, ओवरएक्टिव ब्लैडर, ब्लैडर में पथरी और प्रोस्टेट से जुड़ी अन्य समस्याएं भी इसके कारण हो सकती हैं।"

1. बिनाइन प्रोस्टेटिक हाइपरप्लासिया (BPH)

पुरुषों में बार-बार पेशाब आने का एक संभावित कारण बिनाइन प्रोस्टेटिक हाइपरप्लासिया (Benign Prostatic Hyperplasia) है, जो कैंसर नहीं है। प्रोस्टेट ग्रंथि मूत्रमार्ग (urethra) को घेरे रहती है। इसलिए, अगर इसका साइज बढ़ जाता है, तो यह मूत्रमार्ग पर दबाव डाल सकती है। इससे मूत्राशय (bladder) पूरी तरह खाली नहीं हो पाता है।

इसके कारण बार-बार पेशाब आना (खासकर रात में), पेशाब की धार कमजोर होने, पेशाब शुरू करने में परेशानी होने और मूत्राशय पूरी तरह खाली न होने का अहसास होने जैसी समस्याएं आम हो सकती हैं।

इसे भी पढ़ें: क्या रात में बार-बार पेशाब के लिए उठना पड़ता है? वजह हो सकती हैं ये 5 बीमारियां

what could be the reason for frequent urination in men 01what could be the reason for frequent urination in men 01

2. यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI)

हालांकि पुरुषों में महिलाओं के मुकाबले यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (मूत्र मार्ग का इंफेक्शन) कम होता है, फिर भी यह समस्या बार-बार पेशाब आने का कारण बन सकती है। इस लक्षण के साथ-साथ, व्यक्ति को पेशाब करते समय जलन, पेशाब का धुंधला दिखना, पेट के निचले हिस्से में दर्द और कभी-कभी बुखार जैसे लक्षण भी हो सकते हैं। यह इंफेक्शन प्रोस्टेट ग्रंथि को भी प्रभावित कर सकता है।

3. हाई ब्लड शुगर

बार-बार पेशाब आना डायबिटीज का संकेत हो सकता है। जब ब्लडस्ट्रीम (bloodstream) में शुगर की मात्रा बहुत ज्यादा हो जाती है, तो किडनी इसे पेशाब के जरिए शरीर से बाहर निकालने की कोशिश करती हैं। इसके साथ ही बहुत ज्यादा प्यास लगना, बिना किसी साफ कारण के वजन कम होना, अत्यधिक थकान महसूस होना और भूख में बदलाव जैसे लक्षण भी दिख सकते हैं।

4. ओवरएक्टिव ब्लैडर और लाइफस्टाइल से जुड़ी आदतें

कैफीन, अल्कोहल और कुछ अन्य लिक्विड चीजों का अधिक सेवन करने से बार-बार पेशाब आ सकता है। इसके अलावा, ब्लड प्रेशर और दिल की बीमारी के इलाज के लिए दी जाने वाली कुछ दवाएं भी बार-बार पेशाब आने का कारण बन सकती हैं।

Dr. Vivekanand कहते हैं, चाय, कॉफी, अल्कोहल और कैफीन युक्त अन्य लिक्विड ड्रिंक्स का अत्यधिक सेवन करने से शरीर में यूरिन का उत्पादन बढ़ सकता है, जिसके कारण बार-बार पेशाब आ सकता है। कुछ मरीजों को रात के समय बार-बार पेशाब आने की समस्या होती है, जिसे नॉक्टुरिया (nocturia) कहा जाता है।

इसे भी पढ़ें: पीरियड्स के दौरान बार-बार पेशाब क्यों आता है? डॉक्टर से जानें 5 कारण

क्या कहती है स्टडी?

साल 2018 में British Journal of General Practice में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, पुरुषों में बार-बार पेशाब आने की समस्या मुख्य रूप से ओवरएक्टिव ब्लैडर (OAB), प्रोस्टेट का बढ़ना, और मूत्र मार्ग में रुकावट या इंफेक्शन (जैसे पथरी या इंफेक्शन) के कारण हो सकती है। इसके अलावा, रीढ़ की हड्डी व तंत्रिका तंत्र से जुड़ी बीमारियां, शरीर में जरूरत से ज्यादा पेशाब बनना (पॉलीयूरिया) और कुछ दवाओं का असर भी इसके कारण हो सकते हैं। खानपान और लाइफस्टाइल से जुड़ी आदतें जैसे कैफीन, अल्कोहल, मसालेदार खाना या अत्यधिक मात्रा में लिक्विड का सेवन भी इस समस्या को और बढ़ा देता है।

Cleveland Clinic के अनुसार, प्रोस्टेट ग्लैंड के बढ़ने, बिनाइन प्रोस्टेटिक हाइपरप्लासिया, ब्लड शुगर, यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन और ब्लैडर से जुड़ी समस्याओं के कारण बार-बार पेशाब आने की समस्या हो सकती है।

डॉक्टर से सलाह कब लेनी चाहिए?

डॉ. एस.एम. फयाज का कहना है, अगर बार-बार पेशाब आ रहा है (खासकर रात के समय), तो इसकी जांच करानी चाहिए। अगर पेशाब में खून आए, दर्द हो, बुखार हो या पेशाब करने में परेशानी हो, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। अगर पेशाब करने की बहुत तेज इच्छा होने के बावजूद पेशाब करने में परेशानी हो, तो यह एक आपातकालीन स्थिति है, तुरंत डॉक्टर के पास जाएं।

Dr. Vivekanand के अनुसार, "पेशाब करते समय जलन होना, पेशाब शुरू करने में परेशानी, पेशाब की धार कमजोर होना, ब्लैडर पूरी तरह खाली न होने का एहसास होना या पेशाब में खून आना जैसे लक्षणों पर ध्यान देना जरूरी है। अगर आपको बार-बार पेशाब आने के साथ-साथ इनमें से कोई लक्षण भी महसूस हो, तो इसे नजरअंदाज न करें। समस्या की जड़ तक पहुंचने के लिए यूरिन टेस्ट, ग्लूकोज लेवल की जांच, अल्ट्रासाउंड और प्रोस्टेट की जांच करानी चाहिए।”

निष्कर्ष

पुरुषों को बार-बार पेशाब आने की समस्या बिनाइन प्रोस्टेटिक हाइपरप्लासिया, यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन, हाई ब्लड शुगर, ओवरएक्टिव ब्लैडर और लाइफस्टाइल से जुड़ी आदतों के कारण हो सकती हैं। ध्यान रहे, पेशाब की समस्या के बार-बार होने और इसके साथ अन्य परेशानियां होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।

All Images Credit- Freepik

FAQ

  • बार-बार पेशाब आने से राहत कैसे पाएं?

    बार-बार पेशाब आने की समस्या से राहत के लिए कैफीन या अल्कोहल का सेवन सीमित करें, लिक्विड डाइट को नियंत्रित करें और हेल्दी डाइट लेने जैसी आदतों को अपनाएं।
  • शुगर बढ़ने पर शरीर क्या संकेत देता है?

    शरीर में ब्लड शुगर का स्तर बढ़ने पर व्यक्ति को बार-बार पेशाब आने, अधिक प्यास लगने, बहुत ज्यादा थकान, कमजोरी, धुंधला दिखने, बिना किसी कारण वजन कम होने और बार-बार इंफेक्शन होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

Read Next

→ क्या डायबिटीज के मरीजों को पिता बनने में हो सकती है परेशानी? डॉक्टर से समझें ब्लड शुगर और फर्टिलिटी का कनेक्शन

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Priyanka Sharma

Health & Lifestyle Journalist

प्रियंका शर्मा पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से 2 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सब एडिटर हैं। वह महिला स्वास्थ्य, पोषण, प्रेगनेंसी, स्किनकेयर, हेयरकेयर, आयुर्वेद, योग और हार्ट हेल्थ जैसे विषयों पर शोध आधारित लेख लिखती हैं और जटिल स्वास्थ्य जानकारी को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। लेख तैयार करते समय वह विशेषज्ञों की राय और भरोसेमंद मेडिकल स्रोतों का ध्यान रखती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह Grehlakshmi (महिला केंद्रित हिंदी पत्रिका) और Noida Khabar के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: प्रियंका द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 13, 2026 16:28 IST

    Modified By : Priyanka Sharma
  • Nov 13, 2026 16:28 IST

    Published By : Priyanka Sharma
    Reviewed By : Prof Dr S M Fayaz