डायबिटीज एक ऐसी मेटाबॉलिक स्थिति है, जिसमें शरीर इंसुलिन का ठीक तरह से इस्तेमाल नहीं कर पाता है या पर्याप्त मात्रा में इंसुलिन नहीं बना पाता है। इसके कारण ब्लड में ग्लूकोज का लेवल ज्यादा बढ़ जाता है। जब सेल्स तक एनर्जी नहीं पहुंच पाती है तो शरीर इसे पूरा करने के लिए लगातार संकेत भेजने लगता है। इसी के चलते डायबिटीज मरीजों में बार-बार ज्यादा भूख और बार-बार प्यास लगना बहुत आम बात हो जाती है। ऐसे में आइए इस लेख में Dr. Himika Chawla, Endocrinology & Diabetology, PSRI Hospital, Delhi से जानते हैं कि डायबिटीज में बार-बार प्यास और भूख लगने के पीछे क्या कारण हो सकता है?
डायबिटीज में बार-बार प्यास और भूख क्यों लगती है?
Dr. Himika Chawla बताती हैं कि डायबिटीज में बार-बार प्यास और भूख लगना शरीर में ब्लड शुगर लेवल के बढ़ने से जुड़ा होता है। जब किसी व्यक्ति को डायबिटीज होती है तो उसका शरीर पर्याप्त मात्रा में इंसुलिन नहीं बना पाता है या इंसुलिन सही तरह से शरीर में काम नहीं करता है। ऐसे में ब्लड में मौजूद ग्लूकोज सेल्स तक प्रभावी तरीके से नहीं पहुंच पाता है। इसके कारण ब्लड शुगर का लेवल बढ़ जाता है, लेकिन शरीर के सेल्स को एनर्जी की कमी महसूस होती रहती है।
यही कारण है कि डायबिटीज के मरीजों को बार-बार भूख लग सकती है। इसे पॉलीफेजिया कहा जाता है। इस स्थिति में व्यक्ति भोजन करने के बाद भी भूख महसूस कर सकता है, क्योंकि शरीर खाने से मिलने वाले ग्लूकोज का सही तरीके से इस्तेमाल नहीं कर पाता है। हालांकि, हर व्यक्ति में यह लक्षण दिखाई देना जरूरी नहीं है।
इसे भी पढ़ें: रात में अचानक बढ़ता है शुगर? शाम 5 बजे के बाद स्नैक में शामिल करें ये 6 सुपरफूड्स
बार-बार प्यास लगने के कारण
Dr. Himika Chawla बताती हैं कि बार-बार प्यास लगने को पॉलीडिप्सिया कहा जाता है। जब खून में शुगर की मात्रा बहुत ज्यादा हो जाती है, तो किडनी ज्यादा ग्लूकोज को पेशाब के जरिए शरीर से बाहर निकालने की कोशिश करती है। इस प्रक्रिया में शरीर से ज्यादा मात्रा में पानी भी बाहर निकलता है। इससे बार-बार पेशाब आना और शरीर में पानी की कमी होने लगती है। इसी कारण व्यक्ति को बार-बार प्यास लगती है और पानी पीने के बाद मुंह सूखने जैसा महसूस हो सकता है।
National Institute of Diabetes And Digestive And Kidney Diseases के अनुसार, डायबिटीज में ज्यादा भूख और प्यास लगना इसके मुख्य लक्षणों में शामिल हैं, जो शरीर में इंसुलिन की कमी या इंसुलिन प्रतिरोध के कारण होते हैं। इंसुलिन एक हार्मोन है, जो ब्लड ग्लूकोज को सेल्स में एनर्जी के लिए पहुंचाने में मदद करता है।
Causes-of-Frequent-Thirst-And-Hunger-in-Diabetes
ब्लड शुगर लेवल मैनेज करने के लिए क्या करना चाहिए?
Dr. Himika Chawla के अनुसार, डायबिटीज में लगातार लगने वाली ज्यादा प्यास और भूख को कंट्रोल करने के लिए ब्लड शुगर लेवल को मैनेज करना सबसे जरूरी होता है। इसके लिए आप ये उपाय अपना सकते हैं-
- ब्लड शुगर लेवल स्थिर रखना- लगातार प्यास और भूख लगने का बड़ा कारण ब्लड शुगर लेवल अनियंत्रित होना है। डॉक्टर की सलाह के अनुसार अपनी दवाइयां और इंसुलिन समय पर लें और नियमित रूप से शुगर की जांच करते रहें।
- फाइबर से भरपूर डाइट- अपनी डाइट में हरी पत्तेदार सब्जियां, सलाद, साबुत अनाज और छिलके वाली दालें शामिल करें। फाइबर पचने में समय लगता है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा महसूस होता है और बार-बार भूख नहीं लगती है।
- पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं- बार-बार पेशाब आने से शरीर में पानी की कमी हो सकती है। इसलिए, दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, नारियल पानी या छाछ का सेवन करें ताकि प्यास कंट्रोल रहे।
- प्रोटीन का सेवन करें- हर मील में प्रोटीन से भरपूर फूड्स जैसे पनीर, दालें, चना और अंडे शामिल करें। प्रोटीन खाने से हार्मोन्स संतुलित रखने में मदद मिल सकती है, जो बार-बार भूख लगने की समस्या को कंट्रोल करता है।
- कार्बोहाइड्रेट सीमित करें- मैदे से बनी चीजें, चीनी, कोल्ड ड्रिंक्स और सफेद चावल का सेवन करने से बचना चाहिए, क्योंकि ये शुगर लेवल को तेजी से बढ़ाते हैं और तुरंत बाद फिर से तेज भूख लगने का कारण बनते हैं।
- एक बार में ज्यादा खाने से बचें- एक बार में बहुत सारा खाना खाने की जगह दिनभर में 4 से 5 बार थोड़ा-थोड़ा खाएं, इससे शरीर में एनर्जी का लेवल स्थिर रहता है।
इसे भी पढ़ें: क्या दालचीनी खाने से कंट्रोल हो सकता है ब्लड शुगर? जानें एक्सपर्ट की राय
डॉक्टर से कब मिलना चाहिए?
डायबिटीज में बार-बार भूख और प्यास लगने के साथ बार-बार पेशाब आना, बिना किसी साफ कारण के वजन कम होना, थकान और धुंधला दिखाई देना भी ब्लड शुगर लेवल बढ़ने के चेतावनी संकेत हो सकते हैं। इन लक्षणों को नॉर्मल समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इस स्थिति में आपको तुरंत डॉक्टर से कंसल्ट करना चाहिए। अगर ये लक्षण लगातार बने रहते हैं तो ब्लड शुगर लेवल की जांच करवाना जरूरी है। समय पर डायबिटीज की पहचान और सही इलाज से ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल रखने और भविष्य में होने वाली जटिलताओं के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है।
निष्कर्ष
बार-बार प्यास और भूख लगना इस बात का संकेत है कि आपके शरीर में ब्लड शुगर का लेवल अनियंत्रित हो रहा है। अगर इन लक्षणों को समय पर कंट्रोल न किया जाए तो यह स्वास्थ्य के लिए गंभीर साबित हो सकता है। संतुलित खान-पान, नियमित एक्सरसाइज, समय पर दवाइयों का सेवन और हाइड्रेटेड रहकर आप इन लक्षणों को सही तरीके से कम कर सकते हैं।
Image Credit: Freepik
FAQ
बार-बार प्यास लगना किस बीमारी का लक्षण है?
बार-बार ज्यादा प्यास लगना मुख्य रूप से डायबिटीज का सबसे अहम लक्षण है। इसके अलावा यह डिहाइड्रेशन या डायबिटीज इन्सिपिडस का संकेत भी हो सकता है।डायबिटीज में भूख लगने पर क्या खाएं?
भूख लगने पर आप सलाद, खीरा, भुने हुए चने, मखाने, हरी पत्तेदार सब्जियां या स्प्राउट्स खा सकते हैं, जो ब्लड शुगर को बढ़ाए बिना पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 13, 2026 12:32 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Himika Chawla
