Sat Oct 24, 2026 | 07:32 PM IST

Medically Reviewed by Dr Vineet Malhotra , Consultant Urologist, Andrologist & Microsurgeon

पेशाब करने के बाद भी ब्लैडर खाली न होने जैसा क्यों लगता है? जानें 5 कारण

पेशाब करने के बाद भी ब्लैडर भरा हुआ महसूस होना बार-बार हो तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यहां डॉक्टर से जानिए, यूटीआई, प्रोस्टेट और अन्य समस्याओं समेत इसके संभावित कारण और किन लक्षणों में डॉक्टर से मिलना जरूरी है।
पेशाब करने के बाद भी ब्लैडर खाली न होने जैसा क्यों लगता है? जानें 5 कारणपेशाब करने के बाद भी ब्लैडर खाली न होने जैसा क्यों लगता है? जानें 5 कारण

क्या आपको पेशाब करने के बाद भी कुछ देर में ऐसा लगता है कि ब्लैडर पूरी तरह खाली नहीं हुआ है? टॉयलेट से बाहर आने के कुछ मिनट बाद दोबारा पेशाब की इच्छा होना, थोड़ी-थोड़ी मात्रा में यूरिन आना या पेशाब करने के बाद भी नीचे पेट में भारीपन महसूस होना कई लोगों के लिए परेशान करने वाला एहसास हो सकता है। VNA Hospital के यूरोलॉजी और इनफर्टिलिटी विभाग के प्रिंसिपल कंसल्टेंट डॉ. विनीत मल्होत्रा के अनुसार, कभी-कभी ब्लैडर में वास्तव में कुछ मात्रा में पेशाब बची रह सकती है, जबकि कुछ स्थितियों में ब्लैडर खाली होने के बावजूद बार-बार पेशाब की इच्छा महसूस हो सकती है।

इसलिए केवल इस एहसास के आधार पर खुद से बीमारी का अनुमान लगाना सही नहीं है। यूरिन पास करने में दिक्कत, कमजोर धार, पेशाब शुरू होने में समय लगना, बार-बार टॉयलेट जाना या पेशाब के बाद अधूरापन महसूस होना यूरीनरी रिटेंशन (urinary retention) से जुड़े लक्षण हो सकते हैं।

पेशाब के बाद भी ब्लैडर खाली न होने जैसा क्यों लगता है?

डॉ. विनीत मल्होत्रा बताते हैं कि कभी थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बार-बार पेशाब आती है, कभी पेशाब की धार कमजोर लगती है और कभी पेशाब करने के बाद भी दोबारा टॉयलेट जाने की इच्छा बनी रहती है। यह केवल ज्यादा पानी पीने की वजह से नहीं होता, कई बार इसके पीछे यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन, प्रोस्टेट की समस्या, कब्ज या ब्लैडर की मसल्स से जुड़ी परेशानी हो सकती है।

1. यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन

डॉ. विनीत मल्होत्रा के अनुसार, ब्लैडर में इंफेक्शन यानी UTI होने पर बार-बार पेशाब आने की इच्छा हो सकती है, भले ही ब्लैडर में पेशाब की मात्रा कम हो। इसके साथ पेशाब करते समय जलन, निचले पेट में दर्द, तेज गंध वाली पेशाब भी हो सकती है। इंफेक्शन की वजह से व्यक्ति को पेशाब करने के बाद भी ब्लैडर भरा हुआ महसूस हो सकता है।

2. पुरुषों में बढ़ा हुआ प्रोस्टेट

उम्र बढ़ने के साथ पुरुषों में प्रोस्टेट का आकार बढ़ना एक बड़ी समस्या है। बढ़ा हुआ प्रोस्टेट मूत्रमार्ग पर दबाव डाल सकता है, जिससे पेशाब की धार कमजोर हो सकती है और ब्लैडर को पूरी तरह खाली करने में परेशानी हो सकती है। इसके कारण पेशाब शुरू करने में समय लगना, बार-बार टॉयलेट जाना या पेशाब के बाद भी अधूरा खाली होने का एहसास हो सकता है।

3. ब्लैडर की कमजोर मसल्स

पेशाब को पूरी तरह बाहर निकालने के लिए ब्लैडर की मसल्स का सही तरीके से सिकुड़ना जरूरी है। कुछ लोगों में ये मांसपेशियां पर्याप्त ताकत से काम नहीं कर पातीं, जिसके कारण ब्लैडर में पेशाब बच सकती है। उम्र बढ़ने, लंबे समय तक ब्लैडर के ज्यादा फैलने या कुछ स्वास्थ्य समस्याओं के कारण ऐसा हो सकता है।

4. नसों से जुड़ी समस्या

डॉ. विनीत मल्होत्रा बताते हैं कि ब्लैडर और दिमाग के बीच सही तंत्रिका संकेत (Nerve signals) जरूरी होते हैं। डायबिटीज समेत कुछ ऐसी स्थितियां जो नसों को प्रभावित करती हैं, ब्लैडर की सेंसिटिविटी और उसकी मसल्स के काम को प्रभावित कर सकती हैं। ऐसे में व्यक्ति को ब्लैडर भरा होने का एहसास ठीक से नहीं हो सकता या पेशाब पूरी तरह बाहर नहीं निकल पाती।

Feeling Bladder Not EmptyFeeling Bladder Not Empty

5. मूत्रमार्ग में रुकावट

डॉ. विनीत मल्होत्रा के अनुसार, कभी-कभी मूत्रमार्ग संकरा होने, पथरी या अन्य रुकावट के कारण पेशाब का रास्ता ठीक से खुल नहीं पाता। इससे पेशाब की धार कमजोर या रुक-रुककर आ सकती है और ब्लैडर पूरी तरह खाली न होने का एहसास हो सकता है। कुछ दवाएं भी कुछ लोगों में यूरीनरी रिटेंशन की समस्या पैदा कर सकती हैं।

National Institute of Diabetes and Digestive and Kidney Diseases में प्रकाशित जानकारी के अनुसार-

  • क्रोनिक यूरिनरी रिटेंशन एक ऐसी स्थिति है जिसमें मूत्राशय पूरी तरह खाली नहीं हो पाता लेकिन इसके लक्षण इतने धीरे-धीरे विकसित होते हैं कि शुरुआत में इसका पता लगाना मुश्किल हो जाता है।
  • यदि आपको पेशाब शुरू करने में परेशानी, कमजोर धार, बार-बार थोड़ा-थोड़ा पेशाब आना या बिना चेतावनी के लीक होने जैसी समस्या महसूस हो, तो इसे नजरअंदाज बिल्कुल न करें।
  • समय पर डॉक्टर से परामर्श न करने पर यह समस्या गंभीर रूप ले सकती है और किडनी को नुकसान या गंभीर यूरिनरी इंफेक्शन का खतरा पैदा कर सकती है।
  • यदि आपको अपने शरीर में ऐसे कोई भी शुरुआती संकेत दिखें, तो तुरंत किसी यूरोलॉजिस्ट या डॉक्टर से मिलें। समय पर सही जांच और इलाज से मूत्राशय के फंक्शन को सुरक्षित रखा जा सकता है।

कब तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए?

अगर पेशाब करने में लगातार परेशानी हो रही है, धार कमजोर हो गई है, बार-बार थोड़ी मात्रा में पेशाब आती है, पेशाब में खून दिखाई देता है, जलन या दर्द है या समस्या लगातार बनी हुई है, तो यूरोलॉजिस्ट से सलाह लेना बेहतर है।

अगर अचानक पेशाब बिल्कुल नहीं हो पा रही और ब्लैडर भरा हुआ या पेट के निचले हिस्से में तेज दर्द महसूस हो रहा है, तो यह acute urinary retention हो सकता है और तुरंत मेडिकल मदद की जरूरत होती है।

निष्कर्ष

पेशाब करने के बाद भी ब्लैडर खाली न होने जैसा महसूस होना हमेशा गंभीर बीमारी का संकेत नहीं होता लेकिन इसे लगातार नजरअंदाज भी नहीं करना चाहिए। UTI, बढ़ा हुआ प्रोस्टेट, ब्लैडर की कमजोर मसल्स, नसों से जुड़ी समस्या और मूत्रमार्ग में रुकावट इसके संभावित कारण हो सकते हैं। अगर यह समस्या बार-बार हो रही है या इसके साथ दर्द, जलन, खून, कमजोर धार या पेशाब रुकने जैसे लक्षण हैं, तो सही कारण जानने के लिए यूरोलॉजिस्ट से जांच कराना जरूरी है।

All Image Credit- magnific

FAQ

  • क्या तनाव की वजह से बार-बार पेशाब की इच्छा होती है?

    तनाव और चिंता कुछ लोगों में बार-बार पेशाब की इच्छा बढ़ा सकते हैं। अगर यह समस्या आपको प्रभावित कर रही है, तो इसके अन्य कारणों को भी देखना जरूरी है।
  • डिलीवरी के बाद पेशाब में जलन क्यों होती है?

    प्रेग्नेंसी और डिलीवरी के बाद पेल्विक फ्लोर की मसल्स में बदलाव हो सकता है, जिससे कुछ महिलाओं में पेशाब से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। लगातार लक्षण रहने पर डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।

Read Next

→ बार-बार हिचकी आना क्या किसी बीमारी का संकेत है? डॉक्टर से जानें

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Akanksha Tiwari

Health & Lifestyle Journalist

आकांक्षा तिवारी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से करीब 3 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। वह पोषण, आयुर्वेद, प्रेगनेंसी, हार्ट हेल्थ और फिटनेस जैसे विषयों पर लिखती हैं और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी को प्रमाणित स्रोतों और रिसर्च के आधार पर सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह India TV, India Ahead और News Nation के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: आकांक्षा द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Sep 09, 2026 11:45 IST

    Modified By : Akanksha Tiwari
  • Sep 09, 2026 11:45 IST

    Modified By : Akanksha Tiwari
  • Sep 09, 2026 11:45 IST

    Modified By : Akanksha Tiwari
  • Sep 09, 2026 11:45 IST

    Modified By : Akanksha Tiwari
  • Sep 09, 2026 11:45 IST

    Published By : Akanksha Tiwari
    Reviewed By : Dr Vineet Malhotra