Wed Nov 11, 2026 | 04:58 PM IST

Medically Reviewed by Dr Neetu Jain , Senior Consultant – Pulmonary, Critical Care, PSRI Hospital

World Pneumonia Day: निमोनिया में फेफड़ों की तेज रिकवरी के लिए क्या खाएं और किन चीजों से करें परहेज? जानें डॉक्टर से

निमोनिया होने पर दवा के साथ डाइट पर ध्यान देना भी जरूरी है, ताकि फेफड़ों के इंफेक्शन को जल्द से जल्द कम किया जा सके। दिल्ली की जानी-मानी डॉ. नीतू जैन का कहना है कि निमोनिया में खान-पान के बारे में डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
World Pneumonia Day: निमोनिया में फेफड़ों की तेज रिकवरी के लिए क्या खाएं और किन चीजों से करें परहेज? जानें डॉक्टर सेWorld Pneumonia Day: निमोनिया में फेफड़ों की तेज रिकवरी के लिए क्या खाएं और किन चीजों से करें परहेज? जानें डॉक्टर से

निमोनिया में डाइट मरीज की रिकवरी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। निमोनिया में मरीज के फेफड़ों में इंफेक्शन फैल जाता है, जिसकी वजह से मरीज को निमोनिया के लक्षण जैसे खांसी, बुखार, सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द और काफी कमजोरी दिखाई दे सकती हैं। बीमारी के दौरान शरीर का इम्यून सिस्टम तेजी से इंफेक्शन को नष्ट करने की कोशिश कर रह होता है, ऐसे में मरीज को संतुलित खाना मिलना जरूरी हो जाता है। अक्सर निमोनिया के मरीजों का सवाल होता है कि उन्हें बीमारी में क्या खाना चाहिए, कौन-से फल और सब्जियां डाइट में शामिल करनी चाहिए और किन चीजों से परहेज करना बेहतर है? इस बारे में दिल्ली के PSRI Hospital के Critical Care and Sleep Medicine विभाग की सीनियर कंसल्टेंट Dr. Neetu Jain से बात की। उन्होंने बताया कि सिर्फ डाइट से निमोनिया ठीक नहीं होता, बल्कि दवाओं के साथ सही खान-पान से निमोनिया के मरीज जल्द रिकवरी कर सकते हैं। इसलिए डाइट में कुछ चीजें खानी चाहिए और कुछ से परहेज भी करना चाहिए।

निमोनिया में क्या खाना चाहिए?

Current Opinion in Infectious Diseases के मुताबिक, निमोनिया के मरीज के खान-पान पर खास ध्यान देने से उसके दोबारा अस्पताल में भर्ती होने की संभावना कम होती है और 30 दिनों के भीतर मृत्यु दर में सुधार आता है। हालांकि, अलग-अलग विटामिन या सप्लीमेंट्स के असर पर अभी रिसर्च कम हुई है।

Dr. Neetu Singh कहती हैं कि फेफड़ों को रिकवर करने के लिए डाइट में विटामिन C, प्रोटीन के साथ जिंक से भरपूर खाना लेना चाहिए। इसके साथ निमोनिया के मरीजों को हल्का भोजन करने की सलाह दी जाती है।

1. प्रोटीन वाले फूड्स

निमोनिया के दौरान शरीर को इंफेक्शन से बचाने के लिए प्रोटीन से भरपूर खाना शामिल करना चाहिए। इसमें दाल, मूंग, पनीर, टोफू, सोयाबीन, दूध और दही खा सकते हैं। अगर मरीज नॉन-वेज खाता है, तो अंडे, चिकन और मछली भी प्रोटीन के अच्छे स्रोत हैं। इन चीजों को खाने से शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिल सकते हैं और बीमारी के दौरान मांसपेशियों की कमजोरी से उबरने में मदद मिल सकती है।

2. विटामिन C वाले फल और सब्जियां

विटामिन C शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करता है। इसलिए निमोनिया के मरीज को विटामिन C वाले फल जैसे संतरा, मौसमी, अमरूद, आंवला, कीवी और नींबू दे सकते हैं। इसके अलावा, सब्जियों में शिमला मिर्च, ब्रोकली और हरी सब्जियां अच्छे विकल्प हो सकते हैं।

3. पर्याप्त मात्रा में पानी और फ्लूड

निमोनिया में बुखार और पसीना आने के कारण शरीर में पानी की कमी हो सकती है। इसलिए दिनभर पर्याप्त फ्लूड या पानी लेना जरूरी है। पानी के अलावा मरीज को नारियल पानी, दाल का पानी, सब्जियों का सूप और हल्का वेजिटेबल शोरबा भी दिया जा सकता है। तरल पदार्थ शरीर को हाइड्रेट करने में मदद करते हैं।

इसके साथ ही सूप या शोरबा लेने से गले को आराम मिल सकता है। इस बात का ध्यान रखें कि अगर निमोनिया के मरीज को पहले से हार्ट या किडनी से जुड़ी समस्या है, तो डॉक्टर से सलाह लेकर ही पानी लें।

Cleveland Clinic के मुताबिक, ज्यादा मात्रा में फ्लूड लेने से फेफड़ों में जमा बलगम को बाहर निकालने में मदद मिलती है।

4. जिंक और विटामिन A वाले फूड्स

जिंक शरीर के इम्यून सिस्टम के फंक्शन में महत्वपूर्ण है। इसलिए निमोनिया के रोगियों को जिंक से भरपूर फूड्स देने चाहिए। इसमें चना, दालें, कद्दू के बीज और साबुत अनाज शामिल हो सकते हैं।

वहीं, गाजर, शकरकंद, पालक और पपीते में विटामिन A होता है। ये फेफड़ों को मजबूत करने में मदद करते हैं। इसलिए फेफड़ों की रिकवरी में विटामिन A जरूरी है।

What to eat and avoid in pneumoniaWhat to eat and avoid in pneumonia

यह भी पढ़ें- निमोनिया ठीक होने के हफ्तों बाद भी क्यों रहती है खांसी, डॉक्टर से जानें कितने दिन तक रहना नॉर्मल?

5. हल्का और आसानी से पचने वाला खाना

Dr. Neetu Jain कहती हैं, “निमोनिया के मरीजों को भूख कम लगती है या फिर खाने का मन नहीं करता। ऐसे में मरीज को थोड़ा-थोड़ा खाना देना चाहिए। कई बार परिवार के लोग मरीज को एक ही बार में ज्यादा खाने के लिए जबरदस्ती करते हैं। इससे मरीज को उल्टी भी आ सकती है। इसलिए मरीज को थोड़ा लेकिन कुछ-कुछ समय बाद देते रहना चाहिए। निमोनिया में खिचड़ी, दलिया, मूंग दाल, ओट्स, नरम चावल और सब्जियों का सूप जैसे फूड्स मरीज को दिए जा सकते हैं। खाना हमेशा हल्का रखें, जो आसानी से पच जाए।”

निमोनिया में किन चीजों से बचना चाहिए?

Dr. Neetu Jain का कहना है कि निमोनिया में कुछ बातों का खास ध्यान रखना चाहिए, ताकि फेफड़ों से जुड़ी परेशानी गंभीर न हो।

  1. ज्यादा तला-भुना और ऑयली खाना न लें - निमोनिया के मरीजों को समोसे, पकौड़े, चिप्स या बाहर का खाना न दें। घर पर भी जो खाना बनाएं, उसमें तेल और मसाले कम से कम रखें। ज्यादा तेल वाला खाना मरीज के डाइजेशन को खराब कर सकता है।
  2. ज्यादा चीनी वाली चीजें खाने से बचें - कोल्ड ड्रिंक्स, पैकेट वाले जूस, मिठाइयां और बहुत चीनी वाला खाना सीमित रखें। ज्यादा चीनी लेने से जरूरी न्यूट्रिएंट्स शरीर को कम मिलते हैं। सोडे वाले ड्रिंक्स के बजाय नारियल पानी, सूप और सादा पानी लें।
  3. शराब और स्मोकिंग बिल्कुल न करें - निमोनिया होने पर शराब और सिगरेट पीने से बचना चाहिए। स्मोकिंग करने से फेफड़ों को और ज्यादा नुकसान हो सकता है और रिकवरी रुक सकती है। वहीं, शराब शरीर में डिहाइड्रेशन को बढ़ा सकती है।
  4. चाय-कॉफी का बहुत ज्यादा न लें - चाय और कॉफी में मौजूद कैफीन के कारण नींद प्रभावित हो सकती है। निमोनिया के मरीजों को पर्याप्त नींद लेनी चाहिए और आराम करना चाहिए। इसलिए कैफीन की मात्रा बहुत कम रखें।
  5. बहुत ज्यादा मसालेदार खाना न खाएं - घर के खाने में मसाले या मिर्च का इस्तेमाल न करें। इससे मरीज को गले में जलन और एसिडिटी हो सकती है, जो खांसी को बढ़ा सकती है।

यह भी पढ़ें- अस्थमा और निमोनिया में क्या अंतर है? डॉक्टर से जानें

निष्कर्ष
निमोनिया होने पर सबसे ज्यादा असर फेफड़ों पर पड़ता है और शरीर के इम्यून सिस्टम को भी इंफेक्शन से बचाव के लिए एनर्जी और न्यूट्रिशन की जरूरत होती है। इसलिए मरीज को दवा के साथ खाने-पीने पर भी ध्यान देना चाहिए। अगर निमोनिया छोटे बच्चों या बुजुर्गों को हुआ है, तो खासतौर पर ध्यान देने की जरूरत होती है।

All Image Credit: Magnific

FAQ

  • क्या निमोनिया में दूध या दही खाने से कफ या बलगम बढ़ जाता है?

    वैज्ञानिक रूप से दूध बलगम नहीं बनाता, लेकिन गाढ़ापन महसूस करा सकता है। ठंडा दूध या खट्टा दही खाने से गले में दर्द महसूस हो सकता है। इसलिए गुनगुने दूध में चुटकी भर हल्दी और काली मिर्च मिलाकर पीना फायदेमंद है।
  • क्या एंटीबायोटिक दवाओं का कोर्स पूरा होने के बाद पेट और आंतों के लिए प्रोबायोटिक्स लेना जरूरी है?

    हां, इलाज पूरा होने के बाद मरीज को डाइजेशन की समस्या हो सकती है। इसलिए दोपहर के खाने में ताजा छाछ, घर का बना सादा दही या डॉक्टर की सलाह से प्रोबायोटिक सप्लीमेंट लेना फायदेमंद हो सकता है। 

Read Next

→ सर्दियों में बाजरे की रोटी खाएं या मक्के की रोटी? डायबिटीज और वजन के लिए क्या है बेहतर?

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Aneesh Rawat

Health & Lifestyle Journalist

अनीश रावत पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से 3 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में चीफ सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं। यहां वह महिला स्वास्थ्य, बच्चों की सेहत, कैंसर, योग और मेडिटेशन जैसे विषयों पर शोध आधारित लेख लिखते हैं। उनका फोकस स्वास्थ्य से जुड़े विषयों को डेटा, रिसर्च और विशेषज्ञों की राय के आधार पर पाठकों तक पहुंचाना है। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह News 24, All India Radio और ThinkRight Meditation App के साथ काम कर चुके हैं। Editorial Policy: अनीश द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 11, 2026 16:07 IST

    Modified By : Aneesh Rawat
  • Nov 11, 2026 16:07 IST

    Published By : Aneesh Rawat
    Reviewed By : Dr Neetu Jain