अक्सर लोगों को यह समझ नहीं आता कि उन्हें किडनी की बीमारी का खतरा है या नहीं? फिर अचानक से जब जांच में किडनी डिजीज का पता चलता है, तो लोग समझ नहीं पाते कि आखिर उनकी किडनी क्यों खराब हुई? दरअसल किडनी को कई फैक्टर्स प्रभावित करते हैं। जैसे आपके घर में किसी को किडनी डिजीज है, तो आपको भी इसका खतरा हो सकता है। इसी तरह डायबिटीज में भी किडनी की बीमारी हो सकती है। रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (CDC) के मुताबिक, डायबिटीज से पीड़ित लगभग हर 3 में से 1 वयस्क को क्रॉनिक किडनी डिजीज हो सकती है। आइए जानते हैं और किन लोगों को किडनी डिजीज का खतरा रहता है? बेहतर जानकारी के लिए हमने Dr. Rajasekara Chakravarthi Madarasu, Clinical Director & HOD Of Nephrology And Transplant Services At Yashoda Hospitals, Hitec City, Hyderabad से बात की।
Kidney Research, UK के मुताबिक, किडनी की बीमारी किसी भी उम्र के व्यक्ति को हो सकती है। अगर किडनी की समस्या का समय रहते पता चल जाए, तो डॉक्टर खान-पान और जीवनशैली में बदलाव करने की सलाह दे सकते हैं। जरूरत पड़ने पर दवाओं से इलाज भी किया जा सकता है। इससे किडनी को आगे होने वाले नुकसान से बचाने और स्ट्रोक एवं हार्ट अटैक का खतरा कम करने में मदद मिल सकती है।
किडनी की समस्या होने के शुरुआती संकेत
- बार-बार पेशाब आना,
- पैरों और टखनों में सूजन आना,
- लगातार थकान और कमजोरी होना,
- भूख कम लगना,
- त्वचा में खुजली,
- मांसपेशियों में ऐंठन वगैरह।
यह भी पढ़ें- हार्ट अटैक का खतरा किन लोगों में सबसे ज्यादा होता है? समय रहते पहचानें चेतावनी के ये संकेत
किडनी की बीमारी होने का खतरा किसे ज्यादा होता है?
kidney-disease-risk
1. हार्ट डिजीज के मरीज
हार्ट और किडनी एक-दूसरे के काम को प्रभावित करते हैं। हार्ट डिजीज होने पर शरीर में ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित हो सकता है, जिससे किडनी तक पर्याप्त ब्लड नहीं पहुंच पाता है। इससे किडनी की कार्यक्षमता धीरे-धीरे कम हो सकती है और किडनी की बीमारियां हो सकती हैं।
2. मोटापे का शिकार लोग
मोटापे के कारण डायबिटीज और हाई बीपी होने का खतरा बढ़ जाता है। ये दोनों समस्याएं किडनी के ब्लड वेसल्स और फिल्टर करने वाले हिस्सों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। मोटापे के कारण किडनी पर काम का दबाव भी बढ़ सकता है।
3. 60 साल से ज्यादा उम्र वाले लोग
उम्र बढ़ने के साथ किडनी के काम करने की क्षमता कम होने लगती है। किडनी में ब्लड सर्कुलेशन और फिल्टर करने की क्षमता भी प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा, ज्यादा उम्र में डायबिटीज और हाई बीपी जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ता है।
4. परिवार में किसी को किडनी की बीमारी होना
अगर परिवार में माता-पिता, भाई-बहन या किसी करीबी सदस्य को किडनी की बीमारी है, तो आपको भी किडनी की बीमारी होने का खतरा बढ़ सकता है। इसकी वजह कुछ आनुवंशिक बीमारियां हो सकती हैं, जैसे पॉलीसिस्टिक किडनी डिजीज। इसके अलावा, परिवार में डायबिटीज और हाई बीपी का इतिहास भी खतरे को बढ़ा सकता है।
5. पहले कभी किडनी में अचानक चोट या नुकसान होना
किडनी में अचानक होने वाली चोट या नुकसान को एक्यूट किडनी इंजरी कहते हैं। इस स्थिति में किडनी अचानक ठीक से काम करना बंद कर सकती है। भले ही बाद में किडनी फंक्शन में सुधार हो जाए, लेकिन कुछ लोगों में लंबे समय तक नुकसान बना रह सकता है। इससे भविष्य में क्रोनिक किडनी डिजीज का खतरा बढ़ सकता है।
6. धूम्रपान करना
धूम्रपान करने से ब्लड वेसल्स सिकुड़ सकती हैं और बीपी बढ़ सकता है। इससे किडनी तक ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है। सिगरेट में मौजूद हानिकारक केमिकल्स ब्लड वेसल्स को नुकसान पहुंचा सकते हैं, जिससे किडनी फंक्शन घट सकता है।
7. दर्द निवारक दवाओं का बार-बार सेवन करना
अगर आप किसी कारण दर्द निवारक दवाओं का बार-बार या लंबे समय तक सेवन करते हैं, तो किडनी का ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित हो सकता है जिससे किडनी को नुकसान पहुंचता है और एक्यूट किडनी इंजरी का खतरा बढ़ सकता है। खासतौर पर पहले से किडनी की बीमारी, डिहाइड्रेशन या हाई बीपी से परेशान लोगों को इन दवाओं का सेवन करते समय सावधानी बरतनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- नजरअंदाज न करें किडनी की बीमारी के ये 10 संकेत, जानें कब जाएं डॉक्टर के पास?
डायबिटीज और हाई बीपी का किडनी पर क्या असर होता है?
डायबिटीज और हाई बीपी किडनी की बीमारी के दो प्रमुख कारण हैं। ये दोनों समस्याएं धीरे-धीरे किडनी के फिल्टर करने वाले हिस्सों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। लंबे समय तक ब्लड शुगर कंट्रोल न रहने पर क्रोनिक किडनी डिजीज का खतरा बढ़ सकता है। हाई बीपी के कारण शरीर से अपशिष्ट पदार्थ बाहर निकालने की क्षमता कम हो सकती है।
किडनी को स्वस्थ रखने के लिए डॉक्टर की सलाह
Dr. Rajasekara Chakravarthi ने बताया कि, अगर डायबिटीज, हाई बीपी या दिल की बीमारी है या परिवार में किसी करीबी सदस्य को किडनी की बीमारी रही है, तो किडनी की जांच कराएं। किडनी की सेहत जानने के लिए आमतौर पर दो तरह की जांच की जाती हैं। पहली, यूरिन टेस्ट, जिसमें पेशाब में एल्बुमिन (Albumin) या प्रोटीन की मात्रा देखी जाती है। दूसरी, ब्लड टेस्ट, जिससे किडनी के काम करने की क्षमता का पता लगाया जाता है। इसे eGFR कहते हैं। इन दोनों जांचों से लक्षण दिखने से पहले ही किडनी को हुए नुकसान का पता लगाया जा सकता है।
किडनी को नुकसान पहुंचाती हैं खान-पान की ये आदतें
1. ज्यादा नमक का सेवन
ज्यादा मात्रा में नमक खाने से हाई बीपी की समस्या हो सकती है। लंबे समय तक हाई बीपी रहने से किडनी की ब्लड वेसल्स को नुकसान पहुंच सकता है।
2. ज्यादा चीनी का सेवन
ज्यादा मात्रा में चीनी खाने से मोटापा और टाइप 2 डायबिटीज का खतरा बढ़ता है। अनियंत्रित डायबिटीज किडनी के फिल्टर करने वाले हिस्सों को नुकसान पहुंचा सकती है।
3. पर्याप्त पानी न पीना
शरीर में पानी की कमी होने पर डिहाइड्रेशन हो सकता है। गंभीर डिहाइड्रेशन से किडनी तक ब्लड फ्लो कम हो सकता है और एक्यूट किडनी इंजरी का खतरा बढ़ सकता है।
4. ज्यादा प्रोसेस्ड फूड खाना
पैकेज्ड स्नैक्स, इंस्टेंट नूडल्स और प्रोसेस्ड मीट में नमक की मात्रा ज्यादा हो सकती है। इसका ज्यादा सेवन बीपी और किडनी की सेहत को प्रभावित कर सकता है।
5. धूम्रपान करना
सिगरेट पीने से ब्लड वेसल्स सिकुड़ सकती हैं और बीपी बढ़ सकता है। इससे किडनी तक ब्लड पहुंचने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
6. अल्कोहल का अधिक सेवन
ज्यादा अल्कोहल का सेवन करने से बीपी बढ़ सकता है और डिहाइड्रेशन का खतरा रहता है। इससे किडनी पर बुरा असर पड़ सकता है।
निष्कर्ष:
जिन लोगों को हार्ट डिजीज, मोटापा, 60 साल से ज्यादा उम्र, परिवार में किसी काे किडनी की बीमारी, किडनी में अचानक चोट लगी हो, कोई दर्द-निवारक दवाओं का अधिक सेवन करता हो या धूम्रपान करने की आदत हो, तो किडनी की बीमारी होने का खतरा ज्यादा हो सकता है। बार-बार पेशाब आना, पैरों और टखनों में सूजन आना, लगातार थकान और कमजोरी होना, भूख कम लगना, त्वचा में खुजली, और मांसपेशियों में ऐंठन, किडनी की समस्या होने या किडनी फंक्शन घटने के शुरुआती लक्षण हो सकते हैं। अगर आप ज्यादा नमक, चीनी, प्रोसेस्ड फूड्स का सेवन करते हैं, तो किडनी को नुकसान पहुंच सकता है। धूम्रपान, अल्कोहल का सेवन और शरीर में पानी की कमी भी किडनी की कार्यक्षमता को प्रभावित कर सकती है। किडनी की बीमारी की जांच के लिए पेशाब में एल्बुमिन (Albumin) या प्रोटीन की मात्रा देखी जाती है। इसके अलावा ब्लड टेस्ट eGFR किया जाता है।
image credit: magnific
FAQ
eGFR टेस्ट किडनी के लिए क्यों जरूरी है?
eGFR टेस्ट यह बताता है कि किडनी एक मिनट में कितना ब्लड फिल्टर कर रही है। eGFR कम होना किडनी की कार्यक्षमता घटने का संकेत हो सकता है।क्रोनिक किडनी डिजीज क्या है?
क्रोनिक किडनी डिजीज ऐसी स्थिति है, जिसमें किडनी को लंबे समय तक नुकसान पहुंचता है या उसकी कार्यक्षमता धीरे-धीरे कम होने लगती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 12, 2026 13:34 IST
Published By : Yashaswi Mathur
Reviewed By : Dr Rajasekara C Madarasu
