फेफड़े यानी लंग्स शरीर के अहम अंगों में से एक हैं, जो शरीर के अंगों तक ऑक्सीजन पहुंचाने में सहायक होते हैं। इनसे जुड़ी परेशानियां होने पर लोगों को कई समस्याएं होती हैं, लेकिन कैंसर की बीमारी गंभीर होती है, जिसके लक्षणों को अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं या कई बार पता नहीं चल पाता है। यह समस्या तब होती है, जब फेफड़ों के सेल्स असामान्य रूप से बढ़ने लगती हैं और अनियंत्रित तरीके बढ़कर ट्यूमर बनाने लगते हैं। ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल उठते हैं कि अगर फेफड़ों का कैंसर है, तो कैसे पता चलेगा? आइए इस बारे में Dr. R K Choudhary, Oncologist - Metro Cancer Institute, Noida से जानें।
फेफड़ों के कैंसर के कारण या रिस्क फैक्टर
Dr. R K Choudhary के अनुसार, फेफड़ों में कैंसर सिर्फ स्मोकिंग करने वाले लोगों तक सीमित नहीं है। यह बीमारी स्मोकिंग न करने वाले लोगों को भी हो सकती है। इसके लाइफस्टाइल, पर्यावरणीय और जेनेटिक्स जैसे कई रिस्क फैक्टर्स हो सकते हैं।
1. स्मोकिंग के कारण
फेफड़ों के कैंसर का सबसे प्रमुख रिस्क फैक्टर स्मोकिंग है। सिगरेट, बीड़ी और अन्य तंबाकू वाले प्रोडक्ट्स के धुएं में कई ऐसे केमिकल होते हैं, जो फेफड़ों के सेल्स के DNA को नुकसान पहुंचा सकते हैं। समय के साथ यह नुकसान सेल्स के असामान्य विकास का कारण बन सकता है।
स्मोकिंग की मात्रा, ड्यूरेशन और उम्र के साथ खतरे बढ़ सकता है। इसलिए सिगरेट छोड़ना फेफड़ों के कैंसर के खतरे को कम करने में सबसे अहम कदमों में से एक है।
इसे भी पढ़ें: क्या पैंक्रियाटिक कैंसर पूरी तरह ठीक हो सकता है? डॉक्टर से जानें स्टेज 1 से 4 तक इलाज के विकल्प
2. पैसिव स्मोकिंग (दूसरों के धुएं के संपर्क में रहना)
कई लोग खुद स्मोकिंग नहीं करते है, लेकिन घर, ऑफिस या सार्वजनिक जगहों पर दूसरों की सिगरेट का धुआं सांस के साथ अंदर लेते रहते हैं। इसे सेकंडहैंड स्मोक या पैसिव स्मोकिंग कहा जाता है।
लंबे समय तक ऐसे धुएं के संपर्क में रहने से भी फेफड़ों के कैंसर का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए घर और कार्यस्थल को स्मोकिंग-मुक्त रखना जरूरी है।
causes and risk factors for lung cancer 1
3. वायु प्रदूषण (Air Pollution)
वायु प्रदूषण भी फेफड़ों के कैंसर का एक अहम रिस्क फैक्टर है। हवा में मौजूद PM2.5 जैसे सूक्ष्म कण सांस के जरिए फेफड़ों के अंदर पहुंच सकते हैं। लंबे समय तक प्रदूषित वातावरण में रहने से फेफड़ों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है।
वाहनों का धुआं, फैक्ट्रियों से निकलने वाला प्रदूषण और अन्य प्रदूषक हवा की गुणवत्ता को प्रभावित करते हैं। हालांकि प्रदूषण के संपर्क में आने वाले हर व्यक्ति को कैंसर नहीं होता है, लेकिन इससे खतरा बढ़ सकता है।
4. कार्यस्थल पर हानिकारक केमिकल्स का संपर्क
कुछ व्यवसायों में काम करने वाले लोगों को ऐसी चीजों या केमिकल्स के संपर्क में आने का खतरा होता है, जो फेफड़ों के कैंसर के खतरे को बढ़ा सकते हैं।
- एस्बेस्टस (Asbestos)
- रेडॉन गैस (Radon)
- आर्सेनिक
- सिलिका धूल
- डीजल इंजन का धुआं
- कुछ इंडस्ट्रियल केमिकल
माइंस, कंस्ट्रक्शन साइट, फैक्ट्री या किसी भी कारखाने में काम करने वाले लोगों को अपनी सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट, जूते और मास्क जैसे सेफ्टी गियर्स का इस्तेमाल और नियमों को फॉलो करना चाहिए।
5. जेनेटिक कारण
अगर परिवार में किसी सदस्य को फेफड़ों का कैंसर रहा है, तो कुछ लोगों में इसका खतरा बढ़ सकता है। इसके पीछे पर्यावरणीय संपर्क या जेनेटिक कारण हो सकते हैं। हालांकि, फैमिली हिस्ट्री होने का मतलब यह नहीं है कि व्यक्ति को निश्चित रूप से फेफड़ों का कैंसर होगा।
6. पहले से मौजूद फेफड़ों की बीमारियां
COPD और फेफड़ों में पुराना स्कारिंग या फाइब्रोसिस जैसी कुछ पुरानी फेफड़ों की बीमारियां फेफड़ों के कैंसर का खतरा बढ़ा सकती हैं। ऐसे मरीजों को अपने श्वसन स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करानी चाहिए।
इसे भी पढ़ें: कीमोथेरेपी और रेडिएशन में क्या अंतर है? जानें कैंसर के किस मरीज को कौन सा इलाज दिया जाता है?
क्या कहती है स्टडी?
साल 2025 में Translational Lung Cancer Research में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, फेफड़ों का कैंसर तंबाकू के धुएं में मौजूद हानिकारक केमिकल्स (कार्सिनोजेन) और स्मोकिंग के कारण होते हैं। इसके अलावा, फेफड़ों के कैंसर की समस्या स्मोकिंग न करने वाले लोगों में रेडॉन गैस, एस्बेस्टस, वायु प्रदूषण, बायोमास ईंधन के धुएं और विशिष्ट आनुवंशिक म्यूटेशन (जैसे EGFR और ALK) के कारण होती है। इसके मुख्य प्रकारों में नॉन-स्मॉल सेल लंग कैंसर (जिसमें एडेनोकार्सिनोमा और स्क्वैमस सेल कार्सिनोमा शामिल हैं) और स्मॉल सेल लंग कैंसर आते हैं, जो अलग-अलग कारणों और स्मोकिंग की आदतों से जुड़े होते हैं।
WHO के अनुसार, तंबाकू का सेवन (जैसे सिगरेट, सिगार और पाइप) फेफड़ों के कैंसर का सबसे मुख्य कारण है। इसके अलावा, दूसरों द्वारा छोड़े गए धुएं (सेकंडहैंड स्मोक) के संपर्क में आना, बाहरी और घरेलू वायु प्रदूषण, कार्यस्थल पर एस्बेस्टस, सिलिका या डीजल के धुएं का सामना करना, रेडॉन गैस तथा फेफड़ों की पुरानी बीमारियां या जेनेटिक कारण भी इस खतरनाक बीमारी के खतरे को काफी बढ़ा देते हैं।
फेफड़ों के कैंसर के शुरुआती लक्षण
Dr. R K Choudhary के अनुसार, शुरुआती चरणों में कई बार फेफड़ों के कैंसर के साफ लक्षण दिखाई नहीं देते है, लेकिन कुछ संकेतों पर ध्यान देना जरूरी है।
- लगातार खांसी रहना या पुरानी खांसी में बदलाव आना।
- खांसी के साथ खून आना।
- सांस लेने में परेशानी या सांस फूलना।
- सीने में लगातार दर्द।
- बिना साफ कारण वजन कम होना।
- लगातार थकान या कमजोरी।
- बार-बार फेफड़ों में इंफेक्शन होना।
इन लक्षणों के दिखने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
डॉक्टर से कब मिलें?
अगर आपको लगातार खांसी, खून वाली खांसी, सीने में दर्द, सांस फूलना या बिना कारण वजन कम होने जैसी समस्या है, तो डॉक्टर से सलाह लें। शुरुआत में बीमारी की पहचान होने पर इलाज किया जा सकता है।
निष्कर्ष
फेफड़ों का कैंसर एक गंभीर बीमारी है, जिसके प्रमुख कारणों में तंबाकू का सेवन, पैसिव स्मोकिंग, वायु प्रदूषण, हानिकारक केमिकल्स (जैसे एस्बेस्टस और रेडॉन), जेनेटिक फैक्टर्स और फेफड़ों की पुरानी बीमारियां शामिल हैं। यह समस्या स्मोकिंग न करने वाले लोगों को भी हो सकती है। इसके शुरुआती लक्षणों में लगातार खांसी, खून आना, सांस फूलना, सीने में दर्द और बिना कारण वजन कम होना शामिल हैं। ऐसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
All Images Credit- Freepik
FAQ
लंग कैंसर के लक्षण क्या है?
लंग कैंसर की समस्या होने पर व्यक्ति को खांसी से खून आने, लगातार खांसी होने, सांस फूलने, सीने में दर्द, बार-बार इंफेक्शन, आवाज में बदलाव आने और लगातार थकान होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।लंग कैंसर से बचने के उपाय क्या हैं?
लंग कैंसर की समस्या से बचने के लिए स्मोकिंग और तंबाकू के सेवन से बचें, पैसिव स्मोकिंग से बचें, हानिकारक केमिकल्स, प्रदूषण से बचें और वेंटिलेशन बनाए रखें।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
