अगर रात में एक या दो बार पेशाब करने के लिए उठना पड़े, तो यह कोई बीमारी या परेशानी का संकेत नहीं होता। कई बार बढ़ती उम्र के साथ या सोने से पहले ज्यादा पानी पीने के कारण भी रात को पेशाब जाने की जरूरत पड़ सकती है। अगर किसी को लगभग हर रात में बार-बार उठकर पेशाब जाने की जरूरत पड़ती है और इस वजह से नींद भी पूरी नहीं होती, तो इसे नजरअंदाज करना सही नहीं है। क्या यह किसी बीमारी के होने का संकेत हो सकता है? यह जानने के लिए हमने Dr. Vineet Malhotra, Senior Consultant in Urology, VNA Hospital, Delhi से बात की।
Dr. Vineet Malhotra ने बताया कि मेडिकल भाषा में इस कंडीशन को नोक्ट्यूरिया कहा जाता है। यह अपने आप में कोई बीमारी नहीं, बल्कि शरीर का एक संकेत है कि कहीं न कहीं कोई सेहत से जुड़ी समस्या हो सकती है। कई बार इसका कारण डायबिटीज, प्रोस्टेट, किडनी, हृदय या नींद से जुड़ी बीमारियां भी हो सकती हैं।
रात में बार-बार पेशाब होने की वजह
Dr. Vineet Malhotra के अनुसार, “अगर रात में बार-बार पेशाब आने की समस्या लंबे समय तक बनी रहती है, तो इसकी सही वजह जानने के लिए डॉक्टर से चेकअप कराना चाहिए। अगर बीमारी का समय रहते कारण का पता चल जाए, तो इलाज भी आसान हो जाता है।”
1. डायबिटीज
Dr. Vineet Malhotra कहते हैं, “रात में बार-बार पेशाब आने के सबसे सामान्य कारणों में डायबिटीज शामिल है। जब ब्लड में शुगर का लेवल बढ़ जाता है, तो शरीर अतिरिक्त ग्लूकोज को पेशाब के जरिए बाहर निकालने की कोशिश करता है। इस वजह से पेशाब की मात्रा बढ़ जाती है और रात में भी कई बार उठना पड़ सकता है। इसके साथ बार-बार प्यास लगना, बहुत ज्यादा भूख लगना, थकान महसूस होना या बिना किसी वजह वजन कम होना जैसे लक्षण दिखें, तो ब्लड शुगर जरूर चेक कराना चाहिए।”
2. पुरुषों में बढ़ा हुआ प्रोस्टेट
Dr. Vineet Malhotra ने कहा, “50 साल की उम्र के बाद पुरुषों में प्रोस्टेट ग्रंथि का आकार बढ़ना एक आम समस्या है। मेडिकल भाषा में इसे बायजीन प्रोस्टेटिक हाइपरप्लासिया (BPH) कहा जाता है। दरअसल, जब प्रोस्टेट बड़ा हो जाता है, तो यह पेशाब जाने के रास्ते पर दबाव डालता है। इससे मूत्राशय पूरी तरह खाली नहीं हो पाता और थोड़ी-थोड़ी देर में पेशाब आने लगता है। रात के समय यह परेशानी ज्यादा महसूस हो सकती है। अगर अगर पेशाब की धार कमजोर हो, पेशाब शुरू करने में समय लगे या पेशाब रुक-रुककर आए, तो प्रोस्टेट की जांच करानी चाहिए।”

यह भी पढ़ें- मेनोपॉज के बाद कई महिलाओं को होती है पेशाब लीक की समस्या, डॉक्टर से जानें 5 कारण
3. ओवरएक्टिव ब्लैडर
Dr. Vineet Malhotra ने बताया कि कुछ लोगों का मूत्राशय जरूरत से ज्यादा सेंसिटिव होता है। इसे ओवरएक्टिव ब्लैडर कहा जाता है। इस कंडीशन में थोड़ा-सा पेशाब जमा होते ही बार-बार पेशाब करने का मन करता है। कई मरीजों को दिन और रात दोनों समय यह समस्या रहती है। कुछ मामलों में पेशाब रोक पाना भी मुश्किल हो जाता है। यह समस्या उम्र बढ़ने, नसों से जुड़ी बीमारियों या मूत्राशय की मांसपेशियों में बदलाव होने के कारण हो सकती है।
4. यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन
Dr. Vineet Malhotra के मुताबिक, “अगर पेशाब करने के रास्ते में इंफेक्शन हो जाए, तो भी रात में बार-बार पेशाब आ सकता है। आमतौर पर महिलाओं को यह समस्या ज्यादा हो सकती है। अगर यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) का समय पर इलाज न कराया जाए, तो इंफेक्शन किडनी तक पहुंच सकता है। इसलिए इसके लक्षणों पर भी ध्यान देना चाहिए।
- पेशाब करते समय जलन होना
- दर्द महसूस होना
- बार-बार थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पेशाब आना
- बदबूदार पेशाब आना
- बुखार होना
5. क्रोनिक किडनी से जुड़ी समस्याएं
European Urology Focus के अनुसार, जिन लोगों को रात में कई बार पेशाब जाने की आदत होती है। वे क्रोनिक किडनी डिजीज (CKD) के शुरुआती स्टेज पर हो सकते हैं। इस स्टडी में जनवरी 2000 से अप्रैल 2020 तक 108 अध्ययनों की समीक्षा की गई। इसमें पाया गया कि अगर रात में बार-बार पेशाब आता है, तो CKD की जांच कराना जरूरी हो जाता है। इसमें यूरिन का चेकअप, ब्लड टेस्ट, अल्ट्रासाउंड के जरिए चेक किया जा सकता है।
रात में बार-बार पेशाब आने से बचाव के तरीके
Dr. Vineet Malhotra ने लोगों को सलाह दी है कि सबसे पहले तो रोजाना के रुटीन पर ध्यान देना जरूरी है और लाइफस्टाइल में कुछ बदलावों से रात में पेशाब जाने की समस्या को काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है।
- सोने से 2 से 3 घंटे पहले बहुत ज्यादा पानी या अन्य तरल पदार्थ पीने से बचें।
- रात के समय चाय, कॉफी, कोल्ड ड्रिंक और शराब से बिल्कुल दूरी बनाकर रखें।
- डायबिटीज या हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों को डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवा लेनी चाहिए।
- रेगुलर एक्सरसाइज और वजन कंट्रोल में रखना चाहिए।
- स्मोकिंग बिल्कुल न करें, क्योंकि यह ब्लैडर पर असर डाल सकता है।
- अगर कोई दवा शुरू करने के बाद यह समस्या बढ़ी है, तो बिना दवा बंद किए डॉक्टर से सलाह लें।
यह भी पढ़ें- महिलाओं को बार-बार पेशाब आने के हो सकते हैं ये 10 कारण, एक्सपर्ट से जानें
निष्कर्ष
अगर किसी को रात में बार-बार पेशाब करने के साथ-साथ पेशाब में खून आना, तेज बुखार होना, पैरों और चेहरे पर सूजन, बहुत ज्यादा प्यास लगना और बिना वजह वजन घटने लगे, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। अगर किसी को यह समस्या लगातार बनी हुई है, तो उसका समय पर इलाज कराना बहुत जरूरी है, क्योंकि इससे न सिर्फ नोक्ट्यूरिया में राहत मिलती है, बल्कि कई गंभीर बीमारियों का भी शुरुआती स्टेज पर पता लगाया जा सकता है।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या सोने से ठीक पहले चाय, कॉफी या शराब पीने से रात में ज्यादा पेशाब आता है?
कैफीन जैसे चाय या कॉफी और अल्कोहल डाययूरेटिक की तरह काम करते हैं, जिस वजह से किडनी ज्यादा से ज्यादा यूरिन बनाने लगती है। इसलिए सोने के बाद रात में बार-बार पेशाब के लिए उठना पड़ता है।क्या कीगल एक्सरसाइज से रात में पेशाब कंट्रोल करने में मदद मिलती है?
पेल्विक फ्लोर की मांसपेशियों को मजबूत करने वाली कीगल एक्सरसाइज करने से मूत्राशय की होल्डिंग कैपेसिटी बढ़ती है। यह खासतौर से महिलाओं और ओवरएक्टिव ब्लैडर (OAB) के मरीजों के लिए बहुत फायदेमंद है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 05, 2026 19:34 IST
Modified By : Aneesh Rawat Aug 05, 2026 19:34 IST
Published By : Aneesh Rawat
Reviewed By : Dr Vineet Malhotra