बदलते मौसम में छोटे बच्चों को सर्दी-खांसी होना आम है और इस वजह से पेरेंट्स यह समझ ही नहीं पाते कि बच्चे को खांसी-बुखार सामान्य है या फिर ये निमोनिया का भी संकेत हो सकता है। निमोनिया फेफड़ों में होने वाला इंफेक्शन है, जो बैक्टीरिया, फंगस और वायरस के कारण हो सकता है। आमतौर पर छोटे बच्चों और नवजात शिशुओं को इसका खतरा ज्यादा हो सकता है, क्योंकि उनकी इम्यूनिटी अभी पूरी तरह से विकसित नहीं हुई होती। इसलिए बच्चों में निमोनिया के शुरुआती संकेत क्या होते हैं? यह जानना बहुत जरूरी है। ये जानने के लिए हमने दिल्ली के PSRI Hospital के Critical Care and Sleep Medicine विभाग की सीनियर कंसल्टेंट Dr. Neetu Jain से बात की। उन्होंने बताया कि बच्चों में निमोनिया की पहचान सिर्फ बुखार और खांसी पर ध्यान देना काफी नहीं है। इसके अलावा, बच्चे की छाती और दूध पीने जैसी बातों पर भी गौर करना जरूरी है।
बच्चों में निमोनिया के शुरुआती लक्षण क्या हैं?
Cleveland Clinic के अनुसार, बच्चों को निमोनिया होना गंभीर समस्या है और ऐसे में बच्चों के लक्षण जैसे सांस लेना, दूध न पीना, सुस्त महसूस होने और बहुत कम बुखार होने जैसे लक्षणों पर ध्यान देना चाहिए।
Dr. Neetu Jain कहती हैं कि बच्चों में निमोनिया के इन लक्षणों पर ध्यान देने की जरूरत है।
1. बच्चे की सांस सामान्य से तेज चलना
बच्चों में निमोनिया का एक अहम संकेत तेजी से सांस लेना हो सकता है। फेफड़ों में इंफेक्शन और सूजन होने पर बच्चे को सांस लेने में परेशानी हो सकती है और ऐसे में बच्चे की सांस की गति बढ़ सकती है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, 5 साल से कम उम्र के बच्चों में तेज सांस लेने की पहचान की जा सकती है और यह निमोनिया का संकेत हो सकता है।
- 2 महीने से 12 महीने के शिशु एक मिनट में 50 या उससे ज्यादा सांसें लेना
- 1 से 5 साल के बच्चे में एक मिनट में 40 या उससे ज्यादा सांसें लेना
शिशु की सांस की स्पीड चेक करने के लिए इन स्थितियों में सांसों की गति तेज मानी जाती है। बच्चे की सांसें गिनते समय ध्यान रखें कि वह शांत हो या सो रहा हो। रोते हुए बच्चे की सांसें गिनने से सही अंदाजा नहीं मिल सकता।
2. सांस लेते समय छाती या पसलियों के नीचे का हिस्सा धंसना
अगर बच्चा सांस लेते समय अपनी छाती के निचले हिस्से या पसलियों के नीचे की स्किन को अंदर की ओर खांच रहा है, तो यह सांस लेने में परेशानी का संकेत हो सकता है। ऐसा तब होता है, जब बच्चे को सांस लेने के लिए सामान्य से ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। पेरेंट्स को बच्चे की छाती पर ध्यान देना चाहिए और ऐसा होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
Early signs of pneumonia in children
यह भी पढ़ें- World Pneumonia Day: निमोनिया में फेफड़ों की तेज रिकवरी के लिए क्या खाएं और किन चीजों से करें परहेज? जानें डॉक्टर से
3. सांस लेते समय घरघराहट होना
निमोनिया होने पर कुछ बच्चों की सांस लेते समय घरघराहट या सीटी जैसी आवाज सुनाई दे सकती है। गंभीर स्थिति में सांस अंदर लेते समय तेज आवाज भी आ सकती है। अगर बच्चे की सांस के साथ ऐसी आवाजें आ रही हैं और उसे सांस लेने में परेशानी भी हो रही है, तो इसे नॉर्मल सर्दी-खांसी समझकर टालना नहीं चाहिए।
4. सांस लेते समय नाक के नथुने फूलना
अगर बच्चा सांस लेते समय नाक के नथुने फूलते हैं, तो उसे सांस लेने में परेशानी हो सकती है। अगर सांस लेने के साथ दूसरे लक्षण भी दिखाई देते हैं, तो शिशु की जांच करानी जरूरी है।
5. सांस छोड़ते समय कराहने जैसी आवाज आना
अगर बच्चे को निमोनिया होता है, तो सांस छोड़ते समय कराहने जैसी आवाज आ सकती है। इसे ग्रंटिंग कहा जाता है और यह सांस लेने में परेशानी का संकेत हो सकता है। नवजात शिशुओं में सांस लेने में रुकावट या असामान्य तरीके से सांस लेना भी गंभीर संकेत माना जाता है। ऐसी कंडीशन में बच्चों को तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
निमोनिया होने का खतरा किन बच्चों में ज्यादा रहता है?
Dr. Neetu Jain का कहना है, “5 साल से कम उम्र के बच्चों, खासतौर पर 2 साल से कम उम्र के शिशुओं में निमोनिया होने का खतरा ज्यादा हो सकता है। इसके अलावा, समय से पहले जन्मे बच्चे, कम वजन वाले शिशु, कुपोषित बच्चे और कमजोर इम्यूनिटी वाले बच्चों के पेरेंट्स को भी ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। इसके साथ ही जिन बच्चों का वैक्सीनेशन पूरा नहीं हुआ है, उन्हें कुछ इंफेक्शन के कारण निमोनिया होने की संभावना बढ़ सकती है।”
यह भी पढ़ें- निमोनिया ठीक होने के हफ्तों बाद भी क्यों रहती है खांसी, डॉक्टर से जानें कितने दिन तक रहना नॉर्मल?
निष्कर्ष
अगर बच्चे को निमोनिया हुआ है, तो उसके खाने-पीने का ध्यान रखें और शिशु ब्रेस्टफीड करता है, तो दूध पिलाने की कोशिश करते रहना चाहिए। इसके अलावा, डॉक्टर की सलाह के बिना बच्चे को एंटीबायोटिक या खांसी-जुकाम की दवाएं न दें। सबसे जरूरी है कि बच्चों को निमोनिया के शुरुआती लक्षणों को समय पर पहचानना बहुत जरूरी है।
All Image Credit: Magnific
FAQ
घर में पैसिव स्मोकिंग से बच्चों में निमोनिया का रिस्क कैसे बढ़ता है?
बच्चों के फेफड़े और सांस लेने का सिस्टम पूरी तरह विकसित नहीं होता। घर में सिगरेट, बीड़ी, मच्छर भगाने वाली कॉइल या चूल्हे का धुआं जाने से इन रेशों को नुकसान पहुंचता है, जो निमोनिया कर सकते हैं।क्या बच्चे में निमोनिया और अस्थमा या ब्रोंकियोलाइटिस के लक्षण एक जैसे दिख सकते हैं?
ब्रोंकियोलाइटिस, जो 2 साल से छोटे बच्चों में RSV वायरस से होता है और अस्थमा में सांस छोड़ते समय सीटी जैसी आवाज आ सकती है। निमोनिया में तेज बुखार के साथ फेफड़ों के एक हिस्से में कफ भरने से स्टेथोस्कोप पर खास चटकने जैसी आवाज आ सकती है। इसलिए समय पर डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
