पेशाब करते समय जलन, चुभन या गर्माहट महसूस होना ऐसी समस्या है जिसे अक्सर लोग कुछ समय बाद अपने आप ठीक होने की उम्मीद में नजरअंदाज कर देते हैं। VNA Hospital के यूरोलॉजी और इनफर्टिलिटी विभाग के प्रिंसिपल कंसल्टेंट डॉ. विनीत मल्होत्रा के अनुसार, कई बार कम पानी पीने से पेशाब गाढ़ा होने पर भी जलन हो सकती है, लेकिन बार-बार या लगातार पेशाब में जलन होना यूटीआई (UTI), किडनी स्टोन, इंफेक्शन या दूसरी यूरिनरी समस्याओं का संकेत भी हो सकता है। ऐसे में सिर्फ घरेलू नुस्खों पर निर्भर रहने के बजाय इसके कारण को समझना जरूरी है।
कई लोग इस दौरान नींबू पानी, क्रैनबेरी जूस या दूसरे घरेलू उपायों को इलाज मान लेते हैं लेकिन हर व्यक्ति में पेशाब की जलन का कारण एक जैसा नहीं होता। अगर इंफेक्शन मौजूद है, तो केवल डाइट बदलने से समस्या खत्म नहीं हो सकती। यूरोलॉजिस्ट डॉक्टर विनीत मल्होत्रा से जानिए, पेशाब में जलन होने पर क्या खाना चाहिए और क्या नहीं, कौन-सी चीजें ब्लैडर को परेशान कर सकती हैं और किन संकेतों पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
पेशाब में जलन हो तो क्या खाना चाहिए और क्या नहीं?
डॉ. विनीत मल्होत्रा के अनुसार, पेशाब में जलन के दौरान सही चीजें खाना-पीना लक्षणों को बढ़ने से रोकने और शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद कर सकता है। दूसरी तरफ कुछ फूड्स और ड्रिंक्स यूरीनरी ब्लैडर को परेशान कर सकते हैं और जलन ज्यादा महसूस हो सकती है। इसलिए इस दौरान डाइट को लेकर सावधानी रखना जरूरी है।
- इस दौरान ऐसे फूड्स चुनना बेहतर हो सकता है जिनमें पानी की मात्रा ज्यादा हो और जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करें।
- खीरा, संतरा, अनार जैसे फल और पर्याप्त मात्रा में पानी डाइट का हिस्सा बनाए जा सकते हैं।
- हल्का और बैलेंस भोजन लें, अगर यूटीआई का संदेह है तो केवल किसी एक फूड को इलाज समझने के बजाय डॉक्टर की सलाह के अनुसार इलाज लेना जरूरी है।
- पर्याप्त तरल पदार्थ लेना खासतौर पर जरूरी है, क्योंकि डिहाइड्रेशन पेशाब को ज्यादा गाढ़ा कर सकता है।
साल 2023 में NIH की Bookshelf में प्रकाशित जानकारी के अनुसार-
- पेशाब में जलन (डिस्यूरिया) होने पर मरीज अक्सर कम पानी पीते हैं ताकि उन्हें बार-बार बाथरूम न जाना पड़े लेकिन ऐसा करने से पेशाब गाढ़ी हो जाती है और जलन और भी ज्यादा बढ़ जाती है।
- इस समस्या से राहत पाने के लिए, मरीजों को कम पानी पीने के बजाय ज्यादा मात्रा में तरल पदार्थ पीने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।
- दिनभर में कम से कम 2000 मिलीलीटर (यानी लगभग 2 लीटर) पेशाब का उत्पादन होना बेहद जरूरी है।
- ज्यादा पानी पीने से पेशाब पतला रहता है, हानिकारक बैक्टीरिया बाहर निकल जाते हैं और जलन तथा इंफेक्शन में जल्दी आराम मिलता है।
किन चीजों से पेशाब में जलन बढ़ सकती है?
डॉ. विनीत मल्होत्रा बताते हैं कि पेशाब में जलन के दौरान कुछ लोगों में बहुत मसालेदार और तीखा खाना परेशानी बढ़ा सकता है। इसके अलावा कॉफी, चाय, एनर्जी ड्रिंक और अन्य कैफीन युक्त ड्रिंक्स कुछ लोगों में ब्लैडर को ज्यादा सेंसिटिव कर सकते हैं। शराब और बहुत ज्यादा अम्लीय या खट्टी चीजें भी कुछ लोगों में मूत्राशय की जलन बढ़ा सकते हैं। इसलिए जब तक समस्या ठीक न हो, इनका सेवन सीमित करना बेहतर हो सकता है।

कब डॉक्टर से सलाह लें?
डॉ. विनीत मल्होत्रा के अनुसार, अगर पेशाब में जलन के साथ तेज बुखार, ठंड लगना, कमर या पीठ के हिस्से में दर्द, उल्टी, पेशाब में खून या बहुत ज्यादा कमजोरी हो, तो जल्द डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए। ये लक्षण इंफेक्शन के ज्यादा गंभीर होने पर दूसरी समस्या की ओर संकेत कर सकते हैं। पुरुषों में पेशाब में जलन के साथ पेशाब करने में परेशानी, कमजोर धार या बार-बार पेशाब आने जैसे लक्षण भी हों तो यूरोलॉजिस्ट से जांच कराना बेहतर है।
निष्कर्ष
पेशाब में जलन होने पर पर्याप्त पानी पीना और शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है। इस दौरान बहुत मसालेदार भोजन, कैफीन और शराब जैसी चीजों से दूरी बनाना कुछ लोगों में राहत दे सकता है। हालांकि, पेशाब में जलन सिर्फ खान-पान की वजह से नहीं होती और यह यूटीआई या अन्य यूरिनरी समस्या का संकेत भी हो सकती है। इसलिए पेशाब में जलन लगातार बनी रहे, बार-बार हो या इसके साथ बुखार, दर्द अथवा पेशाब में खून दिखाई दे, तो डॉक्टर से सलाह लेकर उचित जांच और इलाज कराना जरूरी है।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या पेशाब रोककर रखने से जलन हो सकती है?
लंबे समय तक बार-बार पेशाब रोकने की आदत मूत्र संबंधी समस्याओं का जोखिम बढ़ा सकती है। पेशाब की इच्छा होने पर बहुत देर तक रोकने से बचना बेहतर है।क्या पेशाब में जलन के साथ बदबू आना भी नॉर्मल है?
तेज बदबू वाली पेशाब डिहाइड्रेशन, कुछ फूड्स या यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन जैसे कारणों से हो सकता है। अगर बदबू के साथ जलन और बार-बार पेशाब आए, तो चेकअप की जरूरत पड़ सकती है।क्या पेशाब में जलन अपने आप ठीक हो सकती है?
अगर वजह डिहाइड्रेशन है तो पानी पर्याप्त लेने के बाद परेशानी कम हो सकती है लेकिन लगातार या बार-बार होने वाली जलन का कारण पता कराना जरूरी है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 07, 2026 18:21 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Vineet Malhotra