पेट के कैंसर का नाम सुनते ही मरीज और परिवार के मन में कई तरह के सवाल आने लगते हैं लेकिन जब इसके इलाज के लिए सर्जरी करनी पड़ती है, तो सबसे बड़ी चिंता खाने-पीने को लेकर होती है। मरीज सोचने लगता है कि क्या पेट का हिस्सा निकलने के बाद वह पहले की तरह खाना खा पाएगा? क्या उसे जीवनभर अपनी पसंदीदा चीजों से दूरी बनाकर रखनी होगी? मणिपाल अस्पताल भुवनेश्वर के सलाहकार मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल के अनुसार, सर्जरी के बाद शरीर की भोजन पचाने और पोषक तत्वों को अवशोषित करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। यही वजह है कि सर्जरी के तुरंत बाद मरीज को पहले की तरह सामान्य भोजन नहीं दिया जाता। शुरुआत में लिक्विड और सॉफ्ट फूड्स से शुरुआत की जाती है।
पेट के कैंसर की सर्जरी के बाद क्या खाएं और क्या नहीं?
ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल के अनुसार, पेट के कैंसर की सर्जरी के बाद मरीज की खान-पान की आदतों में बदलाव आ सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि सर्जरी के दौरान पेट का कुछ हिस्सा या पूरा पेट निकाल दिया जाता है। अगर पेट का कुछ हिस्सा निकाला गया है, तो मरीज धीरे-धीरे अपनी डाइट में बदलाव करके सामान्य भोजन की तरफ लौट सकता है। वहीं, अगर पूरा पेट निकाल दिया गया है, तो मरीज को खाने का तरीका लंबे समय तक बदलना पड़ सकता है।
पेट का आकार कम होने या पेट पूरी तरह निकल जाने के कारण मरीज पहले की तरह एक बार में ज्यादा खाना नहीं खा पाता। इसलिए उसे थोड़ी-थोड़ी मात्रा में कई बार भोजन करने की सलाह दी जाती है। हालांकि, मरीज कितनी जल्दी सामान्य खाना शुरू कर सकता है, यह उसकी सर्जरी और रिकवरी पर निर्भर करता है।
इसे भी पढ़ें: क्या महीने में एक बार शराब पीने वालों को भी कैंसर हो सकता है? डॉक्टर से जानें
पेट की सर्जरी के बाद कैसी होनी चाहिए मरीज की डाइट?
ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल सलाह देते हैं कि पेट के कैंसर की सर्जरी के बाद मरीज को ऐसी डाइट लेनी चाहिए, जिससे शरीर को पर्याप्त पोषण मिले और पाचन पर ज्यादा दबाव न पड़े। शुरुआत में डॉक्टर की सलाह के अनुसार लिक्विड और सॉफ्ट भोजन दिया जाता है। इसके बाद धीरे-धीरे सामान्य भोजन शामिल किया जा सकता है।
- शरीर में घाव भरने और मसल्स की रिकवरी के लिए प्रोटीन जरूरी होता है। इसके लिए दाल, पनीर, दही, अंडे और अन्य प्रोटीन युक्त फूड्स डाइट में शामिल किए जा सकते हैं।
- शुरुआत में खिचड़ी, दलिया, अच्छी तरह पकी सब्जियां और सॉफ्ट भोजन लेना फायदेमंद हो सकता है।
- शरीर को विटामिन, मिनरल्स और फाइबर देने के लिए धीरे-धीरे ताजे फल और सब्जियां डाइट में शामिल करें। इनकी मात्रा मरीज की पाचन क्षमता के अनुसार तय होनी चाहिए।
- शरीर में पानी की कमी न होने दें। हालांकि, भोजन के साथ बहुत ज्यादा पानी पीने से पेट जल्दी भर सकता है, इसलिए डॉक्टर की सलाह के अनुसार भोजन के बीच लिक्विड लेना बेहतर हो सकता है।
सर्जरी के बाद एक बार में कितना खाना चाहिए?
ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल सलाह देते हैं कि पेट के कैंसर की सर्जरी के बाद मरीज को एक बार में ज्यादा खाना खाने से बचना चाहिए। इसके बजाय दिनभर में 5-6 बार थोड़ी-थोड़ी मात्रा में भोजन करना बेहतर हो सकता है। इससे शरीर को लगातार पोषण मिलता रहता है और पाचन पर भी ज्यादा दबाव नहीं पड़ता। इसके अलावा, मरीज को खाना धीरे-धीरे और अच्छी तरह चबाकर खाना चाहिए। इससे भोजन को पचाने में आसानी हो सकती है। अगर खाने के बाद पेट भारी लगता है, उल्टी या पेट में दर्द होता है, तो डॉक्टर को इसकी जानकारी जरूर दें।
diet after stomach cancer surgery
साल 2020 में Annals of Gastroenterological Surgery जर्नल में प्रकाशित जानकारी के अनुसार, पेट के कैंसर (gastric cancer) के मरीजों में ट्यूमर के बढ़ने के साथ कुपोषण आम समस्या है, जो सर्जरी के बाद जटिलताओं का खतरा बढ़ाती है। इस स्टडी के अनुसार, शुरुआती पोषण प्रबंधन, इम्युनोन्यूट्रिशन और सर्जरी के बाद वजन घटाने से रोकने के लिए छोटे भागों में लगातार मौखिक पूरक (oral nutritional supplements) लेना बेहद जरूरी है।
पेट के कैंसर की सर्जरी के बाद किन चीजों से बचना चाहिए?
ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल सलाह देते हैं कि सर्जरी के बाद कुछ फूड्स को पचाना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में ज्यादा तला-भुना, मसालेदार और ज्यादा नमक वाला खाना खाने से बचना चाहिए। इसके अलावा, शुगर ड्रिंक्स और बहुत ज्यादा चीनी वाली चीजें भी कुछ मरीजों में परेशानी बढ़ा सकती हैं। कुछ मरीजों को सर्जरी के बाद डंपिंग सिंड्रोम की समस्या हो सकती है। इसमें खाना छोटी आंत में बहुत तेजी से पहुंचने के कारण पेट में ऐंठन, दस्त, चक्कर और कमजोरी महसूस हो सकती है। ऐसे लक्षण होने पर डाइट में बदलाव के लिए डॉक्टर या डाइटीशियन से सलाह लें।
इसे भी पढ़ें: क्या सिरहाने फोन रखकर सोने से कैंसर का खतरा बढ़ता है? डॉक्टर से जानें सच
निष्कर्ष
पेट के कैंसर की सर्जरी के बाद मरीज पहले की तरह खाना खा पाएगा या नहीं, यह इस बात पर निर्भर करता है कि पेट का कितना हिस्सा निकाला गया है और उसकी रिकवरी कैसी है। कुछ मरीज धीरे-धीरे सामान्य भोजन करने लगते हैं, जबकि पूरा पेट निकलने पर खान-पान में लंबे समय तक बदलाव जरूरी हो सकता है। ऐसे में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में कई बार खाना, प्रोटीन युक्त भोजन लेना और पर्याप्त पोषण बनाए रखना जरूरी है। मरीज को अपनी डाइट डॉक्टर और डाइटीशियन की सलाह के अनुसार ही तय करनी चाहिए।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या पेट के कैंसर की सर्जरी के बाद मरीज का वजन कम हो जाता है?
हां, सर्जरी के बाद भूख कम लगने, कम भोजन करने और पोषक तत्वों के अवशोषण में बदलाव के कारण वजन घट सकता है।पेट के कैंसर की सर्जरी के कितने दिन बाद मरीज घर जा सकता है?
यह सर्जरी के प्रकार, मरीज की रिकवरी और किसी तरह की गंभीरता होने या न होने पर निर्भर करता है। अस्पताल में रहने की अवधि हर मरीज के लिए अलग हो सकती है।क्या पेट के कैंसर की सर्जरी के बाद दोबारा कैंसर हो सकता है?
हां, कुछ मरीजों में कैंसर दोबारा होने का जोखिम रहता है। इसलिए सर्जरी के बाद नियमित फॉलोअप और डॉक्टर की सलाह के अनुसार जांच करवाना जरूरी है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
