Thu Nov 12, 2026 | 02:21 PM IST

Medically Reviewed by Dr Sachin Sekhar Biswal , Consultant – Medical Oncology

क्या रोजाना अचार और नमकीन खाने से बढ़ता है पेट के कैंसर का खतरा?

रोजाना अचार, नमकीन और ज्यादा नमक खाने की आदत पेट के कैंसर का खतरा बढ़ा सकती है। यहां डॉक्टर से जानिए, इनका पेट की सेहत से क्या कनेक्शन है?
क्या रोजाना अचार और नमकीन खाने से बढ़ता है पेट के कैंसर का खतरा?क्या रोजाना अचार और नमकीन खाने से बढ़ता है पेट के कैंसर का खतरा?

पेट का कैंसर एक गंभीर बीमारी है, जिसकी शुरुआत में कई बार साफ लक्षण दिखाई नहीं देते। यही वजह है कि लोग इसके शुरुआती संकेतों को सामान्य गैस, एसिडिटी या पेट की परेशानी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। Stomach Cancer Awareness Month के खास मौके पर मणिपाल अस्पताल भुवनेश्वर के सलाहकार मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल बताते हैं कि सिर्फ ज्यादा नमक खाना, अचार और नमकीन ही पेट के कैंसर का कारण नहीं है। एच. पाइलोरी इंफेक्शन, धूम्रपान और परिवार में कैंसर का इतिहास भी इसके जोखिम को बढ़ाने वाले कारक हैं। आइए डॉक्टर सचिन शेखर बिस्वाल से जानते हैं कि क्या रोजाना अचार, नमकीन और ज्यादा नमक खाने से पेट के कैंसर का खतरा बढ़ सकता है और इससे बचाव के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

रोजाना अचार और ज्यादा नमक खाने से पेट का कैंसर हो सकता है?

ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल के अनुसार, खाने में नमक का इस्तेमाल स्वाद बढ़ाने के लिए किया जाता है, लेकिन जरूरत से ज्यादा नमक खाना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। खासकर, लंबे समय तक ज्यादा नमक का सेवन करने से पेट के कैंसर का खतरा बढ़ने की आशंका रहती है। नमक की ज्यादा मात्रा पेट की अंदरूनी परत यानी स्टमक लाइनिंग को नुकसान पहुंचा सकती है। इससे पेट में सूजन और सेल्स को नुकसान पहुंचने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए रोजाना खाने में जरूरत से ज्यादा नमक डालने और नमकीन चीजें खाने से बचना चाहिए।

अचार, पापड़, नमकीन और नमक में लंबे समय तक सुरक्षित रखे गए फूड्स में नमक की मात्रा ज्यादा हो सकती है। इनका रोजाना और ज्यादा मात्रा में सेवन करने से पेट के कैंसर का जोखिम बढ़ सकता है। खासकर, नमक में सुरक्षित रखे गए फूड्स का नियमित सेवन पेट की अंदरूनी परत को प्रभावित कर सकता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि कभी-कभार अचार या नमकीन खाने से आपको पेट का कैंसर हो जाएगा। खतरा मुख्य रूप से लंबे समय तक ज्यादा मात्रा में इन चीजों का सेवन करने से जुड़ा है। इसलिए इनका सेवन सीमित मात्रा में करना बेहतर है।

इसे भी पढ़ें: कीमोथेरेपी और रेडिएशन में क्या अंतर है? जानें कैंसर के किस मरीज को कौन सा इलाज दिया जाता है?

पेट के कैंसर के अन्य जोखिम कारक क्या हैं?

ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल बताते हैं कि पेट का कैंसर होने के पीछे सिर्फ ज्यादा नमक खाना ही जिम्मेदार नहीं होता। इसके कुछ अन्य जोखिम कारक भी हैं, जिनके बारे में जानना जरूरी है-

  • हेलिकोबैक्टर पाइलोरी (H. pylori) पेट में होने वाला एक बैक्टीरियल इंफेक्शन है। लंबे समय तक इसका इंफेक्शन रहने से पेट में सूजन और अल्सर की समस्या हो सकती है। यह पेट के कैंसर का एक अहम जोखिम कारक है।
  • सिगरेट और तंबाकू का सेवन करने वाले लोगों में पेट के कैंसर का खतरा बढ़ सकता है।
  • अगर परिवार में किसी करीबी सदस्य को पेट का कैंसर रहा है, तो आपका जोखिम भी बढ़ सकता है।
  • लंबे समय तक ज्यादा नमक और नमक में सुरक्षित रखे गए फूड्स का सेवन भी जोखिम बढ़ा सकता है।

साल 2022 में Nutrients जर्नल में प्रकाशित मेटा एनालिसिस के अनुसार, ज्यादा मात्रा में नमक (Dietary salt) का सेवन करने से पेट के कैंसर (gastric cancer) का खतरा काफी बढ़ जाता है। स्टडी में पाया गया कि ज्यादा नमक खाने वाले लोगों में कम नमक खाने वालों की तुलना में पेट के कैंसर की संभावना 1.55 गुना ज्यादा होती है। भौगोलिक क्षेत्र या अन्य कारकों के आधार पर भी इस रिजल्ट में कोई बदलाव नहीं आया। इसलिए, यह निष्कर्ष निकाला जाता है कि नमक का सेवन सीमित रखना पेट के कैंसर से बचाव और रोकथाम के लिए बेहद जरूरी है।

salt Increase Risk Of Stomach Cancersalt Increase Risk Of Stomach Cancer

पेट के कैंसर से बचाव के लिए खान-पान में क्या बदलाव करें?

ऑन्कोलॉजिस्ट, डॉ. सचिन शेखर बिस्वाल के अनुसार, पेट के कैंसर के जोखिम को कम करने के लिए खान-पान और लाइफस्टाइल में कुछ जरूरी बदलाव करना फायदेमंद हो सकता है-

  • खाने में ऊपर से नमक डालने की आदत छोड़ें और बहुत ज्यादा नमकीन चीजें खाने से बचें।
  • रोजाना ज्यादा मात्रा में अचार, पापड़ और नमकीन खाने से बचें।
  • अपनी डाइट में मौसमी फल और ताजी सब्जियां शामिल करें। इनमें मौजूद पोषक तत्व शरीर को हेल्दी रखने में मदद करते हैं।
  • अगर जांच में एच. पाइलोरी इंफेक्शन की पुष्टि होती है, तो डॉक्टर की सलाह से इसका पूरा इलाज कराएं।
  • सिगरेट और तंबाकू का सेवन छोड़ना कैंसर के जोखिम को कम करने की दिशा में जरूरी कदम है।

इसे भी पढ़ें: ब्रेस्ट में गांठ नहीं, फिर भी हो सकता है कैंसर? इन 5 संकेतों को पहचानें

निष्कर्ष

रोजाना ज्यादा अचार, नमकीन, पापड़ और नमक वाली चीजें खाने की आदत लंबे समय में पेट के कैंसर का खतरा बढ़ा सकती है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि इन चीजों का कभी-कभार सेवन करने से कैंसर हो जाएगा। पेट के कैंसर के अन्य जोखिम कारकों में एच. पाइलोरी इंफेक्शन, धूम्रपान और पारिवारिक इतिहास भी शामिल हैं। ऐसे में अपनी डाइट में नमक की मात्रा सीमित रखें, ताजे फल और सब्जियां खाएं और एच. पाइलोरी इंफेक्शन होने पर समय रहते इलाज कराएं। खान-पान की अच्छी आदतें अपनाकर आप पेट के कैंसर के जोखिम को कम करने में मदद कर सकते हैं।

All Image Credit- magnific

FAQ

  • पेट का कैंसर होने पर सबसे पहले कौन से लक्षण दिखाई देते हैं?

    शुरुआत में भूख कम लगना, जल्दी पेट भर जाना, लगातार अपच और पेट के ऊपरी हिस्से में असहजता जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
  • क्या पेट के कैंसर का पता लगाने के लिए एंडोस्कोपी की जाती है?

    हां, डॉक्टर जरूरत पड़ने पर एंडोस्कोपी की सलाह देते हैं। इस जांच में पेट की अंदरूनी परत को देखा जाता है और जरूरत पड़ने पर बायोप्सी भी की जाती है।
  • क्या पेट का कैंसर शुरुआती स्टेज में ठीक हो सकता है?

    शुरुआती स्टेज में पहचान होने पर इलाज की संभावनाएं बेहतर हो सकती हैं। इलाज कैंसर की स्टेज और मरीज की सेहत पर निर्भर करता है।

Read Next

→ Chhath Puja 2026: 36 घंटे निर्जला व्रत में डिहाइड्रेशन के 7 लक्षण कैसे पहचानें? एक्सपर्ट से जानें बचाव के उपाय

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Akanksha Tiwari

Health & Lifestyle Journalist

आकांक्षा तिवारी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से करीब 3 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। वह पोषण, आयुर्वेद, प्रेगनेंसी, हार्ट हेल्थ और फिटनेस जैसे विषयों पर लिखती हैं और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी को प्रमाणित स्रोतों और रिसर्च के आधार पर सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह India TV, India Ahead और News Nation के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: आकांक्षा द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 12, 2026 13:13 IST

    Modified By : Akanksha Tiwari
  • Nov 12, 2026 13:13 IST

    Published By : Akanksha Tiwari
    Reviewed By : Dr Sachin Sekhar Biswal