आज के समय में ज्यादातर लोग डायबिटीज की समस्या से परेशान रहते हैं। इससे पीड़ित लोगों को कई बार पैरों में कट लगने या घाव होने की समस्या हो जाती है। जिसका कई बार लोगों को पता नहीं चलता है, लेकिन इन परेशानियों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसा करने से गंभीर परेशानियां हो सकती हैं। आइए इस बारे में Dr. M. Sheetal Kumar, Consultant Physician & Diabetologist, Yashoda Hospitals, Hyderabad से जानें।
डायबिटीज में छोटे कट होने से क्या होता है?
डॉ. एम. शीतल कुमार के अनुसार, अगर आपको डायबिटीज है, तो पैर पर लगे किसी भी छोटे कट, छाले या खरोंच को कभी भी नजरअंदाज न करें। डायबिटीज की वजह से नसों को नुकसान पहुंच सकता है, जिससे आपको चोट का पता तब तक नहीं चलता जब तक कि वह गंभीर न हो जाए।
जल्दी नहीं भरते हैं घाव
डॉ. एम. शीतल कहते हैं, इस दौरान ब्लड सर्कुलेशन कम होने के कारण घाव जल्दी नहीं भरते हैं, जिससे उनमें इंफेक्शन हो सकता है। ऐसे में इन समस्याओं से बचने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी हो जाता है।
ऐसे में रोज अपने पैरों को चेक करें, खासकर तलवों, उंगलियों के बीच की जगह और नाखूनों के आस-पास के हिस्से को देखें। अगर आपको मदद चाहिए, तो परिवार के किसी सदस्य से कहें या शीशे का इस्तेमाल करें। देखें कि कहीं कोई सख्त त्वचा (calluses), छाले, रेडनेस, सूजन, गर्माहट, मवाद या पानी निकलना, बदबू, रंग में बदलाव या ऐसा घाव तो नहीं है, जो भर नहीं रहा है।
इसे भी पढ़ें: World Diabetes Day: किन लोगों को टाइप 2 डायबिटीज का खतरा सबसे ज्यादा होता है?
Why Diabetes Foot Injuries Should Never Be Ignored 01
क्या कहती है स्टडी?
साल 2021 में Seminars In Plastic Surgery में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, डायबिटीज के मरीजों को पैरों के छोटे कट या छालों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए क्योंकि इससे नसों को नुकसान होने के कारण चोट का पता नहीं चलता और ब्लड सर्कुलेशन व ऑक्सीजन की कमी से घाव जल्दी नहीं भरते हैं। इसके अलावा, लंबे समय तक रहने वाली सूजन और कमजोर स्किन के कारण यह छोटा सा कट गंभीर इंफेक्शन, अल्सर या टिशू सड़ने जैसी खतरनाक स्थिति में बदल सकता है।
डायबिटीज के मरीज को पैरों में कट दिखे तो क्या करें?
डॉ. एम. शीतल का कहना है, डायबिटीज के मरीज को अगर पैरों में कट दिखे तो व्यक्ति को कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए, जैसे।
- अगर कोई कट दिखे, तो उसे साफ पानी से धीरे से धोएं, थपथपाकर सुखाएं और उस पर नई पट्टी (dressing) लगा लें।
- नंगे पैर चलने से बचें।
- घाव के अंदर फंसी किसी चीज को खुद निकालने की कोशिश न करें।
डायबिटीज के मरीजों को पैरों के घाव से बचने के लिए क्या करें?
डॉ. एम. शीतल कहते हैं, डायबिटीज के मरीजों को अपने पैरों की जांच नियमित रूप से करानी चाहिए।
- इनकी जांच के लिए पोडियाट्रिस्ट (पैरों के डॉक्टर) या डॉक्टर से अपॉइंटमेंट लें।
- सही फिटिंग वाले सुरक्षित जूते पहनें।
- अपने ब्लड शुगर को कंट्रोल में रखें।
इसे भी पढ़ें: डायबिटीज होने पर नाखूनों में होने वाले किन बदलावों पर ध्यान देना चाहिए?
डॉक्टर से सलाह कब लें?
डॉ. एम. शीतल कहते हैं, अगर घाव से मवाद निकले, दर्द बढ़े, रेडनेस हो, सूजन हो, बुखार आए, त्वचा का रंग काला या नीला पड़ जाए या एक-दो दिन में घाव ठीक होना शुरू न हो, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
डॉ. एम. शीतल का कहना है, समय रहते ध्यान देने से एक छोटी सी चोट को गंभीर इंफेक्शन, फुट अल्सर या बहुत गंभीर मामलों में गैंग्रीन (टिशूज का सड़ना) और पैर काटने (amputation) जैसी स्थिति तक पहुंचने से रोका जा सकता है।
निष्कर्ष
डायबिटीज के मरीजों के लिए पैरों के छोटे कट, छाले या खरोंच को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। नसों को नुकसान यानी नर्व डैमेज और कम ब्लड सर्कुलेशन के कारण चोट का समय पर पता नहीं चलता और घाव जल्दी नहीं भरते, जिससे गंभीर इंफेक्शन, अल्सर या गैंग्रीन जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।
बचाव के लिए रोज अपने पैरों की जांच करें, कट लगने पर साफ पानी से धोकर पट्टी करें, नंगे पैर न चलें और ब्लड शुगर कंट्रोल रखें। अगर घाव में मवाद, सूजन, तेज दर्द या रंग में बदलाव दिखे, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
All Images Credit- Freepik
FAQ
शुगर के शुरुआती लक्षण कैसे होते हैं?
शुगर की समस्या होने पर व्यक्ति को बार-बार पेशाब आने, अधिक प्यास लगने, अचानक वजन कम होने, ज्यादा भूख लगने, थकान, कमजोरी, धुंधला दिखने और चोट के देर से भरने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इन संकेतों को नजरअंदाज न करें।डायबिटीज में क्या नहीं खाना चाहिए?
डायबिटीज यानी ब्लड शुगर की समस्या से पीड़ित लोगों को चीनी, मिठाइयों, शुगरी ड्रिंक्स, अधिक मीठी चीजें, रिफाइंड कार्ब्स और प्रोसेस्ड फूड्स को खाने से बचना चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
