दिवाली से पहले और बाद में कई दिनों तक पटाखे जलाते रहते हैं और इस दौरान निकलने वाला धुआं सेहत को परेशान कर सकता है। इससे फेफड़ों और हार्ट को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ आंखों को भी नुकसान हो सकता है। दिवाली के पटाखों से होने वाले नुकसान को कैसे रोका जाए? यह जानने के लिए हमने Dr. Purendra Bhasin, Ophthalmologist, Founder & Director, Ratan Jyoti Netralaya, Gwalior से बात की। उन्होंने बताया कि पटाखों से निकलने वाला धुआं, बारीक पार्टिकल्स और केमिकल आंखों को प्रभावित कर सकते हैं। इससे आंखों में जलन, खुजली और पानी आने जैसी समस्याएं हो सकती है। ऐसे में दिवाली के दौरान आंखों की देखभाल करना उतना ही जरूरी है, जितना प्रदूषण से फेफड़ों को बचाना जरूरी है।
पटाखों के धुएं से आंखों को क्या नुकसान हो सकता है?
International Journal of Environmental Research and Public Health के मुताबिक, पटाखे जलने पर हवा में धुआं, छोटे-छोटे कण और कई तरह के रासायनिक पदार्थ फैल जाते हैं। ये आंखों के संपर्क में आने पर उनकी संवेदनशील सतह में जलन पैदा कर सकते हैं। इसके कारण आंखों में लालिमा, खुजली, पानी आना या कुछ फंसा हुआ महसूस होने जैसी दिक्कतें हो सकती हैं।
दिवाली पर पटाखों के धुएं से आंखों को बचाने के लिए क्या करें?
Dr. Purendra Bhasin कहते हैं कि पटाखों के धुएं से आंखों को बचाने के लिए कुछ सावधानियां बरतने की जरूरत है।
1. पटाखे जलाते समय दूरी बनाए
Dr. Purendra Bhasin का कहना है, “पटाखे जलाते समय उनके बहुत करीब खड़े होने से बचें। जलते हुए पटाखे के ऊपर झुककर देखने की गलती न करें। इससे निकलने वाली चिंगारी, धुआं और केमिकल्स सीधे आंखों में जा सकते हैं। कई लोग पटाखा बुझने के बाद उसे दोबारा देखने जाते हैं, जिससे कई बार पटाखों की चिंगारी आंखों में जा सकती है। इससे आंखों को गंभीर चोट लगने का रिस्क रहता है।”
2. बच्चों को पटाखों से दूर रखना जरूरी
दिवाली पर बच्चे अक्सर पटाखों को लेकर बहुत ज्यादा उत्साहित होते हैं। ऐसे में कई बार जल्दबाजी में या फिर हाथ में रखकर पटाखा जलाने की कोशिश करते हैं। इससे पटाखों से निकलने वाले केमिकल्स आंखों में जा सकते हैं और इससे आंखों में जलन हो सकती है। इसलिए बच्चों को पटाखों से सुरक्षित दूरी पर रखना जरूरी है। अगर वे पटाखे जला रहे हैं, तो इस दौरान किसी बड़े का उनके साथ रहना चाहिए।
Eye Care Tips for Diwali Pollution
यह भी पढ़ें- पटाखों के धुएं से आंखों में जलन और गले में खराश हो तो क्या करें? अपनाएं डॉक्टर के बताए ये टिप्स
3. ज्यादा धुआं होने पर घर के अंदर रहें
Dr. Purendra Bhasin ने बताया कि अगर पटाखों का धुआं बहुत ज्यादा हो गया, तो बाहर रहने के बजाय घर के अंदर रहें। प्रदूषण में आंखों में जलन और लालिमा होने का रिस्क बहुत ज्यादा बढ़ जाता है। अगर किसी को आंखों में जलन या किसी तरह की बीमारी है, तो उन्हें बढ़ते प्रदूषण में बाहर निकलने से बचना चाहिए।
4. आंखों को रगड़ने से बचें
पटाखों के धुएं के कारण आंखों में खुजली, जलन या कुछ फंसा हुआ महसूस हो सकता है। ऐसे में कई बार लोग आंखों को रगड़ने लगते हैं। इससे आंखों की परेशानी और ज्यादा बढ़ सकती है। अगर आंखों में धुआं चला जाए, तो साफ पानी से धीरे-धीरे आंखों को धो सकते हैं। अगर आंखों में ज्यादा परेशानी हो रही हो, तो डॉक्टर की सलाह लेकर आई ड्रॉप ले सकते हैं।
5. आंखों में गुलाब जल या घरेलू नुस्खे न आजमाएं
आंखों में जलन होने पर कुछ लोग राहत पाने के लिए गुलाब जल या दूसरे घरेलू नुस्खों का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन ऐसा करने से आंखों को और ज्यादा नुकसान पहुंच सकता है। इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि आंखें बहुत सेंसटिव होती है और बिना डॉक्टर की सलाह के किसी भी तरह की दवा इस्तेमाल नहीं करनी चाहिए।
पटाखे की चिंगारी आंख में चली जाए तो क्या करें?
Dr. Purendra Bhasin कहते हैं कि अगर पटाखों की चिंगारी सीधे आंखों में चली जाए, तो गंभीर चोट लग सकती है। इसलिए लापरवाही करने के बजाय तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। अगर पटाखे से आंख में सीधी चोट लग जाए, तो बिना देर किए इमरजेंसी में डॉक्टर से सलाह लें।
यह भी पढ़ें- पटाखों के धुएं से फेफड़ों को होने वाले नुकसान के शुरुआती लक्षण कैसे पहचानें? खुद बताया डॉक्टर ने
निष्कर्ष
दिवाली से पहले और बाद में लगातार पटाखों से निकलने वाला धुआं आंखों को परेशान कर सकता है। इसलिए पटाखों को जलाते समय उचित दूरी बनाकर रखनी चाहिए, बच्चों को पटाखों से दूर से चलाने देना चाहिए। अगर आंखों में तेज दर्द हो और देखने में परेशानी हो, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या पटाखों का तेज धमाका या धुआं आंखों के पर्दे को भी नुकसान पहुंचा सकता है?
अगर कोई तेज पटाखा चेहरे के बहुत करीब फटता है, तो उसकी शॉकवेव से आंख के भीतर दबाव अचानक बढ़ जाता है। इससे कमोशियो रेटिना, आंख के अंदरूनी हिस्से में ब्लीडिंग या रेटिना का अपनी जगह से हट सकता है।क्या आंखों में जलन के दौरान आई मेकअप लगाना सुरक्षित है?
प्रदूषण के दिनों में काजल या आईलाइनर लगाने से पलकों के किनारों पर मौजूद तेल ग्रंथियों के छिद्र बंद हो जाते हैं। इसके अलावा, धुएं में मौजूद केमिकल्स मेकअप के साथ मिलकर आंखों में चिपक जाते हैं, जिससे पलकों में सूजन होने का खतरा बढ़ सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 06, 2026 18:11 IST
Published By : Aneesh Rawat
Reviewed By : Dr Purendra Bhasin
