दिवाली के बाद दिल्ली-एनसीआर (Delhi AQI) समेत देश के कई शहरों का AQI गंभीर हो चुका है। दिवाली के कारण पटाखों का धुआं, केमिकल्स और बदलते मौसम के कारण धूल सांस के जरिए फेफड़ों में पहुंच जाती है। अगर लंबे समय तक प्रदूषित वातावरण में रहा जाए, तो शरीर के कई महत्वपूर्ण अंगों को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे में सवाल उठता है कि छोटे बच्चों को जब बाहर लेकर जाते हैं, तो क्या उन्हें भी मास्क पहनाने की जरूरत होती है? यह जानने के लिए Dr. Tanuj Kumar Verma, Senior Paediatrician and Incentivist, Cloudnine Group of Hospitals, Indirapuram से बात की।
Dr. Tanuj Kumar Verma ने बताया कि शिशुओं का सांस लेने का सिस्टम अभी विकसित हो रहा होता है। इसलिए वे वयस्कों के मुकाबले तेजी से सांस लेते हैं, ऐसे में प्रदूषित हवा के कारण उन्हें खांसी, छींक, नाक बंद होने, आंखों में जलन या सांस लेने में परेशानी हो सकती है। इसलिए बच्चों को बाहर लेकर जाने से बचें और नवजात शिशु को मास्क नहीं पहनाना चाहिए।
क्या 2 साल से कम उम्र के शिशु को मास्क पहनाना सुरक्षित है?
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) भी 5 साल से कम उम्र के बच्चों को मास्क पहनाने की सलाह नहीं देता, क्योंकि इस उम्र के बच्चे बिना मदद के मास्क नहीं पहन सकते और परेशानी होने पर वे बता भी नहीं पाते।
Dr. Tanuj Kumar Verma कहते हैं, “मैं 2 साल से कम उम्र के बच्चों को मास्क पहनाने की सलाह नहीं देता, क्योंकि 2 साल से छोटे बच्चों को पता ही नहीं होता कि उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही है या नहीं। कई बच्चे खुद से मास्क नहीं हटा पाते, इससे उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो सकती है। खासतौर पर नवजात शिशु को तो बिल्कुल भी मास्क नहीं पहनना चाहिए। इसके बजाय 2 साल से कम उम्र के बच्चों को बाहर लेकर जाने से बचें।”
दिवाली के बाद शिशु को बाहर ले जाते समय किन बातों का ध्यान रखें?
Dr. Tanuj Kumar Verma कहते हैं कि दिवाली के बाद दिल्ली और नोएडा (aqi noida) में AQI 400 के पार जा चुका है, ऐसे में 2 साल से कम उम्र के बच्चों को बाहर लेकर जाने से पहले इन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
1. प्रदूषण ज्यादा हो तो बाहर जाने से बचें
दिवाली के बाद अगर इलाके में AQI बहुत ज्यादा हो, तो शिशु को बिना जरूरत के घर से बाहर न ले जाएं। खासतौर पर सुबह और शाम के समय बाहर जाने से बचना चाहिए। कई पेरेंट्स शिशु को वॉक कराने के लिए बाहर लेकर जाते हैं। फिलहाल के खराब AQI में शिशुओं को बाहर पार्क या खुले में बिल्कुल वॉक न कराएं। इसके अलावा, प्रदूषण से बचाव के लिए शिशु को ट्रैफिक वाली सड़कों, कंस्ट्रक्शन वाली जगह, कूड़ा जलाने वाली जगहों और पटाखों के धुएं के आसपास ले जाने से बचें।
2. घर से निकलने से पहले AQI जरूर चेक करें
बाहर जाने से पहले अपने इलाके का एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI देख लें। अगर AQI खराब या बहुत खराब श्रेणी में है, तो शिशु को बाहर लेकर जाने से बचना चाहिए। अक्सर लोग बाहर मौसम साफ देख लेते हैं, तो समझते हैं कि प्रदूषण कम हो गया, लेकिन यह समझना जरूरी है कि कई बार धुंध या प्रदूषण के कण आंखों से साफ दिखाई नहीं देते।
mask under 2 years toddlers
यह भी पढ़ें- दिवाली के बाद शिशु की आंखों और नाक की सफाई कैसे करें? डॉक्टर से जानें सुरक्षित तरीका
3. स्ट्रोलर को कपड़े या कंबल से पूरी तरह न ढकें
अगर किसी जरूरी काम से शिशु को बाहर ले जाना पड़ रहा है और आप स्ट्रोलर का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो बच्चे का चेहरा खुला रखें। स्ट्रोलर को किसी मोटे कपड़े या कंबल से पूरी तरह ढकने से हवा आना बंद हो सकती है। इसलिए स्ट्रोलर को पूरी तरह से कपड़े से न ढकें। बच्चे को ऐसी जगह ले जाएं जहां पूरा वेंटिलेशन हो और बार-बार चेक करते रहे कि शिशु को सांस लेने में कोई परेशानी तो नहीं हो रही।
4. घर के अंदर हवा साफ रखने की कोशिश करें
प्रदूषण बढ़ने पर घर के अंदर भी हवा की क्वालिटी पर ध्यान देना जरूरी है। जब बाहर हवा खराब हो, तो खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें। घर के अंदर धूम्रपान, अगरबत्ती और तेज खुशबू वाले प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल न करें। घर में अगर संभव हो, तो एयर प्यूरीफायर लगवा लें।
5. बाहर से आने के बाद शिशु का चेहरा और हाथ साफ करें
बाहर से घर लौटने के बाद शिशु के चेहरे और हाथों को साफ पानी से धीरे-धीरे साफ करें। सफाई करते समय शिशु की स्किन को रगड़ने के बजाय हल्के हाथ से साफ करें। अगर बच्चे की नाक में गंदगी या बलगम हो गया है, तो डॉक्टर की सलाह पर सलाइन नेजल ड्रॉप्स का इस्तेमाल किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- बच्चे की नाक से बार-बार खून निकलता है? डॉक्टर से जानें कारण और उपाय
निष्कर्ष
अगर 2 साल से कम उम्र के बच्चे को सांस लेने में परेशानी हो, खांसी आ रही हो या नाक बंद हो, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए। दिवाली के बाद हुए प्रदूषण से बचने के लिए छोटे बच्चों को मास्क पहनाने के बजाय उसे बाहर लेकर जाने से बचें। बाहर जाने से पहले अपने इलाके का AQI जरूर चेक करें और घर में एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या मास्क के विकल्प के रूप में शिशु के चेहरे पर सूती कपड़ा, दुपट्टा या रुमाल लपेटना सही है?
ढीला कपड़ा भी शिशु के मुंह और नाक पर चिपककर दम घुटने का कारण बन सकता है। सुरक्षा का एकमात्र तरीका शिशु को प्रदूषित हवा के सीधे संपर्क से दूर रखना है।क्या सोते समय दो साल से छोटे बच्चे के चेहरे पर कोई भी फेस शील्ड या कवर रखना सुरक्षित है?
फेस शील्ड या प्लास्टिक कवर हवा के फ्लो को रोकते हैं और उनके अंदर छोड़ी गई कार्बन डाइऑक्साइड जमा हो सकती है। इसलिए सोते समय बच्चे का चेहरा हमेशा पूरी तरह खुला होना चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 09, 2026 19:14 IST
Published By : Aneesh Rawat
Reviewed By : Dr. Tanuj Kumar Verma
