आज के समय में बहुत से लोग सुबह के समय में बढ़े हुए ब्लड शुगर स्पाइक से परेशान रहते हैं, कई लोगों में रातभर कुछ न खाने के बावजूद सुबह की ब्लड शुगर अपेक्षा से ज्यादा आ सकती है। यशोदा हॉस्पिटल, हैदराबाद के एंडोक्राइनोलॉजिस्ट डॉ. जयादित्य घोष के अनुसार, सुबह के समय शरीर में कई तरह के बदलाव होते हैं, नींद से जागने के आस-पास कुछ हार्मोन ज्यादा एक्टिव होते हैं, जो शरीर को दिनभर की एक्टिविटी के लिए तैयार करते हैं। इन हार्मोनल बदलावों का असर लिवर से ग्लूकोज रिलीज होने और ब्लड शुगर के लेवल पर भी पड़ सकता है।
डॉ. जयादित्य घोष बताते हैं कि सुबह की कुछ आदतों पर ध्यान देकर ब्लड शुगर को बेहतर तरीके से मैनेज करने में मदद मिल सकती है। सुबह उठने के बाद पानी पीने से लेकर नाश्ते में सही फूड्स चुनने और दिन की शुरुआत फिजिकल एक्टिविटी से करने तक, कई छोटी आदतें लंबे समय में ब्लड शुगर स्पाइक पर फर्क डाल सकती हैं।
सुबह की कौन-सी आदतें ब्लड शुगर बढ़ने से रोकती हैं?
एंडोक्राइनोलॉजिस्ट डॉ. जयादित्य घोष बताते हैं कि डायबिटीज या इंसुलिन रेजिस्टेंस वाले लोगों में उठने के बाद शरीर में कुछ हार्मोनल बदलाव होते हैं, जिससे ब्लड शुगर बढ़ सकता है। डॉ. जयादित्य घोष के अनुसार, सुबह उठने के बाद कुछ छोटी लेकिन नियमित आदतें ब्लड शुगर कंट्रोल रखने में मदद कर सकती हैं।
1. उठते ही देर तक खाली पेट न रहें
डॉ. जयादित्य घोष सलाह देते हैं कि सुबह उठने के बाद लंबे समय तक बिना कुछ खाए रहना हर व्यक्ति के लिए फायदेमंद नहीं होता है। डायबिटीज वाले लोगों को अपने डॉक्टर और डाइट प्लान के अनुसार नाश्ते का समय तय करना चाहिए। लंबे समय तक खाली पेट रहने के बजाय बैलेंस और पोषण से भरपूर नाश्ता लेना ब्लड शुगर मैनेजमेंट में मदद कर सकता है।
2. सुबह सबसे पहले पानी पिएं
रातभर सोने के बाद शरीर में डिहाइड्रेशन की स्थिति हो सकती है इसलिए सुबह उठकर पर्याप्त पानी पीना चाहिए। पानी शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ नॉर्मल मेटाबोलिक प्रोसेस को सपोर्ट करता है। हालांकि, केवल पानी पीने से बढ़ी हुई ब्लड शुगर तुरंत कम नहीं होती है।
3. नाश्ते के बाद भी फिजिकली एक्टिव रहें
डॉ. जयादित्य घोष के अनुसार, नाश्ते के बाद हल्की वॉक करना ब्लड ग्लूकोज मैनेजमेंट के लिए अच्छी आदत हो सकती है। सुबह 15 मिनट की हल्की वॉक से शुरुआत करें और फिर ये समय बढ़ा सकते हैं। इसके अलावा रोजाना सुबह योग और मेडिटेशन के लिए भी समय निकालें।
4. नाश्ते में सिर्फ मीठी चीजें न लें
सुबह के नाश्ते में केवल मीठे बिस्किट, जूस, चाय या मैदे से बनी चीजें खाने से ग्लूकोज तेजी से बढ़ सकता है। इसके बजाय नाश्ते में प्रोटीन, फाइबर और बैलेंस कार्बोहाइड्रेट शामिल करना बेहतर हो सकता है। जैसे मूंग दाल चीला, अंडे की भुर्जी के साथ टोस्ट, सब्जियों के साथ मल्टीग्रेन रोटी नाश्ते में ले सकते हैं।
5. सुबह खाली पेट मीठी चाय से बचें
कई लोगों की सुबह चाय, कॉफी, फलों के जूस या मीठे पेय से शुरू होती है। इनमें मौजूद अतिरिक्त चीनी ब्लड ग्लूकोज को तेजी से बढ़ा सकती है। खासकर पैकेज्ड जूस और मीठी ड्रिंक्स से बचना बेहतर है। चाय या कॉफी लेते हैं तो उसमें चीनी की मात्रा कम रखना और पूरे फल को जूस की जगह प्राथमिकता देना अधिक उचित हो सकता है।
Habits To Prevent Blood Sugar Spikes
साल 2020 में American Diabetes Association में प्रकाशित जानकारी के अनुसार, डायबिटीज के कंट्रोल के लिए भोजन की मात्रा और समय, खाने का सही क्रम और खाने के बाद या पहले एक्सरसाइज जैसी आदतें बहुत जरूरी हैं। इन सभी में सबसे जरूरी है अपने शरीर के हिसाब से कार्बोहाइड्रेट की सही मात्रा लेना, जो शुगर और वजन को कंट्रोल रखता है। बाकी आदतें भी सेहत और ब्लड शुगर सुधारने में मदद करती हैं।
डॉक्टर से कब मिलें?
डॉ. जयादित्य घोष सलाह देते हैं कि अगर सुबह ब्लड शुगर लगातार नॉर्मल से ज्यादा रहती है, तो केवल खान-पान में बदलाव करने के बजाय इसकी वजह समझना जरूरी है। डॉक्टर जरूरत के अनुसार फास्टिंग और भोजन के बाद की ब्लड शुगर की जांच की सलाह दे सकते हैं। बार-बार बढ़ी हुई रीडिंग को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि दवाओं, भोजन, नींद, तनाव और सुबह होने वाले हार्मोनल बदलावों का भी असर पड़ सकता है।
निष्कर्ष
सुबह की छोटी-छोटी आदतें ब्लड शुगर को स्थिर रखने में मदद कर सकती हैं। पर्याप्त पानी पीना, बैलेंस नाश्ता करना, ज्यादा चीनी खाने से बचना और भोजन के बाद हल्की फिजिकल एक्टिविटी जैसी आदतें फायदेमंद हो सकती हैं। हालांकि, डायबिटीज में हर व्यक्ति का ब्लड शुगर पैटर्न अलग होता है। अगर सुबह लगातार शुगर बढ़ी हुई मिल रही है, तो डॉक्टर से सलाह लें।
All Image Credit- magnific
FAQ
सुबह उठते ही ब्लड शुगर चेक करना चाहिए या कुछ समय बाद?
डायबिटीज में फास्टिंग शुगर की जांच का सही समय डॉक्टर की सलाह पर निर्भर करता है। नियमित जांच में एक जैसा समय रखना फायदेमंद हो सकता है।क्या डायबिटीज में सुबह फल खा सकते हैं?
यह फल के प्रकार, मात्रा और व्यक्ति के ब्लड शुगर और डाइट प्लान पर निर्भर करता है। सीमित मात्रा में फल का सेवन किया जा सकता है।क्या खाली पेट एक्सरसाइज करने से शुगर कम होती है?
हर व्यक्ति में इसका प्रभाव अलग हो सकता है। डायबिटीज की दवा लेने वाले लोगों को खाली पेट एक्सरसाइज करने से पहले डॉक्टर से सही सलाह लेनी चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 06, 2026 14:48 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Jayaditya Ghosh
