पैंक्रियाटिक कैंसर यानी अग्नाशय का कैंसर एक ऐसी गंभीर बीमारी है, जिसके शुरुआती लक्षण अक्सर आसानी से पहचान में नहीं आते। यही वजह है कि कई मरीजों में इसकी पहचान तब होती है, जब कैंसर शरीर के दूसरे हिस्सों तक फैल चुका होता है लेकिन क्या पैंक्रियाटिक कैंसर होने का मतलब यह है कि मरीज पूरी तरह ठीक नहीं हो सकता? मणिपाल अस्पताल भुवनेश्वर के सलाहकार मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल के अनुसार, अगर समय रहते बीमारी का पता चल जाए और ट्यूमर को सर्जरी के जरिए निकालना संभव हो, तो मरीज के पूरी तरह ठीक होने की संभावना हो सकती है।
क्या पैंक्रियाटिक कैंसर पूरी तरह ठीक हो सकता है?
डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल के अनुसार, पैंक्रियाटिक कैंसर पूरी तरह ठीक हो सकता है, लेकिन इसके लिए बीमारी का शुरुआती स्टेज में पता चलना और ट्यूमर का सर्जरी के जरिए निकाला जा सकना जरूरी है। शुरुआती स्टेज में कैंसर अग्नाशय यानी पैंक्रियाज तक सीमित हो सकता है, जिससे सर्जरी के जरिए ट्यूमर को हटाने का ऑप्शन मिलता है। इसके बाद कैंसर दोबारा होने का खतरा कम करने के लिए कीमोथेरेपी दी जा सकती है। हालांकि, हर मरीज के लिए इलाज का तरीका एक जैसा नहीं होता। यह कैंसर की स्टेज, ट्यूमर के आकार, उसके आस-पास की ब्लड वैसेल्स से जुड़ाव और मरीज की फिजिकल कंडीशन पर निर्भर करता है।
1. स्टेज 1 पैंक्रियाटिक कैंसर का इलाज
ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल के अनुसार, पैंक्रियाटिक कैंसर की स्टेज 1 में ट्यूमर आमतौर पर अग्नाशय तक सीमित रहता है और आस-पास के अंगों में नहीं फैला होता है। इस स्टेज में अगर ट्यूमर को सुरक्षित तरीके से निकाला जा सकता है, तो डॉक्टर सर्जरी की सलाह दे सकते हैं।
सर्जरी में अग्नाशय यानी पैंक्रियाज के प्रभावित हिस्से को निकाला जाता है। इसके बाद मरीज को कीमोथेरेपी दी जा सकती है, ताकि शरीर में मौजूद कैंसर कोशिकाओं यानी सेल्स को खत्म करने और बीमारी के दोबारा होने की आशंका कम करने में मदद मिल सके। शुरुआती स्टेज में इलाज शुरू होने से मरीज के ठीक होने की संभावना बेहतर हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: कीमोथेरेपी और रेडिएशन में क्या अंतर है? जानें कैंसर के किस मरीज को कौन सा इलाज दिया जाता है?
2. स्टेज 2 पैंक्रियाटिक कैंसर का इलाज
स्टेज 2 में कैंसर का आकार बढ़ सकता है या आस-पास के कुछ लिम्फ नोड्स तक फैल सकता है। हालांकि, इस स्टेज में भी कुछ मरीजों में सर्जरी संभव होती है। डॉक्टर पहले जांच करते हैं कि ट्यूमर को पूरी तरह निकालना संभव है या नहीं। अगर सर्जरी की जा सकती है, तो प्रभावित हिस्से को निकालने के बाद कीमोथेरेपी दी जाती है। कुछ मामलों में सर्जरी से पहले भी कीमोथेरेपी की जरूरत पड़ सकती है। इसका सेल्स को कम करना और इलाज को ज्यादा प्रभावी बनाना होता है।
3. स्टेज 3 पैंक्रियाटिक कैंसर का इलाज
ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल बताते हैं कि स्टेज 3 में कैंसर पैंक्रियाज के आस-पास मौजूद बड़ी ब्लड वैसेल्स तक पहुंच सकता है। इस वजह से शुरुआत में ट्यूमर को सर्जरी से निकालना मुश्किल हो सकता है। ऐसे मामलों में डॉक्टर पहले कीमोथेरेपी देते हैं, ताकि ट्यूमर का आकार कम किया जा सके। इसे डाउनस्टेजिंग कहा जाता है। अगर कीमोथेरेपी के बाद ट्यूमर की स्थिति ऐसी हो जाती है कि उसे सुरक्षित रूप से निकाला जा सकता है, तो सर्जरी की जा सकती है। कुछ मरीजों में कीमोथेरेपी के साथ रेडिएशन थेरेपी भी दी जा सकती है।
Can Pancreatic Cancer Cured
4. स्टेज 4 पैंक्रियाटिक कैंसर का इलाज
ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल के अनुसार, स्टेज 4 पैंक्रियाटिक कैंसर में बीमारी पैंक्रियाज से निकलकर शरीर के दूसरे अंगों, जैसे लिवर, फेफड़ों या पेट की अन्य जगहों तक फैल सकती है। इस स्टेज में कैंसर को पूरी तरह ठीक करना आमतौर पर संभव नहीं होता। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि मरीज का इलाज नहीं किया जा सकता। डॉक्टर कीमोथेरेपी और अन्य उपयुक्त उपचारों की मदद से कैंसर की बढ़त को कंट्रोल करने की कोशिश करते हैं। इसके साथ दर्द, भूख कम लगना, पाचन संबंधी परेशानियां और अन्य लक्षणों को कम करने के लिए सहायक उपचार दिए जा सकते हैं।
NIH के National Cancer Institute में प्रकाशित जानकारी के अनुसार, पैंक्रियाटिक कैंसर अपनी स्थिति और देर से पता चलने के कारण कठिन माना जाता है। मानक उपचारों जैसे सर्जरी, कीमोथेरेपी और विकिरण (radiation) के अलावा, अब क्लीनिकल ट्रायल में targeted therapy और इम्यूनोथेरेपी जैसे नए विकल्पों पर तेजी से काम चल रहा है। इसके अलावा, आनुवंशिक परीक्षण (genetic testing) और बायोमार्कर परीक्षण से मरीजों के लिए सही और सटीक इलाज चुनना आसान हुआ है।
इसे भी पढ़ें: कीमोथेरेपी के दौरान हल्के बुखार को भी नजरअंदाज क्यों नहीं करना चाहिए? डॉक्टर ने बताई वजह
पैंक्रियाटिक कैंसर से रिकवरी किन बातों पर निर्भर करती है?
ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल के अनुसार, पैंक्रियाटिक कैंसर से रिकवरी हर मरीज में अलग-अलग हो सकती है। यह मुख्य रूप से कैंसर की स्टेज, ट्यूमर, सर्जरी की संभावना और कीमोथेरेपी के प्रति मरीज के रिएक्शन पर निर्भर करता है। इसके अलावा मरीज की उम्र, हेल्थ और इलाज के दौरान होने वाली गंभीर समस्याएं भी रिकवरी को प्रभावित कर सकती हैं।
निष्कर्ष
पैंक्रियाटिक कैंसर गंभीर बीमारी जरूर है, लेकिन शुरुआती स्टेज में इसकी पहचान होने पर पूरी तरह ठीक होने की संभावना हो सकती है। स्टेज 1 और 2 में सर्जरी के साथ कीमोथेरेपी अहम भूमिका निभा सकती है, जबकि स्टेज 3 में पहले कीमोथेरेपी देकर ट्यूमर को सर्जरी के योग्य बनाने की कोशिश की जाती है। वहीं, स्टेज 4 में इलाज का मुख्य उद्देश्य कैंसर को कंट्रोल करना होता है। इसलिए बीमारी का पता चलने पर बिना देरी किए ऑन्कोलॉजिस्ट से परामर्श लेना जरूरी है।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या पैंक्रियाटिक कैंसर की शुरुआत में पेट दर्द होता है?
कुछ मरीजों को पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द या बेचैनी हो सकती है। यह दर्द कभी-कभी पीठ तक भी महसूस हो सकता है।क्या पैंक्रियाटिक कैंसर आनुवंशिक बीमारी है?
कुछ मामलों में परिवार में पैंक्रियाटिक कैंसर का इतिहास और कुछ आनुवंशिक बदलाव इसका जोखिम बढ़ा सकते हैं। हालांकि, हर मरीज में यह बीमारी आनुवंशिक कारणों से नहीं होती।क्या पैंक्रियाटिक कैंसर एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलता है?
नहीं, पैंक्रियाटिक कैंसर संक्रामक बीमारी नहीं है। यह छूने, साथ खाने या मरीज के संपर्क में रहने से दूसरे व्यक्ति को नहीं होता।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
