टाइप 2 डायबिटीज एक ऐसी बीमारी है जिसमें शरीर में ब्लड शुगर का स्तर सामान्य से ज्यादा बढ़ जाता है। यह बीमारी आमतौर पर धीरे-धीरे बढ़ती है। शुरुआत में इसके लक्षण स्पष्ट नहीं होते इसलिए कई लोगों को लंबे समय तक डायबिटीज होने का पता भी नहीं चलता। टाइप 2 डायबिटीज से हार्ट अटैक, स्ट्रोक, किडनी को नुकसान, आंखों की रोशनी प्रभावित हो सकती है, फैटी लिवर का खतरा भी बढ़ सकता है। हर साल 14 नवंबर को विश्व डायबिटीज दिवस (World Diabetes Day) मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को डायबिटीज के प्रति जागरूक करना, इसके कारणों, लक्षणों, बचाव और इलाज के बारे में जानकारी देना है। आइए इसी कड़ी में जानते हैं कि किन लोगों को टाइप 2 डायबिटीज का खतरा अधिक हो सकता है?बेहतर जानकारी के लिए हमने Dr. Vidya Tickoo, Consultant Endocrinologist & Diabetologist At Yashoda Hospitals, Hitech City, Hyderabad से बात की।
किन लोगों को टाइप 2 डायबिटीज का खतरा सबसे ज्यादा होता है?
who-is-at-risk-of-type-2-diabetes
1. परिवार में डायबिटीज से बढ़ता है खतरा
अगर आपके माता-पिता या भाई-बहन को टाइप 2 डायबिटीज है, तो आपको भी यह बीमारी होने का खतरा अधिक हो सकता है। इसके पीछे आनुवंशिक कारणों के साथ-साथ परिवार की खानपान और लाइफस्टाइल से जुड़ी आदतें भी जिम्मेदार हो सकती हैं। ऐसे लोगों को अपने वजन और ब्लड शुगर के स्तर पर ध्यान देना चाहिए। समय-समय पर शुगर की जांच करवाना भी जरूरी है।
यह भी पढ़ें- टाइप 2 डायबिटीज में क्या नहीं खाना चाहिए? जानें 7 चीजें, जो अनजाने में बढ़ा सकती हैं ब्लड शुगर
2. अधिक उम्र में बढ़ता है डायबिटीज का खतरा
उम्र बढ़ने के साथ टाइप 2 डायबिटीज होने का खतरा भी बढ़ सकता है। इसका एक कारण शारीरिक गतिविधियों में कमी और शरीर के मेटाबॉलिज्म में होने वाले बदलाव हैं। 45 साल या उससे अधिक उम्र के लोगों में इस बीमारी का जोखिम बढ़ सकता है। हालांकि, अब बच्चों और किशोरों में भी टाइप 2 डायबिटीज के मामले सामने आ रहे हैं।
3. प्रेग्नेंसी में टाइप 2 डायबिटीज का खतरा
प्रेग्नेंसी के दौरान डायबिटीज होना, प्रीडायबिटीज, हाई बीपी, कोलेस्ट्रॉल का असंतुलन, PMOS और नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज भी इसका खतरा बढ़ा सकते हैं।
4. मोटे लोगों को होता है टाइप 2 डायबिटीज का खतरा
जिन लोगों का वजन ज्यादा होता है या जो मोटापे का शिकार होते हैं, उन्हें टाइप 2 डायबिटीज हो सकती है। National Institute Of Diabetes And Digestive And Kidney Diseases के मुताबिक, ज्यादातर वयस्कों का BMI 25 या उससे अधिक होने पर उन्हें ओवरवेट माना जाता है। ऐसे लोगों में टाइप 2 डायबिटीज का खतरा अधिक हो सकता है।
5. हाई बीपी से भी बढ़ सकता है डायबिटीज का खतरा
अगर हाई बीपी का इलाज नहीं कराएंगे, तो इससे हार्ट और ब्लड वेसल्स को नुकसान पहुंच सकता है और डायबिटीज का खतरा बढ़ सकता है। American Heart Association के मुताबिक, डायबिटीज और हाई बीपी से पीड़ित वयस्कों के लिए अक्सर बीपी को 130/80 mm Hg से कम रखने की सलाह दी जाती है। वहीं, ज्यादातर वयस्कों के लिए 120/80 mm Hg से कम बीपी सामान्य माना जाता है।
यह भी पढ़ें- World Diabetes Day: 30 की उम्र से पहले ही क्यों डायबिटीज के शिकार हो रहे हैं युवा? डॉक्टर से जानें 5 वजहें
6. धूम्रपान से डायबिटीज और हार्ट डिजीज का खतरा
स्मोकिंग करने से डायबिटीज से जुड़ी समस्याओं और दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। धूम्रपान, अल्कोहल और तंबाकू से दूरी बनाएं और अच्छी सेहत के लिए हेल्दी रूटीन को फॉलो करें।
टाइप 2 डायबिटीज के चेतावनी संकेत
- बहुत ज्यादा प्यास लगना,
- बार-बार पेशाब आना,
- अधिक भूख लगना,
- बिना किसी कारण वजन कम होना,
- थकान,
- धुंधला दिखाई देना,
- घाव भरने में देरी और
- हाथ-पैरों में झनझनाहट या सुन्नपन शामिल हैं।
हालांकि, कई लोगों में सालों तक कोई लक्षण दिखाई नहीं देते। इसलिए जोखिम वाले लोगों के लिए समय-समय पर जांच करवाना जरूरी है।
अगर इनमें से कोई लक्षण नजर आता है, तो डॉक्टर की सलाह से फास्टिंग ब्लड ग्लूकोज या HbA1c टेस्ट करवाएं। समय पर जांच से आप हार्ट, किडनी, आंखों और नसों को डायबिटीज से होने वाले नुकसान से बचा सकते हैं।
डायबिटीज से बचाव के लिए जीवनशैली में ये बदलाव करें
टाइप 2 डायबिटीज एक आम बीमारी है। शुरुआती अवस्था में इसके लक्षण अक्सर दिखाई नहीं देते। हालांकि, जीवनशैली में ये बदलाव करके इसके खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है-
- हर हफ्ते कम से कम 150 मिनट तक हल्की से मध्यम गति वाली एक्सरसाइज करें।
- फाइबर से भरपूर भोजन खाएं।
- रिफाइंड कार्ब्स व मीठे पेय पदार्थों का सेवन कम करें।
- वजन को स्वस्थ बनाए रखें।
- तंबाकू से दूर रहें और नियमित रूप से स्वास्थ्य की जांच करवाएं।
- अगर प्रीडायबिटीज है, तो शरीर का 5 से 7 प्रतिशत वजन कम करने से डायबिटीज होने का खतरा काफी हद तक कम हो सकता है।
निष्कर्ष:
जिन लोगों का वजन ज्यादा है, जो मोटापे का शिकार हैं, जिन्हें टाइप 2 डायबिटीज है, जिनके घर में सदस्यों को पहले से डायबिटीज है, उम्र 45 या उससे ज्यादा है, शारीरिक रूप से आप एक्टिव नहीं है, तो टाइप 2 डायबिटीज हो सकती है। गर्भावस्था के दौरान डायबिटीज होना, प्रीडायबिटीज, हाई बीपी, कोलेस्ट्रॉल का असंतुलन, PMOS और नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज से भी इसका खतरा बढ़ सकता है। ज्यादा प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, अधिक भूख लगना, बिना किसी कारण वजन कम होना, थकान, धुंधला दिखाई देना, घाव भरने में देरी होना, हाथ-पैरों में झनझनाहट या सुन्नपन टाइप 2 डायबिटीज के संकेत हो सकते हैं। हर हफ्ते 150 मिनट की एक्सरसाइज, फाइबर कम लेना, रिफाइंड कार्ब्स और मीठे पेय पदार्थों का सेवन कम करने, स्वस्थ वजन बनाए रखने, तंबाकू से दूर रहकर और वजन घटाकर डायबिटीज से बचने में मदद मिल सकती है।
image credit: magnific
FAQ
क्या टाइप 2 डायबिटीज में ज्यादा भूख लगती है?
हां, इंसुलिन ठीक से काम न करने के कारण शरीर की कोशिकाओं तक पर्याप्त ग्लूकोज नहीं पहुंच पाता है। इससे व्यक्ति को बार-बार भूख लग सकती है।क्या टाइप 2 डायबिटीज से आंखों पर असर पड़ता है?
हां, लंबे समय तक ब्लड शुगर बढ़े रहने से आंखों की रेटिना की ब्लड वेसल्स प्रभावित हो सकती हैं। इसे डायबिटिक रेटिनोपैथी कहते हैं। इससे नजर कमजोर होने का खतरा रहता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 11, 2026 13:25 IST
Published By : Yashaswi Mathur
Reviewed By : Dr Vidya Tickoo
