निमोनिया के मरीजों के फेफड़ों का इंफेक्शन इलाज के बाद ठीक हो जाता है और इसके बाद डाइट और सही देखभाल से मरीज रिकवर हो जाता है। कई मामलों में मरीज ठीक होने के बाद फिर से निमोनिया का शिकार हो जाता है। ऐसा आमतौर पर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों में ज्यादा देखा गया है। बार-बार निमोनिया होना सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकता है, इसलिए हमने दिल्ली के PSRI Hospital के Critical Care and Sleep Medicine विभाग की सीनियर कंसल्टेंट Dr. Neetu Jain से बात की। उन्होंने बताया कि अगर किसी व्यक्ति को बार-बार निमोनिया हो रहा है, तो इसका कारण सिर्फ इंफेक्शन नहीं होता, बल्कि फेफड़ों या सांस की नलियों में भी समस्या हो सकता है। इसलिए निमोनिया होने पर डॉक्टर से चेकअप कराना बहुत जरूरी है।
बार-बार निमोनिया होने के क्या कारण हो सकते हैं?
ERJ Open Research के मुताबिक, बुजुर्गों में निमोनिया ठीक होने के बाद दोबारा हो सकता है। इसका कारण फेफड़ों की पुरानी बीमारी, जिन लोगों को निमोनिया पहले हो चुका है, एलर्जी की दवाएं, नींद की दवाएं और कम वजन होना हो सकते हैं।
Dr. Neetu Jain भी मानती है कि अक्सर बुजुर्गों और बच्चों में इम्यूनिटी कमजोर होने की वजह से निमोनिया हो सकता है। इसलिए निमोनिया होने पर इन लोगों की देखभाल करना ज्यादा जरूरी है। साथ ही इसके कारणों की पहचान करना भी महत्वपूर्ण है।
1. कमजोर इम्यूनिटी होना
जब मरीज का इम्यून सिस्टम कमजोर हो जाता है, तो इंफेक्शन से लड़ने की क्षमता भी कम हो सकती है। ऐसे में मरीज को बार-बार निमोनिया होने का खतरा बढ़ सकता है। जिन लोगों को डायबिटीज, HIV इंफेक्शन और न्यूट्रिशन की कमी होती है, उनका इम्यून सिस्टम कमजोर हो सकता है। ऐसे लोगों में दोबारा निमोनिया होना का रिस्क बढ़ सकता है।
2. अस्थमा और COPD होना
जिन मरीजों को सांस से जुड़ी बीमारियां जैसे अस्थमा और COPD होती हैं। उनकी सांस की नलियों पर असर पड़ सकता है। खासतौर पर COPD में फेफड़ों के फंक्शन पर असर पड़ सकता है। इससे सांस से जुड़ा इंफेक्शन तेजी से बढ़ सकता है। इसलिए जिन लोगों को पहले से अस्थमा की समस्या होती है, उन्हें कई बार निमोनिया के लक्षण समझ नहीं आते।
3. ब्रोंकिइक्टेसिस या फेफड़ों में पुराना इंफेक्शन
ब्रोंकिइक्टेसिस में सांस की नलियां असामान्य रूप से फैल जाती हैं। इसकी वजह से उनमें बलगम जमा होने लगता है। इससे फेफड़ों में इंफेक्शन और सूजन का खतरा बढ़ सकता है। अगर किसी मरीज को लंबे समय तक बलगम जमा रहता है, तो उन्हें फेफड़ों से जुड़ी बीमारी या निमोनिया हो सकता है।
Causes of Recurrent pneumonia
यह भी पढ़ें- बच्चों में निमोनिया के शुरुआती लक्षण कैसे पहचानें? डॉक्टर से जानें इन 5 बदलावों को न करें नजरअंदाज
4. सांस की नली में रुकावट या गांठ होना
अगर किसी व्यक्ति को बार-बार फेफड़ों के एक ही हिस्से में निमोनिया हो रहा है, तो इसकी वजह सांस की नली में रुकावट भी हो सकती है। कुछ मामलों में ट्यूमर या फेफड़ों की बनावट में असामान्य बदलाव हो सकता है। इससे हवा के फ्लो पर असर पड़ सकता है। इस कारण फेफड़ों में निमोनिया होने का रिस्क बढ़ सकता है।
5. एसिड रिफ्लक्स या खाने का फेफड़ों में पहुंचना
कुछ लोगों को खाना निगलने में परेशानी होती है या एसिड रिफ्लक्स की समस्या रहती है। अगर खाना या पानी गलती से सांस की नली के रास्ते फेफड़ों में पहुंच जाए, तो कंडीशन को एस्पिरेशन कहा जाता है। इससे एस्पिरेशन निमोनिया होने का खतरा बढ़ सकता है। बुजुर्गों और न्यूरोलॉजिकल समस्याओं से पीड़ित लोगों में बार-बार निमोनिया होने का खतरा बढ़ सकता है।
बार-बार निमोनिया होने पर कब जांच करानी चाहिए?
Dr. Neetu Jain कहती हैं कि अगर किसी बच्चे को एक साल में दो या इससे ज्यादा बार निमोनिया हो या जीवन में तीन बार निमोनिया हो चुका हो, तो इसे बार-बार (Recurrent) निमोनिया माना जा सकता है। ऐसे में डॉक्टर मरीज की उम्र, पहले से मौजूद बीमारियों, संक्रमण किस हिस्से में हो रहा है और ठीक होने में कितना समय लग रहा है, इन सभी बातों को ध्यान में रखते हैं। बार-बार निमोनिया होने पर ये चेकअप कराए जा सकते हैं।
- चेस्ट एक्स-रे - इसकी मदद से फेफड़ों में इंफेक्शन और असामान्य बदलावों का पता लगाया जा सकता है। इससे पता चलता है कि इंफेक्शन फेफड़ों में कहां-कहां है?
- सीटी स्कैन - अगर डॉक्टर को फेफड़ों की संरचना में बदलाव, सांस की नली में रुकावट या किसी गांठ महसूस होती है, तो सीटी स्कैन कराने की सलाह दी जा सकती है।
- ब्लड टेस्ट - ब्लड टेस्ट के जरिए शरीर में संक्रमण और इम्यूनिटी से जुड़ी समस्याओं का पता लगाने में मदद मिल सकती है।
- स्पुटम टेस्ट - इस टेस्ट में मरीज के बलगम का सैंपल लेकर बलगम में मौजूद बैक्टीरिया या इंफेक्शन की पहचान करने में मदद मिल सकती है।
- ब्रोंकोस्कोपी - इस प्रोसेस के जरिए सांस की नलियों के अंदर की स्थिति देखी जाती है। अगर किसी रुकावट या असामान्य बदलाव महसूस होता है, तो यह चेकअप काफी फायदेमंद हो सकता है।
यह भी पढ़ें- World Pneumonia Day: निमोनिया में फेफड़ों की तेज रिकवरी के लिए क्या खाएं और किन चीजों से करें परहेज? जानें डॉक्टर से
निष्कर्ष
बार-बार निमोनिया से बचाव के लिए डॉक्टर की सलाह पर न्यूमोकोकल और इन्फ्लुएंजा वैक्सीन लगवाएं जा सकते हैं। इसके अलावा, हाथों की साफ-सफाई का ध्यान रखें और पौष्टिक भोजन करें। अगर बार-बार निमोनिया हो रहा है, तो बिना देर किए डॉक्टर से इसके कारणों को जानकर इसका इलाज कराएं।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या बार-बार निमोनिया होना फेफड़ों के कैंसर या टीबी का शुरुआती लक्षण हो सकता है?
55 साल से ज्यादा उम्र के लोगों और स्मोकिंग करने वाले लोगों में बार-बार निमोनिया होना टीबी या कैंसर का संकेत हो सकता है। इसलिए अगर एंटीबायोटिक के पूरे कोर्स के बाद भी एक्स-रे साफ न हो और एक ही जगह बार-बार निमोनिया हो, तो सीटी स्कैन और बायोप्सी कराना बेहतर रहता है।क्या नींद की गोलियां लेने से भी बार-बार निमोनिया हो सकता है?
नींद की दवाएं या नशीली दवाएं लेने से व्यक्ति को पता ही नहीं चलता कि कि उसके मुंह की लार या उल्टी के कण सांस नली में चले गए हैं। इससे बार-बार एस्पिरेशन निमोनिया (Aspiration Pneumonia) हो सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
